Doctor Verified

सर्दियों में क‍िन लोगों को जरूर लगवानी चाह‍िए फ्लू वैक्सीन? डॉक्‍टर से जानें

सर्दियों में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, क्रोनिक बीमारियों से पीड़ित लोग और हेल्थकेयर वर्कर्स को फ्लू वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए।
  • SHARE
  • FOLLOW
सर्दियों में क‍िन लोगों को जरूर लगवानी चाह‍िए फ्लू वैक्सीन? डॉक्‍टर से जानें

सर्दियों के मौसम में ठंडी हवाओं और बदलते तापमान के कारण बीमार‍ियों का खतरा बढ़ जाता है। खासतौर पर फ्लू यानी इनफ्लूएंजा इस मौसम में तेजी से फैलता है। फ्लू एक वायरल इंफेक्‍शन है जो सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश और मांसपेशियों में दर्द का कारण बनता है। कमजोर इम्यून सिस्‍टम वाले लोग इस वायरस के प्रति ज्‍यादा सेंस‍िट‍िव होते हैं। फ्लू वैक्सीन इस बीमारी से बचाव का एक असरदार उपाय है। यह वैक्सीन उन लोगों को विशेष रूप से लगवानी चाहिए जो फ्लू के गंभीर प्रभाव के प्रति ज्‍यादा खतरे में रहते हैं। आइए जानें क‍िन लोगों को यह वैक्सीन लगवाना जरूरी है। इस व‍िषय पर बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने लखनऊ के केयर इंस्‍टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फ‍िजिश‍ियन डॉ सीमा यादव से बात की।

1. बच्चे- Children

छोटे बच्चों का इम्यून सिस्‍टम पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता, जिससे वे फ्लू के प्रति ज्‍यादा सेंस‍िट‍िव होते हैं। फ्लू वैक्सीन बच्चों को गंभीर लक्षणों जैसे ब्रोंकाइटिस और निमोनिया से बचाने में मदद करती है।

इसे भी पढ़ें- क्या प्रेग्नेंसी में फ्लू वैक्सीन लगवानी चाहिए? एक्सपर्ट से जानिए जवाब

2. वरिष्ठ लोग- Elderly People

बुजुर्गों में इम्यून सिस्‍टम कमजोर होता है, जिससे उन्हें फ्लू इंफेक्‍शन और उससे होने वाले नुकसान का खतरा ज्‍यादा रहता है। फ्लू वैक्सीन उन्हें हृदय की बीमारी, निमोनिया और अन्य गंभीर समस्याओं से बचा सकती है।

3. गर्भवती महिलाएं- Pregnant Women

प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं का इम्यून सिस्‍टम थोड़ा कमजोर हो जाता है। फ्लू इंफेक्‍शन से गर्भवती महिलाओं और उनके अजन्मे शिशु को खतरा हो सकता है। फ्लू वैक्सीन न केवल मां को सुरक्षित रखती है बल्कि शिशु को भी जन्म के बाद कुछ समय तक सुरक्षा देती है।

4. क्रोनिक बीमारी के मरीज- Chronic Disease Patients

जो लोग डायबिटीज, अस्थमा, हृदय रोग या क‍िडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं, उनके लिए फ्लू इंफेक्‍शन गंभीर हो सकता है। यह वैक्सीन उनके लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।

5. हेल्थकेयर वर्कर्स- Health Care Workers

डॉक्टर, नर्स और अन्य हेल्थकेयर वर्कर्स लगातार मरीजों के संपर्क में रहते हैं, जिससे उन्हें इंफेक्‍शन का खतरा ज्‍यादा होता है। फ्लू वैक्सीन लगवाने से वे खुद को और अपने मरीजों को इंफेक्‍शन से बचा सकते हैं।

6. कमजोर इम्यून‍िटी वाले लोग- People With Weak Immunity

जिन लोगों का इम्यून सिस्‍टम कमजोर होता है, जैसे कैंसर का इलाज करवा रहे मरीज या एचआईवी संक्रमित लोग, उन्हें फ्लू वैक्सीन जरूरी लगवाना चाह‍िए।

कब लगवाएं फ्लू वैक्सीन?- When to Take Flu Vaccine Shot

who-should-take-flu-vaccine

फ्लू वैक्सीन लगवाने का सही समय वह है जब फ्लू का सीजन शुरू होने वाला हो, ताकि आपके शरीर को वैक्सीन के जरिए इम्‍यून‍िटी बनाने का समय मिल सके। आमतौर पर, फ्लू का मौसम सर्दियों में आता है और इसका असर अक्टूबर से शुरू होकर फरवरी या मार्च तक रहता है। इसलिए, फ्लू वैक्सीन लगवाने का सही समय अक्टूबर या नवंबर माना जाता है। वैक्सीन लगवाने के बाद इम्यून सिस्‍टम को फ्लू वायरस से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बनाने में लगभग 2 से 3 हफ्ते का समय लगता है। इस कारण इसे फ्लू सीजन की शुरुआत से पहले लगवाना जरूरी होता है। जो लोग ज्‍यादा स्‍वास्‍थ्‍य खतरे के बीच में होते हैं, जैसे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और क्रोनिक बीमारियों से पीड़ित लोग, उन्हें यह वैक्सीन समय पर जरूर लगवानी चाहिए। अगर आप किसी वजह से अक्टूबर-नवंबर में वैक्सीन नहीं लगवा पाते हैं, तो दिसंबर या बाद में भी लगवा सकते हैं, क्योंकि फ्लू सीजन के अंत तक इसका असर रहता है। फ्लू वैक्सीन लगवाकर आप न केवल खुद को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इंफेक्‍शन से बचाते हैं।

अगर आप या आपके परिवार के सदस्य ऊपर बताई किसी भी श्रेणी में आते हैं, तो जल्द से जल्द फ्लू वैक्सीन लगवाएं और सर्दियों को स्वस्थ और सुरक्षित बनाएं।

उम्‍मीद करते हैं क‍ि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

Read Next

गले मिलने (हग करने) से शरीर से कौन-से हार्मोन रिलीज होते हैं? डॉक्टर से जानें

Disclaimer