मार्च और अप्रैल की गर्मी जैसे-तैसे हम झेल लेते हैं। लेकिन मई जून में गर्म हवा के थपेड़ों को झेलना काफी मुश्किल हो जाता है। इस दौरान चलने वाली गर्म हवा लू का रूप धारण कर लेती है, जो हमारे लिए जानलेवा साबित हो जाती है। लू से कई लोगों की मौत होने की खबरे भी आती रहती हैं। लू हर उम्र के व्यक्ति के लिए खतरनाक होता है। लू लगने से पैरों के तलवे में जलन, बेहोशी और आंखों में जलन जैसी परेशानियां होने लगती हैं। ऐसी स्थिति में लू से बचने के लिए हमें जरूर उपाय करने की जरूरत होती है। लू से बचने के लिए कई हेल्थ एक्सपर्ट ताजी हरी सब्जी और फल खाने की सलाह देते हैं। साथ ही गर्म हवा से बचने के लिए घर से बाहर न जाने की सलाह देते हैं। इन तरीकों से आप लू लगने के खतरे से बच सकते हैं। लेकिन इन सभी बचाव के बीच एक और सुझाव भी आपने लोगों के मुंह से सुना होगा, वह सुझाव यह है कि लू चलने पर अगर आप जेब में प्याज रखकर बाहर जाते हैं, तो इससे आपको लू नहीं लगती है। कई लोग इसे घरेलू उपाय समझकर अपनाते भी हैं, लेकिन क्या इस बात में सच्चाई है? आइए जानते हैं इस बारे में-
क्या कहती हैं एक्सपर्ट?
इस बारे में हमने डायटीशियन कामिनी से बात की उन्होंने बताया कि गर्मियों में लू से बचने के लिए जेब में प्याज रखने से आपको किसी तरह का कोई फायदा नहीं होता है। हालांकि, आप अगर कच्चे प्याज का सेवन करते हैं, तो लू से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। खासतौर पर लाल रंग के प्याज का सेवन गर्मियों में करने से आपका शरीर ठंडा रहता है। लाल रंग के प्याज में क्वेरसेटिन नामक तत्व होता है, जिसमें एंटी-हिस्टामाइन का प्रभाव पाया जाता है। प्याज में मौजूद यह तत्व गर्मी में होने वाली समस्या जैसे- स्किन रैशेज, कीड़े काटने पर होने वाले चकत्ते से आराम दिलाने में मददगार साबित हो सकते हैं। इसके अलावा प्याज में मौजूद वॉलटाइल ऑयल हमारे शरीर को ठंडा रखता है। गर्मी में कच्चे प्याज के सेवन से आप इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - इंटरनेट पर सेहत और स्वास्थ्य से जुड़ी 10 अफवाहें कहीं आपको न बना दें 'अप्रैल फूल', जानें इनकी सच्चाई
किस तरह कार्य करता है कच्चा प्याज?
गर्मी में लू से बचाव के लिए आप कच्चे प्याज को सलाद के रूप में खा सकते हैं। कच्चा प्याज खाने से लू से बचाव किया जा सकता है। यह हमारे शरीर से गर्मी को सोख लेता है। लू लगने पर लाल प्याज के रस को निकालकर सिर, छाली और कान के पीछे लगाएं। ऐसा करने से हीट स्ट्रोक और सन स्ट्रोक के खतरे से बचा जा सकता है। सलाह के अलावा प्याज की भूज्जी बनाकर भी आप इसका सेवन कर सकते हैं, जिससे लू से बचाव किया जा सकता है। प्याज की भूज्जी बनाने के लिए लाल प्याज को पतला-पतला काटें। इसे एक पैन में डालकर भूनें और थोड़ा सा जीरा पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण का सेवन करने से हीट स्ट्रोक के खतरे से बचा जा सकता है।
हीट स्ट्रोक (लू) लगने पर क्या खाएं?
- लू लगने पर शरीर को ठंडा रखने वाला आहार खाएं। जैसे- खीरा, तरबूज, खरबूज, तोरई, लौकी
- अधिक से अधिक पानी पिएं।
- ग्लूकोज का सेवन करें।
- नारियल पानी पिएं। इत्यादि तरीकों से आप लू से बचाव कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - क्या सच में कालीमिर्च, प्याज, लहसुन जैसी चीजें खाने से कम काटते हैं मच्छर? जानें क्या कहती हैं डायटीशियन
लू से बचाव के लिए एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। किसी ऐसे मिथ में न आएं, जिससे आपके शरीर पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े। गंभीर समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
Read More Articles on Miscellaneous in Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version