Mulethi Ke Fayde in Hindi: हमारे रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें, मसाले, पेड़-पौधे, फूल और पत्तियां अधिकतर चीजों के बारे में आयुर्वेद में बताया गया है। प्राचीन समय से आयुर्वेद में इन चीजों का उपयोग बीमारियों को ठीक करने और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए किया जाता है। इन्हीं चीजों में मुलेठी भी शामिल है। आयुर्वेद में मुलेठी का उपयोग कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। मुलेठी का सेवन अक्सर खांसी, जुकाम और गले में खराश की समस्या को ठीक करने के लिए किया जाता है। लेकिन, आयुर्वेद में इस जड़ी बूटी के बारे में और ज्यादा विस्तार से बताया गया है। आपको बता दें कि आयुर्वेद के बारे में जागरुकता फैलाने और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए ओन्लीमायहेल्थ 'आरोग्य विद आयुर्वेद' (Arogya with Ayurveda) स्पेशल सीरीज चला रहा है। तो आज की इस सीरिज में हम रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानने की कोशिश करते हैं कि आयुर्वेद में मुलेठी खाने के फायदे, नुकसान और खाने का सही तरीका क्या है?
मुलेठी क्या है? - What is Licorice in Hindi
मुलेठी (Glycyrrhiza glabra) एक आयुर्वेदिक औषधि है, जो आमतौर पर इसकी जड़ से पाया जाता है। मुलेठी को अंग्रेजी में Licorice Root और संस्कृत में यष्टिमधु कहा जाता है। यह स्वाद में मधुर, स्वभाव से शीतल और गुणों में गुरु मानी जाती है। इसका इस्तेमाल हजारों सालों से खांसी, गले की खराश, पेट की समस्याएं, त्वचा से जुड़ी बीमारी, नींद की समस्या और पाचन से जुड़ी कई बीमारियों में किया जाता रहा है।
मुलेठी खाने से क्या फायदा होता है? - What Are The Benefits Of Licorice in Hindi?
आयुर्वेद में मुलेठी को कई औषधीय गुणों से भरपूर बताया गया है, जिसके सेवन से स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं से राहत मिलती है।
1. गले में खराश और खांसी में राहत
मुलेठी सबसे ज्यादा गले में खराश और खांसी की समस्या में फायदेमंद माना जाता है। यह गले की खराश और सूखी खांसी में तुरंत राहत देती है। मुलेठी में ग्लाइसीराइजिन (Glycyrrhizin) नाम का तत्व होता है, जो सूजन को कम करने और म्यूकस को पतला करता है। यह आवाज को सुधारती है, जिसके लिए आप नियमित रूप से इसका उपयोग कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: गर्मी में पिएं मुलेठी का शरबत, जानें पेट के लिए इसके खास फायदे
2. पाचन तंत्र में सुधार करें
मुलेठी में पाए जाने वाले एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पेट की सूजन, एसिडिटी, गैस और अल्सर की समस्या में राहत दिलाता हैं। यह पेट के अंदरूनी घावों को भरने में भी मदद करता है और कब्ज की समस्या को दूर करती है।
3. यूरिन से जुड़ी समस्याओं में फायदेमंद
मुलेठी मूत्रजनक (diuretic) मानी जाती है। यह यूरिन इंफेक्शन में फायदेमंद होती है, पेशाब में जलन को कम करती है और मूत्र मार्ग की सफाई करती है।
4. स्किन और बालों की समस्या दूर करें
मुलेठी के गुण रक्तशुद्धि होते हैं, जिससे स्किन से जुड़ी बीमारी, जैसे एलर्जी, एक्जिमा और खुजली की समस्या से राहत दिलाता है। यह बालों के झड़ने की समस्या को रोकती है और उन्हें मजबूत बनाती है।
5. इम्यून सिस्टम मजबूत करें
मुलेठी बलवर्धक, वीर्यवर्धक और इम्यूनिटी बढ़ाने वाली औषधि है। दूध के साथ इसका सेवन करने से यह शरीर की ताकत बढ़ाती है और थकावट कम करती है।
6. हार्मोनल संतुलन में मददगार
महिलाओं के लिए मुलेठी काफी फायदेमंद होती है, जो अनियमित पीरियड्स, PCOS और दूध उत्पादन में मदद करती है। इसका सेवन इन समस्याओं के लक्षणों को कम करके इन्हें ठीक करने का काम करती है।
मुलेठी कौन-कौन सी बीमारी में काम आती है? - What is Licorice Used For Medically in Hindi?
मुलेठी का सेवन कई बीमारियों को दूर करने में फायदेमंद माना जाता है, जिसमें-
- खांसी, सर्दी, गले की खराश को ठीक करना
- एसिडिटी, अल्सर, कब्ज को सही करना
- नींद की कमी को दूर करना
- स्किन से जुड़ी समस्याओं से राहत
- यूरिन से जुड़ी समस्याओं को दूर करें
- मानसिक तनाव को दूर करें
- आवाज बैठने की समस्या से राहत
- सांस की तकलीफ दूर करती है
- वायरल बुखार को ठीक करें
- महिलाओं में ब्रेस्ट मिल्क प्रोडक्शन को बढ़ाएं
- शरीर की सूजन को कम करें
खाली पेट मुलेठी लेने के क्या फायदे हैं? - What Are The Benefits Of Eating Licorice On Empty Stomach in Hindi?
मुलेठी खाने के स्वास्थ्य फायदे तो बहुत हैं, लेकिन इसे खाली पेट खाना भी काफी फायदेमंद माना जाता है। खाली पेट मुलेठी खाने से -
- पाचन क्रिया बेहतर रहती है
- अल्सर और पेट के घावों को ठीक करने में मदद मिलती है
- कब्ज और एसिडिटी से राहत मिलती है
- शरीर को ठंडक मिलती है और तनाव कम होता है
- सुबह खाली पेट लेने मुलेठी लेने से पोषक तत्वों के अवशोषण की क्षमता बढ़ती है

मुलेठी किसे नहीं खानी चाहिए? - Who Should Avoid Licorice in Hindi?
मुलेठी का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है, लेकिन कुछ स्वास्थ्य स्थितियों में इसे खाने से बचना चाहिए जैसे-
- हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को इसे खाने से बचना चाहिए, क्योंकि ये ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती है।
- जिनको शरीर में सूजन (Water Retention) की शिकायत हो, उन्हें इसे खाने से बचना चाहिए।
- किडनी और दिल से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
- गर्भवती महिलाओं को भी इसके सेवन से बचाव करना चाहिए, और डॉक्टर की सलाह पर ही लेना चाहिए।
क्या मुलेठी के कोई दुष्प्रभाव हैं? - What Are The Side Effects Of Licorice in Hindi?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार मुलेठी खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। लेकिन, इसके बहुत ज्यादा सेवन से आपके शरीर में वॉटर रिटेंशन की समस्या हो सकती है। इतना ही नहीं ये शरीर में सूजन की समस्या को बढ़ा सकता है। इसलिए, मुलेठी को ज्यादा मात्रा में खाने से बचना चाहिए।
क्या मुलेठी नींद न आने का कारण बन सकती है? - Does Licorice Cause Insomnia in Hindi?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार मुलेठी का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। क्योंकि मुलेठी में गुरु गुण होता है, इसलिए ये नींद न आने कारण नहीं बनती है. बल्कि अच्छी नींद आने में काफी फायदेमंद होती है।
मुलेठी खाने का सही तरीका - Right Way to Eat licorice in Hindi
मुलेठी का सेवन आप कई तरह से कर सकते हैं। मुलेठी को आप चूर्ण यानी पाउडर के रूप में खा सकते हैं। इसके लिए आप रात को 1-2 ग्राम मुलेठी चूर्ण को पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें। इसके अलावा, आप इस पाउडर को दूध, शहद या घी के साथ भी कर सकते हैं। खांसी की समस्या से आप इसका सेवन रब्बेसूस यानी मुलेठी की गोली के रूप में भी कर सकते हैं। यूनानी पद्धति में मुलेठी की गोली को रब्बेसूस के नाम से जाना जाता है, जो खांसी और गले की समस्याओं को दूर करने में मदद करता है।
एक दिन में कितनी मुलेठी खानी चाहिए? - How Much Licorice Is Safe Per Day in Hindi?
एक दिन में किसी भी व्यक्ति को 1 से 5 ग्राम तक ही मुलेठी का सेवन करना चाहिए। अगर आप बच्चे की डाइट में मुलेठी शामिल कर रहे हैं तो एक दिन में केवल 1 ग्राम तक ही खिलाएं। लेकिन अगर मुलेठी का सेवन कोई बड़ा व्यक्ति कर रहा है तो आप उसे दिन में 1 से 4 ग्राम तक खाने के लिए दें सकते हैं। लेकिन, ध्यान रहे एक दिन में 5 ग्राम से ज्यादा मुलेठी का देने से बचें, क्योंकि ये स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसके अलावा, अन्य स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित व्यक्ति अपनी डाइट में मुलेठी शामिल करने से पहले डॉक्टर से कंसल्ट कर लें
निष्कर्ष
मुलेठी कई औषधीय गुणों से भरपूर होती है, जो कई बीमारियों को ठीकक करने में फायदेमंद होती है। नियमित रूप से इसका सेवन आपको कई बीमारियों से बचाव करने में मदद करता है। लेकिन, आपको अपनी डाइट में मुलेठी शामिल करने से पहले आयुर्वेदिक डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या हम रोजाना मुलेठी का सेवन कर सकते हैं?
जी हां, हम रोजाना मुलेठी का सेवन कर सकते हैं। रोज मुलेठी खाने से स्वास्थ्य से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं से राहत मिल सकती है।मुलेठी की तासीर क्या होती है?
आयुर्वेद में मुलेठी की तासीर को ठंडी बताया गया है, जिसका सेवन वात और पित्त दोष को कम करने के लिए किया जा सकता है।क्या सोने से पहले मुलेठी अच्छी है?
जी हां, सोने से पहले मुलेठी का सेवन फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद गुरु गुण आपकी नींद को बेहतर बनाने में मदद करता है।