
Man Develops Liver Tumor Because of Dog: घर पर पालतू जानवरों के लिए लोगों का अलग ही प्यार होता है। उनके साथ खाना, रहना और सोना लोग खूब पसंद करते हैं। जानवरों से प्यार करना और उनकी देखरेख करना अच्छी बात है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पेट्स के साथ बहुत ज्यादा रहने की वजह से आपको कई गंभीर परेशानियां भी हो सकती हैं। ऐसा एक मामला गुजरात से सामने आया है,दरअसल गुजरात के विसनगर में रहने वाले एक सख्स को कुत्ते के साथ रोज सोने की वजह से लिवर में ट्यूमर हो गया है। इस घटना के बाद डॉक्टरों ने पेट्स लवर्स को चेतावनी देते हुए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी है। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं पूरे मामले के बारे में।
कुत्ते के साथ सोने की वजह से लिवर में हुआ ट्यूमर- Liver Tumor Because of Dog Saliva in Hindi
जानकारी के मुताबिक गुजरात के विसनगर के रहने वाले इस सख्स की अपने पालतू कुत्ते के साथ सोने की आदत थी। इसकी वजह से उसे लिवर कैंसर की समस्या हो गयी है। दरअसल कुत्ते के साथ सोते समय उसके लार की वजह से व्यक्ति को लिवर में ट्यूमर की समस्या हो गयी है। इस सख्स को जब लिवर में ट्यूमर के लक्षण दिखने शुरू हुए तब जांच के बाद इसका पता चला। व्यक्ति को पेट में तेज दर्द, मतली और उल्टी की समस्या होने लगी और बाद में डॉक्टरों ने जांच में पाया कि मरीज के लिवर में ट्यूमर हो गया है। कुत्ते के साथ सोने से उसके मुहं से निकलने वाली लार के कारण व्यक्ति को इस गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें: वॉशरूम में हैंड ड्रायर से सुखाते हैं हाथ? खतरनाक हो सकता है इसका इस्तेमाल
इसको लेकर बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं कि कुत्ते को प्यार करना अच्छी चीज है। लेकिन उसके साथ खाना खाने और एक साथ सोने के कारण आपको कई गंभीर परेशानियों का खतरा रहता है। कुत्ते की लार के लार्वा के संपर्क में आने से आपको ट्यूमर समेत कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इसकी वजह से रेबीज इन्फेक्शन का भी खतरा रहता है। अगर कुत्ते की लार आपके मुंह से पेट में पहुंच जाती है, तो इसकी वजह से गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। इस सख्स को भी लार के संपर्क में आने के कारण ही हाइडैटिड सिस्ट या लिवर में ट्यूमर की समस्या हुई है।
कुत्ते या किसी भी जानवर को पालने से पहले आपको उससे होने वाले नुकसान के बारे में भी जान लेना चाहिए। जानवरों से बहुत ज्यादा नजदीकी आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत गंभीर हो सकती है। कुत्ते की लार के संपर्क में आने के अलावा इनके बालों से भी कई तरह के एलर्जी का खतरा रहता है। डॉक्टर का कहना है कि घर में पेट्स पालने पर खुद की और पेट्स की हाइजीन का ख्याल रखना चाहिए।
(Image Courtesy: Freepik.com)