आपको याद है जब बचपन में मां या दादी हमें बुरी नजर से बचाने के लिए काजल लगाती थीं। काजल लगाने से आंखे बड़ी और खूबसूरत लगने लगती हैं। पहले महिलायें किसी विशेष अवसर या त्योहारों पर ही काजल लगाती थीं लेकिन धीरे-धीरे आंखों में काजल लगाने का ट्रेंड बढ़ रहा है। पुराने समय में काजल घर पर ही बनाया जाता था लेकिन आज मार्केट में कई बड़े ब्रांड्स के काजल भी मौजूद हैं। बुरी नजर से बचाने के अलावा काजल आंखों की कई समस्याओं से भी हमें बचाता है। ये हैं काजल लगाने के कुछ फायदे
आंखों की रौशनी बढ़ाता है काजल
अगर आप नियमित काजल लगाते हैं तो इससे आपके आंखों की रौशनी बढ़ती है। लेकिन इसके लिए बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त काजल की जगह घर पर ही सफाई से बनाए जाने वाले काजल का इस्तेमाल करना चाहिए।
सूरज की हानिकारक किरणों से बचाता है काजल
धूप में ज्यादा देर रहने से कई बार आंखें लाल हो जाती हैं और उनमें से पानी आने लगता है। आंखों में काजल लगाने से आंखें सूरज की किरणों के हानिकारक प्रभाव से बची रहती हैं।
आंखों की खूबसूरती के लिए काजल
आंखें खूबसूरती के लिहाज से चेहरे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। काजल लगाने से आंखें और ज्यादा आकर्षक और सुंदर दिखती हैं साथ ही आंखों का शेप भी अच्छा दिखने लगता है। इसी वजह से आजकल पेंसिल वाले काजल का चलन है, जिनसे आंखों में आसानी से शेप बनाया जा सकता है।
आंखों को कई रोगों से बचाता है काजल
घर पर आयुर्वेदिक विधि से बनाया गया काजल आंखों में होने वाले कई रोगों जैसे मोतियाबिंद, रतौंधी आदि से भी बचाता है। इसके अलावा काजल से आंखों को ठंडक भी मिलती है।
घर पर काजल बनाने की विधि
घर पर काजल बनाने के लिए सरसों के तेल या देसी घी का प्रयोग करते हैं। सबसे पहले एक दिये को अच्छे से धुलकर सुखा लें। इसके बाद रूई की बत्ती बनाकर दिये में रख दें। दिये में तेल या घी डालें और दिये को जला लें। हवा से बचाने के लिए दिये को चारों तरफ से किसी चीज से घेर दें। इसके बाद एक प्लेट को दिये की लौ के ऊपर किसी चीज की सहायता से टिका दें। दो-तीन घंटे बाद काजल की पर्त आपको प्लेट पर मिल जाएगी। इस सूखे काजल में थोड़ा सा देसी घी मिलाकर दो घंटे फ्रीज में रख दें। अब आपका काजल तैयार है।
काजल लगाने में इन बातों का रखें ध्यान
काजल कई बार आंखों के आसपास फैल जाता है और आपके लुक को खराब कर देता है। इससे बचने के लिए काजल लगाने से पहले आपको कुछ बातों का खयाल रखना चाहिए।
- *काजल लगाने से पहले आंखों के नीचे अगर हल्का सा बेबी पाउडर लगा लें तो काजल फैलेगा नहीं।
- *काजल से पहले आई लाइनर लगाने से काजल नहीं फैलेगा।
- *बाजार में कई वॉटर प्रूफ काजल भी मिलते हैं जो लगाने के बाद लंबे समय तक वैसे ही बने रहते हैं।
- *आंखों के नीचे मॉश्चराइजर या तेल हो तो भी काजल फैलने लगता है। इसके लिए आपको काजल लगाने से पहले टोनर से आंखों को अच्छी तरह साफ कर लेना चाहिए।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Eye Care