Is it Safe to Store Food in Open Containers Without Covering in Fridge in Hindi: बासी खाना खाना सेहत के लिए कई तरीकों से नुकसानदायक होता है। बासी या बचा हुआ खाना खाने से फूड प्वॉइजनिंग होने के साथ-साथ पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं भी होने लगती हैं। अगर आप रात का बचा हुआ खाना सुबह या दोपहर में गर्म करके खाते हैं तो निश्चित तौर पर आपको पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। अक्सर लोग रात के बचे खाने को सुबह गर्म करके खाते हैं। हालांकि, फ्रिज में खाना रखने से उसकी शेल्फ लाइफ कुछ समय के लिए बढ़ जाती है। फ्रिज में खाना रखकर खाने से वह खराब नहीं होता है, बल्कि कुछ घंटों के लिए खाने योग्य हो जाता है।
कई बार लोग फ्रिज में खाने को बिना ढके हुए और खुले बर्तनों में रख देते हैं। वहीं, कुछ लोग एनर्जी ड्रिंक्स या कोल्ड ड्रिंक के कैन और बोतल को खुला रख देते हैं। जबकि, ऐसा करना आपकी स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है। फ्रिज में बिना ढका खाना रखकर खाने से कई बार उसमें बैक्टीरिया लग सकते हैं। आइये दिल्ली की डाइटिशियन प्राची छाबरा से जानते हैं फ्रिज में बिना ढका खाना स्टोर करना सुरक्षित होता है या नहीं? -
फ्रिज में बिना ढका खाना स्टोर करना सुरक्षित होता है या नहीं?
एक्सपर्ट के मुताबिक खाने को फ्रिज में बिना ढके रखना और खाना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। दरअसल, हम फ्रिज में तमाम तरह के फूड्स, ड्रिंक्स आदि रखते हैं। जिनमें से कुछ फूड्स में बैक्टीरिया लगे होते हैं। अगर आप खाने को बिना ढके रखते हैं तो इससे बैक्टीरिया खाने के जरिए आपके पेट तक भी पहुंच सकते हैं। कई बार यह सेहत के लिए अन्य तरीकों से भी खतरे का सबब बन सकते हैं। केवल बैक्टीरिया ही नहीं कई बार फ्रिज के अंदर की सतह पर चिपके अन्य किटाणु भी खाने में घुस सकते हैं। इससे आप बीमार भी पड़ सकते हैं।
फ्रिज में बिना ढका खाना रखने के नुकसान
- फ्रिज में बिना ढका हुआ खाना रखना कई तरीकों से नुकसानदायक हो सकता है।
- फ्रिज में बिना ढका हुआ खाना रखकर खाने से फूड प्वाइजनिंग हो सकती है।
- ऐसा करने से कई बार आपको पाचन संबंधी समस्याएं होने के साथ-साथ पेट से जुड़ी समस्या भी हो सकती है।
- इसे खाने से कई बार उल्टी-मतली आने की भी समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है।
- इसे खाने से कुछ मामलों में आंतों में मौजूद बैक्टीरिया पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
फ्रिज में खाना कैसे स्टोर करें?
फ्रिज में खाना स्टोर करने के लिए आपको सबसे पहले खाने को किसी एयर टाइट कंटेनर या फिर बंद कंटेनर में रखें। वहीं, फ्रिज में खाना स्टोर करने के लिए तापमान का भी सही रहना जरूरी होता है। कोशिश करें कि खाने को किसी कांच या स्टील के कंटेनर में पैक करके रखें। इसके लिए खाने को हमेशा ढककर रखें साथ ही किसी प्लास्टिक के कंटेनर में रखने की गलती न करें।