Ajwain Ladoo Benefits And Recipe In Hindi: भोजन और पकवानों का स्वाद बढ़ाने के लिए हम सभी अजवाइन का खूब प्रयोग करते हैं। इसकी बेहतरीन खुशबू हमारे भोजन को एक बेहतरीन स्वाद प्रदान करती है। वहीं, नियमित अजवाइन का सेवन सेहत के लिए बहुत लाभकारी भी होता है। बहुत से लोग सुबह अजवाइन की चाय बनाकर भी पीते हैं। यह अजवाइन के स्वास्थ्य लाभ पाने का एक सरल और बहुत प्रभावी तरीका है। लेकिन क्या आप जानते हैं चाय के अलावा भी अजवाइन के फायदे लेने का एक प्रभावी और बहुत ही स्वादिष्ट तरीका भी है? आप सर्दियों में अजवाइन के लड्डू बनाकर भी खा सकते हैं। आपने सर्दियों में गोंद, तिल और कई अन्य सामग्रियों के लड्डू खाते भी देखा होगा। अजवाइन के लड्डू भी इन लड्डू की तरह सेहत में खाने बहुत फायदेमंद होते हैं। ये स्वादिष्ट लड्डू सर्दियों की कई समस्याओं से आपको बचाने में मदद करते हैं और कई रोगों को भी आपसे दूर रखेंगे। बहुत से लोग अक्सर यह सवाल भी पूछते हैं कि आखिर घर पर अजवाइन के लड्डू कैसे बना सकते हैं? इस लेख में हम आपको अजवाइन के लड्डू खाने के फायदे और इन्हें बनाने की सरल विधि बता रहे हैं...
अजवाइन के लड्डू खाने के फायदे- Ajwain ke laddu Benefits In Hindi
आपको बता दें कि अजवाइन की तासीर गर्म होती है। साथ ही, इसमें कई औषधीय गुण होते जैसे एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-बैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण। इसके अलावा, पोषण के लिहाज से भी अजवाइन सेहत के लिए बहुत लाभकारी होती है। इसमें नियासिन, थायमिन, सोडियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम और कैल्शियम आदि जैसे जरूरी मिनरल्स होते हैं। साथ ही, यह फैटी एसिड, फाइबर और प्रोटीन से भी भरपूर होती है। अजवाइन के बीजों में थाइमोल नामक तेल होता है। अगर आप सर्दियों मे नियमित अजवाइन के लड्डू खाते हैं, तो इससे सेहत को कई फायदे मिलेंगे जैसे,
1. ठंड में भी रहेंगे गर्म
अजवाइन तासीर में गर्म होती है। इसका सेवन करने से आपका शरीर प्राकृतिक रूप से गर्म रहता है। ठंड के मौसम में अजवाइन के लड्डू खाने से आपको ज्यादा कपड़े पहने बिना भी आंतरिक रूप से गर्म रहने में मदद मिलती है।
2. इम्यूनिटी बढ़ाए
ठंड के मौसम में लोग बहुत जल्दी बीमार पड़ जाते हैं। वे आए दिन सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार आदि की चपेट में आते रहते हैं। अजवाइन के लड्डू खाने से इम्यूनिटी बढ़ती है और आप जल्दी बीमार नहीं पड़ते हैं।
3. पीरियड्स को रखे रेगुलर
जिन महिलाओं को समय पर पीरियड्स नहीं आते हैं, उनके लिए अजवाइन के लड्डू बहुत लाभकारी साबित हो सकते हैं। इससे अनियमित पीरियड्स की समस्या दूर होती है। साथ ही, पीरियड्स की ऐंठन, दर्द और असामान्य ब्लड फ्लो में सुधार करने में भी मदद मिलती है।
4. डिलीवरी के बाद रिकवरी में करे मदद
नई माताओं को जल्दी रिकवरी के लिए अजवाइन के लड्डू खिलाए जा सकते हैं। ये पोषण से भरपूर लड्डू उन्हें कई फायदे प्रदान करते हैं। इससे शरीर में ताकत बढ़ती है और स्तनों में दूध का उत्पादन भी ठीक प्रकार से होता है।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं के लिए सफेद मोरिंगा गोंद के फायदे, जानें सेवन का तरीका
5. पेट संबंधी समस्याओं को रखे दूर
अजवाइन के लड्डू खाने से पाचन क्रिया दुरुस्त होती है। यह आपके भोजन को बेहतर तरीके से पचाने में मदद करते हैं। इनका सेवन करने से पेट में गैस, ब्लोटिंग और अन्य पेट संबंधी समस्याओं का खतरा कम होता है। साथ ही आंतों की सूजन भी कम होती है।
अजवाइन के लड्डू कैसे बनाएं रेसिपी- How To Make Ajwain Laddu Recipe In Hindi
सामग्री
- गोंद- 250 ग्राम
- पिसी हुई अजवाइन- 1 किलो
- गेहूं का आटा- 1.5 किलो
- देसी चीनी या गुड़- स्वादानुसार
- देसी घी- आवश्यकता अनुसार
- नारियल- मध्यम आकार का 1 कटा हुआ
इसे भी पढ़ें: सर्दी में बच्चे की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए खिलाएं अदरक और गुड़ का लड्डू, जानें रेसिपी और फायदे
अजवाइन के लड्डू बनाने की विधि- Ajwain Ke Laddu Recipe In Hindi
लड्डू बनाने के लिए आपको सबसे पहले एक कढ़ाई में 1 बड़ा चम्मच देसी घी डालना है और इसे धीमी आंच पर गर्म करना है। उसके बाद घी में गोंद डालें और अच्छी तरह भूनें। भुने हुए गोंद को एक बर्तन में निकाल कर तुरंत पीस लें। उसके बाद फिर से कढ़ाई में घी गर्म करें और इसमें आटा डालकर भूनें। जब आटे से भूनने की खुशबू आना शुरू हो जाए तो इसमें गोंद का पाउडर और नारियल घिसकर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें और अजवाइन का पाउडर डालें। इसे भी अच्छी तरह मिक्स करें। अंत में इस मिश्रण में चीनी या गुड़ डालकर मिक्स करें और सामग्री से छोटे-छोटे बॉल तैयार करें। बस आपके अजवाइन के लड्डू तैयार हैं। रोज 1-2 लड्डू दूध के साथ लें। इससे सेहत को जबरदस्त लाभ मिलेंगे।
All Image Source: Freepik
Read Next
सर्दियों में चुकंदर खाने से कंट्रोल रहता है ब्लड प्रेशर, हाई बीपी कम करने के लिए इस तरह करें प्रयोग
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version