Red blood cells : शरीर में थकान और कमजोरी एनीमिया के लक्षण हो सकते हैं। एनीमिया की समस्या तब होती है, जब शरीर में रेड ब्लड सेल्स की संख्या काफी कम हो जाती है। शरीर में आरबीसी की संख्या कम होने पर सभी ऑर्गन्स में ऑक्सीजन पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
आरबीसी ब्लड की सबसे आम कोशिकाएं हैं। प्रतिदिन लाखों की संख्या में इसका उत्पादन होता है। शरीर में आरबीसी की कमी होने पर एनीमिया की जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए कोशिश करें कि शरीर में आरबीसी के स्तर को संतुलित बनाए रखें। आज हम आपको कुछ ऐसे पोषक तत्वों के बारे में बताएंगे, जिनसे शरीर में रेड ब्लड सेल्स को बढ़ाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसके बारे में-
ब्लड सेल्स बढ़ाने वाले जरूर पोषक तत्व
इन पांच पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ खाने से आपको अपने लाल रक्त कोशिका के स्तर में सुधार करने में मदद मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें - शरीर में कितना होना चाहिए रेड ब्लड सेल (RBC) का काउंट? जानें इसकी कमी पूरी करने के उपाय
1. आयरन से बढ़ाएं रेड ब्लड सेल्स - Iron
आयरन युक्त आहार का सेवन करने से शरीर में रेड ब्लड सेल्स के उत्पादन को बढ़ाया जा सकता है। रेड मीट, हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे - पालक और केल, ड्राई फ्रूट्स, बींस, अंडे की जर्दी जैसे आहारों में आयरन की प्रचुरता होती है।
RBC को बढ़ा सकता है फोलिक एसिड - Folic Acid
रेड ब्लड सेल्स को बढ़ाने के लिए फोलिक एसिड युक्त आहार (विटामिन बी9) का सेवन करें। विटामिन बी9 (फोलिक एसिड) साबुत अनाज, मसूर की दाल, केल, मटर, पालक जैसे खाद्य पदार्थों में भरपूर रूप से मौजूद होता है।
विटामिन बी12 से बढ़ाएं रेड ब्लड सेल्स - Vitamin B12
विटामिन बी12 भी शरीर में रेड ब्लड सेल्स को बढ़ा सकता है। शरीर में विटामिन बी12 की पूर्ति के लिए रेड मीट, मछली, डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे- दूध और पनीर, अंडे इत्यादि का सेवन करेँ।
कॉपर बढ़ा सकता है रेड ब्लड सेल्स - Copper
कॉपर युक्त आहार के सेवन से सीधे तौर पर आरबीसी का उत्पादन नहीं किया जा सकता है, लेकिन यह शरीर को आयरन के उत्पादन में बढ़ावा देता है। चिकन या मीट का लिवर, बींस, चेरी, पालक इत्यादि में कॉपर की प्रचुरता होती है।
विटामिन ए से बढ़ाएं रेड ब्लड सेल्स - Vitamin A
विटामिन ए (रेटिनॉल) भी आरबीसी के उत्पादन में मददगार हो सकता है। शरीर में विटामिन ए की पूर्ति के लिए गहरे रंग की पत्तेदार हरी सब्जियां, शकरकंद, गाजर, लाल मिर्च, ताजे फल जैसे- तरबूज, अंगूर और खरबूजा जैसे आहार का सेवन करें।
रेड ब्लड सेल्स (RBC) बढ़ाने के लिए अच्छी लाइफस्टाइल भी है जरूरी
रेड ब्लड सेल्स बढ़ाने के लिए अगर आप हेल्दी डाइट का चुनाव कर रहे हैं, तो इसके साथ-साथ आपको अपने लाइफस्टाइल में भी हल्के-फुल्के बदलाव की आवश्यकता होती है, ताकि रेड ब्लड सेल्स की संख्या को स्वस्थ तरीके से बढ़ाया जा सके, जैसे-
- धूम्रपान और शराब से बनाएं दूरी
- तेल-मसालेदार युक्त आहार का न करें सेवन
- नियमित रूप से एक्सरसाइज करें, इसके लिए आप डेली रुटीन में वॉकिंग, रनिंग और स्वीमिंग शामिल कर सकते हैं।
शरीर में रेड ब्लड सेल्स को बढ़ाने के लिए आपको हेल्दी आहार के साथ-साथ लाइफस्टाइल में बदलाव की जरूरत होती है। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपकी परेशानी काफी ज्यादा बढ़ रही है, तो इस स्थिति में डॉक्टर या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।