Ways to Conceive: कई लोग प्रेगनेंसी से पहले बेबी प्लानिंग और कंसीव करने का सही समय आदि बातों पर गौर करते हैं। लेकिन इसके बावजूद भी अगर आपको कंसीव करने में परेशानी आ रही है, तो आपको क्या करना चाहिए? बेबी की पूरी प्लानिंग के बाद भी फेल हो जाने से निराश न हों। कई ऐसे कपल्स हैं जिन्हें पहली बार में सफलता नहीं मिलती। लेकिन इसे हल्के में लेना भी ठीक नहीं है। अगर उम्र ज्यादा है, तो आपको इंफर्टिलिटी से बचने के लिए जरूरी चेकअप और चिकित्सा सहायता की जरूरत होगी। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि बेबी प्लानिंंग के बावजूद असफल होने के बाद आपको क्या कदम उठाने चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के झलकारीबाई अस्पताल की गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ दीपा शर्मा से बात की।
गाइनोकॉलोजिस्ट से मिलें
बेबी प्लान करने के बाद भी सफलता नहीं मिल रही है, तो आपको गाइनोकॉलोजिस्ट से मिलना चाहिए। गाइनोकॉलोजिस्ट के पास जाने से पहले पीरियड्स की अंतिम तारीख, कपल द्वारा ली जाने वाली दवाइयों की जानकारी, कोई गंभीर बीमारी की जानकारी रखना जरूरी होता है।
इसे भी पढ़ें- बेबी प्लान करने से पहले किन बातों का रखें ध्यान ताकि न हो कंसीव करने में समस्या? जानें डॉक्टर से
टॉप स्टोरीज़
इंफर्टिलिटी टेस्ट
जिन कपल्स में फर्टिलिटी की समस्या नहीं भी होती, उन्हें भी कंसीव करने में कई बार 3 से 6 महीने का समय लग जाता है। अगर आप कई बार प्रेगनेंसी में असफल हो रहे हैं, तो ऐसे कपल्स को डॉक्टर इंफर्टिलिटी टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं। इंफर्टिलिटी की जांच करने के लिए पहले ब्लड टेस्ट और सीमन एनालिसिस किया जाता है। जांच के परिणाम के मुताबिक डॉक्टर एचएसजी, अल्ट्रासाउंड करने की सलाह देते हैं। इसके अलावा पेल्विक एग्जाम, पैप स्मीयर टेस्ट,सेक्सुअल ट्रांसमिटेड इंफेक्शन से जुड़ी जांचें की जाती हैं।
फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की जरूरत
अगर डॉक्टर आपको फर्टिलिटी ट्रीटमेंट लेने की सलाह देते हैं, तो आपको कई लाइफस्टाइल से जुड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं। जैसे- एल्कोहल और स्मोकिंग छोड़ना, वजन घटाना, कसरत करना और हेल्दी डाइट लेना आदि। इसके अलावा डॉक्टर आपको स्पर्म क्वॉलिटी बढ़ाने की सलाह देंगे। डाइट में बदलाव और जरूरत पड़ने पर दवाओं की मदद से सीमन क्वॉलिटी बढ़ाई जाती है।
सही वक्त पर करें कंसीव
ओवुलेशन पीरियड से 2 से 3 दिन पहले कंसीव करने की कोशिश करें और ओवुलेशन तक आपको कोशिश जारी रखनी चाहिए। मासिक चक्र के दूसरे या तीसरे हफ्ते में भी कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा आपको हेल्दी तरीके से कंसीव करना है, तो रूटीन में कसरत को शामिल करें। योगा और मेडिटेशन और कम से कम 60 मिनट कसरत पर ध्यान दें। इससे हार्मोनल बैलेंस बरकरार रखने में मदद मिलेगी। तनाव के कारण भी आपको कंसीव करने में परेशानी हो सकती है। जितना हो सके, स्ट्रेस से बचें। तनाव से बचने के लिए फाइबर रिच फूड्स का सेवन करें और ब्रीदिंग एक्सरसाइज पर गौर करें।
बेबी प्लान करने पर भी कंसीव न कर पाने का कारण इंफर्टिलिटी की समस्या हो सकती है। आपको समय रहते गाइनोकॉलोजिस्ट और फर्टिलिटी एक्सपर्ट की मदद लेनी चाहिए। जरूरी जांच के जरिए सेफ प्रेगनेंसी प्लान की जा सकती है।