How Much Dry Dates To Eat Per Day: शरीर को हेल्दी और फिट रखने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार की जरूरत होती है। आज के समय में लोग खराब डाइट और असंतुलित जीवनशैली के कारण तमाम तरह की बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। शरीर को बीमारियों से बचाने के लिए आपको डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए, जो पोषक तत्वों से भरपूर हों। शरीर को हेल्दी रखने के लिए डॉक्टर भी डाइट में ड्राई फ्रूट्स और नट्स को शामिल करने की सलाह देते हैं। छुहारा सेहत के लिए फायदेमंद होता है और इसका सेवन करने से कई बीमारियों से लड़ने में भी मदद मिलती है। छुहारे में एनर्जी, प्रोटीन, कार्ब्स, फाइबर, शुगर, कैल्शियम, फैट और आयरन जैसे पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। लेकिन किसी भी फूड का संतुलित मात्रा में ही सेवन करना शरीर के लिए अच्छा होता है। बहुत ज्यादा मात्रा में छुहारा खाने से कई परेशानियां भी हो सकती हैं। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं एक दिन में कितना छुहारा खाना चाहिए और ज्यादा छुहारा खाने के नुकसान।
एक दिन में कितने छुहारे खाने चाहिए?- How Much Dry Dates To Eat Per Day in Hindi
शरीर में खून की कमी दूर करने से लेकर कमजोरी, थकान और हार्ट से जुड़ी परेशानियों में छुहारा खाना फायदेमंद होता है। इसमें कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा होती है। नियमित रूप से छुहारे का सेवन करने से हड्डियों से जुड़ी परेशानियों में भी फायदा मिलता है। छुहारा खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बहुत ज्यादा छुहारा खाना शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लिनिकल डाइटिशियन डॉ. वी डी त्रिपाठी कहते हैं कि, "संतुलित मात्रा में छुहारा खाने से शरीर बीमारियों की चपेट में नहीं आता है। लेकिन रोजाना इसका बहुत ज्यादा सेवन करने से पेट और शरीर से जुड़ी कई समस्याओं का खतरा रहता है। डाइट में छुहारा शामिल करने से पहले आपको इसकी मात्रा के बारे में सही जानकारी होनी चाहिए।"

इसे भी पढ़ें: कब्ज दूर करने में मदद कर सकता है छुहारा, इन 4 तरीकों से करें सेवन
छुहारे की तासीर गर्म होती है इसलिए कुछ लोगों को इसका सेवन करने से समस्याएं भी हो सकती हैं। एक दिन में 3 से 4 छुहारे का सेवन करना सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है। इससे ज्यादा छुहारे खाने से आपको पाचन से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा गर्मी के मौसम में ज्यादा छुहारे खाने से स्किन से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी रहता है।
कैसे करें छुहारे का सेवन?
पानी या दूध में भिगोकर छुहारा खाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। आप नियमित रूप से 3 से 4 छुहारे का सेवन रोजाना कर सकते हैं। इसका सेवन करने से हार्ट, डायबिटीज, हड्डियों से जुड़ी परेशानी समेत कई गंभीर समस्याओं में फायदा मिलता है। अगर आप किसी बीमारी या समस्या से पीड़ित हैं, तो छुहारे का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
(Image Courtesy: Freepik.com)