How Many Mangoes To Eat In a Day: गर्मी के मौसम में ताजे और रसीले आम खाने का मजा ही कुछ है। बचपन में जब घर में आम आते थे, तो उसे बड़ी-बड़ी बाल्टी में भरकर ठंडा होने के लिए रख दिया जाता था। शाम को आंगन में बैठकर सभी लोग मिलकर आम खाते थे। उस वक्त कभी इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि कितने आम खाने चाहिए। एक कहावत है न आम खाओ गुठली मत गिनो। लेकिन यह कहावत सेहत के मामले में फिट नहीं बैठती। कई लोग अनहेल्दी खाना नहीं खाते और फिर भी सेहतमंद नहीं रह पाते। कारण है खाने की सही मात्रा का सेवन न करना। खाने की चीजों को हम सोचे-समझे बगैर खा लेते हैं जिसके कारण सेहत बिगड़ जाती है। आम के साथ भी ऐसा ही है। आम का ज्यादा सेवन करने से कब्ज, एसिडिटी जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में आपको यह जानना चाहिए कि 1 दिन में आप कितने आम खा सकते हैं। यह सवाल हमें गूगल सर्च पर मिला। इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमने तबाता फिटनेस की प्रबंधक, न्यूट्रिशनिस्ट और फिटनेस एक्सपर्ट पायल अस्थाना से बात की।
एक दिन में कितने आम खा सकते हैं?- Mangoes To Eat In A Day
न्यूट्रिशनिस्ट पायल ने बताया कि 1 बड़े आम में करीब 200 कैलोरीज होती हैं। 100 ग्राम आम के 1 कप में करीब 90 कैलोरीज मिलेंगी। इसलिए दिनभर में आपके लिए 1 बाउल आम खाना यानी 100 ग्राम की मात्रा का सेवन काफी है। 100 ग्राम के एक कप आम में आपको करीब 50 से 60 प्रतिशत विटामिन-सी मिलेगा। विटामिन-सी की मदद से इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद मिलेगी। आम में फाइटोन्यूट्रिएंट्स और विटामिन्स की भरपूर मात्रा होती है। आम में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। यह गट में गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है। आम को अपनी डाइट का जरूरी हिस्सा जरूर बनाना चाहिए। हालांकि गट हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए केवल आम का सेवन काफी नहीं है। यह केवल हेल्दी डाइट से हो सकता है। अगर आप दिनभर में 3 से 5 आम खा लेंगे, तो गट हेल्थ इंप्रूव होने के बजाय बिगड़ सकती है। डायबिटीज के मरीजों को दिनभर में 2 से 3 फल खाना चाहिए जिसमें से एक आम भी हो सकता है।
आम खाते समय इन बातों का ध्यान रखें
आम हमारे मेटाबॉलिज्म को मजबूत बनाते हैं। आम में प्रोटीन, कार्ब्स, फाइबर, विटामिन-सी, विटामिन-ए, विटामिन-ई, विटामिन-के, पोटेशियम, थायमिन, कॉपर, फोलेट, विटामिन-बी6, राइबोफ्लेविन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। लेकिन इसका सेवन करने से पहले इन बातों का ख्याल रखें-
- आम का फल खाना सेहतमंद होता है लेकिन रोज आम का रस नहीं पीना चाहिए।
- आम से बनने वाले मैंगो शेक का सेवन भी रोज नहीं करना चाहिए। कुछ लोगों को दूध और फल के कॉम्बिनेशन से एसिडिटी हो सकती है।
- रात को आम खाने से बचें। दोपहर या सुबह के समय आम का सेवन कर सकते हैं।
- आम को फल की तरह खाने के साथ-साथ सलाद और ओट्स के साथ मिलाकर भी खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- गर्मियों में जरूर लें मीठे-रसीले आम का मजा, सेहत को मिलेंगे ये 5 फायदे
आम को फ्रिज में रखें या नहीं?
अगर आपने कच्चा आम खरीदा है, तो आप उसे कमरे के तापमान में पेपरबैग में लपेटकर स्टोर कर सकते हैं। आम पकने के बाद उसे फ्रिज में ही रखना चाहिए। नेशनल मैंगो बोर्ड की मानें, तो पके हुए आम को फ्रिज में 5 दिनों तक स्टोर कर सकते हैं। वहीं जो लोग आम को कुछ दिनों के लिए प्रिजर्व करना चाहते हैं, वह आम को छीलकर उसके टुकड़ों को एयरटाइट कंटेनर में भर लें। कंटेनर को 2 हफ्तों तक फ्रीजर में स्टोर करके रख सकते हैं। लेकिन ताजे आम का सेवन ही सेहत के लिए अच्छा माना जाता है।
1 दिन में कितने आम खा सकते हैं? एक दिन में आम की 100 ग्राम मात्रा का सेवन कर सकते हैं। 1 आम में करीब 200 कैलोरीज होती हैं। आम का सेवन रात के बजाय दिन में करना ज्यादा सेहतमंद होता है।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version