खुद से प्यार करना भी एक कला है जो हर किसी को नहीं आती है। अक्सर आपने देखा होगा कि दूसरों के किसी भी गुण को देखकर महिलाएं उससे अपनी तुलना करने लगती हैं। यह तुलना किसी भी प्रकार की हो सकती है जैसे कपड़ो, बॉडी, मेकअप या अन्य कोई भी गुण। इससे वो हीन भावना से ग्रस्त हो जाती हैं जो कि ठीक नहीं है।
अपने शरीर को प्यार करना भले ही आसान बात लगती है,लेकिन व्यवहारिक परिदृश्य में आसाम काम नहीं है। ज्यादातर महिलाएं खुद को शीशे में देखकर अच्छा महसूस नहीं करती हैं। अपने आप को कोसने और बुरा दिखने की बात को मन से निकालकर खुद से प्यार करना सीखें। खुद को यह समझाएं कि आप जैसी भी औरों से अलग हैं। अपने मन में व्याप्त असंतोष को दूर करें खुद को स्पेशल फील कराएं।
खुद को सरहाने और अपने गुणों को पहचनाने के लिए आत्मविश्वास की जरूरत होती है। जिन महिलाओं में आत्मविश्वास की कमी होती है वे खुद की प्रतिभाओं को पहचानने की बजाय दूसरों के गुणों की तरफ जल्द ही आकर्षित हो जाती हैं। आत्मविश्वास एक साधारण व्यक्ति को भी भीड़ से अलग पहचान देता है। आज की इस तेज रफ्तार दुनिया में आप भी अपने आत्मविश्वास के जरिये दूसरों से बेहतर बन आगे निकल सकते हैं। जरूरत है अपने आत्मविश्वास को बढ़ाने की। अपने आत्मविश्वास को कैसे बनाएं अपनी ताकत जानने के लिए पढ़ें।
सकारात्मक बनें
अपनी सोच और बोली में सकारात्मकता लाएं। सकारात्मकता हमें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है। हर सफल व्यक्ति जीवन के प्रति सकारात्मक होता है। कभी ये न सोचें कि आप यह नहीं कर सकती हैं। जब ऐसा लगे कि यह करना कठिन है, तो खुद को उस काम के लिए प्रोत्साहित करें और आप अपना बेहतर प्रदर्शन दें।
अंदर की खूबसूरती को पहचानें
खूबसूरती बाहरी नहीं, बल्कि आंतरिक होती है, इसलिए अब से आप अपने को हमेशा खूबसूरत मानें। आपके अंदर जो भी खासियत है, उसे और भी निखारें और जो चीजें आपको शर्मिदा महसूस करवाती है, उन्हें कम करने की कोशिश करें। कुछ महिलाएं अपनी त्वचा के रंग को लेकर हमेशा असंतुष्ट रहती हैं, पर आप बिल्कुल भी ऐसा न करें। आप अपनी त्वचा के रंग पर परेशान होने के बजाय यह कोशिश करें कि आपकी त्वचा हमेशा ग्लो करती रहे।
कमेंट पर ना दें ध्यान
अगर आपके साथ कुछ बुरा होता है या फिर आपके लुक को लेकर आपका कोई कमेंट करता है तो उससे अपना मूड खराब करने की बजाय आप उस पर ज्यादा ध्यान ना दें , बल्कि अब से आप यह सोच कर चलें कि दूसरों को भले आप पसंद न आएं, पर आप अपने को पसंद करती हैं और करती रहेंगी। आप हमेशा खुद को दिल, दिमाग और शरीर तीनों से खूबसूरत समझें। भले ही आपके बारे में कोई कुछ भी कहे, उसकी बातों का बुरा ना मानें।
वजन घटाना या बढ़ाना आपके हाथ में
अपने शरीर को पसंद और नापसंद करना आपके हाथों में हैं। वर्तमान में आपकी बॉडी किसी भी शेप में हो, अब से आप उस पर फख्र करेंगी। यह अलग बात है कि अगर आपका वजन कुछ ज्यादा है तो उसे कम करने की कोशिश करेंगी, पर अपने शरीर को लेकर सकारात्मक सोच को खत्म बिल्कुल नहीं करेंगी और उसे अच्छा ही मानेंगी।
हमेशा मुस्कुराएं
एक प्यारी मुस्कुराहट लोगों का ध्यान हमेशा आकर्षित करती है और चेहरे पर भी नूर लाती है। इसलिए अब से चेहरे पर हमेशा तनाव लाने की बजाय मुस्कुराहट बनाए रखेंगी। एक प्यारी मुस्कुराहट आपके चेहरे पर चार चांद लगा देगी।
खुद पर रखें भरोसा
अब से आप अपने स्टाइल सेंस पर भरोसा रखेंगी, तभी आप कुछ यूनिक और अच्छा कर पाएंगी। हां, यह जरूरी है कि समय-समय पर अपने दोस्तों या करीबियों से अपने स्टाइल सेंस के बारे में राय जरूर ले लेंगी।
आईने में निहारें खुद को
यूं तो आप रोज आईना देखती हैं, लेकिन अपने पूरे व्यक्तित्व को निहारने के लिए भी आईना देखें। कहा गया है कि आईना में खुद को देख मुस्कुराना बताता है कि आप कितने अनमोल हैं। अत: प्यार से खुद के सारे एक्सप्रेशन आईने में देखें। आपका मस्तिष्क आपकी बॉडी लैंग्वेज और हाव-भाव को नोट करता है, जिससे आप अपने अंदर एक सकारात्मक परिवर्तन पाती हैं। इसलिए रोज आईने में खुद को नोटिस करें। यह आपको आत्मविश्वास से भर देगा।
अब से यह सोचना बिल्कुल ही बंद कर दें कि आप और से किसी भी प्रकार से कम हैं, क्योंकि अगर आप ऐसा सोचेंगी तो फिर कभी भी खुद से प्यार नहीं कर पाएंगी।
Read More Articles On Women's Health In Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version