
World Hypertension Day in Hindi: हाई ब्लड प्रेशर एक सामान्य स्थिति है, जो शरीर की धमनियों को प्रभावित करती है। इसे हाइपरटेंशन (Hypertension in Hindi) भी कहा जाता है। हाई ब्लड प्रेशर वह स्थिति होती है, जब धमनी की दीवारों के खिलाफ रक्त का बल अधिक होता है। इस स्थिति में रक्त को पंप करने के लिए हृदय को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। आपको बता दें कि 130/80 मिमी एचजी सामान्य ब्लड प्रेशर होता है। जब ब्लड प्रेशर का स्तर इससे अधिक होता है, तो उसे हाइपरटेंशन के रूप में जाना जाता है। शरीर में ब्लड प्रेशर का स्तर जितना अधिक होता है, व्यक्ति को उतनी ही अधिक स्वास्थ्य समस्याएं होने लगती हैं। हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों में हृदय रोगों का जोखिम काफी अधिक रहता है। हाई ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकता है। इसलिए आपको अपने ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखना बहुत जरूरी होता है। आपको बता दें कि हर साल 17 मई को विश्व हाइपरटेंशन दिवस (World Hypertension Day 2023) मनाया जाता है। इस मौके पर हम आपको बताने जा रहे हैं कि हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोगों का कारण कैसे बनता है। तो आइए, न्यूट्राबूटी के चीफ मेडिकल एडवाइजर डॉ. वरुण गुप्ता से जानते हैं-
हाई ब्लड प्रेशर युवाओं में हृदय रोगों का कारण कैसे बनता है?
डॉ. वरुण गुप्ता बताते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर, धमनियों को संकरा और क्षतिग्रस्त कर देता है। इस स्थिति में एथेरोस्क्लेरोसिस (वह स्थिति जिसमें धमनियों में पट्टिका जमा होने लगता है) होने लगता है। इसकी वजह से हृदय में रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो जाता है। हृदय में बहुत कम रक्त प्रवाह की वजह से सीने में दर्द और अतालता होने लगता है। इस स्थिति में शरीर के अन्य अंगों तक रक्त पंप करने के लिए हृदय को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। इसकी वजह से हृदय की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में व्यक्ति को हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेलियर की संभावना बढ़ जाती है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में हाई ब्लड प्रेशर की वजह से व्यक्ति की अचानक मृत्यु भी हो सकती है। खासकर, युवाओं को हाई ब्लड प्रेशर की वजह से ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए हृदय रोगों से बचाव के लिए ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखना बहुत जरूरी होता है।
इसे भी पढ़ें- हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं साइलेंट, ज्यादातर लोग कर देते हैं नजरअंदाज
हाई ब्लड प्रेशर में हृदय रोगों से बचाव कैसे करें?
अगर आपको हाई ब्लड प्रेशर की दिक्कत है, तो आप कुछ उपायों की मदद से हृदय रोगों से अपना बचाव कर सकते हैं। इनमें शामिल हैं-
- रात को 7-9 घंटों की नींद जरूर लें।
- अपने बॉडी मास इंडेक्स पर नजर रखें।
- धूम्रपान और एल्कोहल से दूरी बनाकर रखें।
- तनाव और चिंता से बचें।
- रोजाना प्राणायाम, योग और एक्सरसाइज करें।
- ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखने के लिए हेल्दी डाइट लें।
हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोगों के जोखिम को बढ़ाता है। इसलिए अगर आपको हाई बीपी की दिक्कत है, तो इसे हल्के में न लें। हाई बीपी में आपको नियमित रूप से अपनी हेल्थ का ख्याल रखना चाहिए।