
Early Symptoms of High Blood Pressure: खराब जीवनशैली और असंतुलित खानपान की वजह से लाखों लोग हाई ब्लड प्रेशर के शिकार हो रहे हैं। हाई ब्लड प्रेशर एक गंभीर बीमारी है और इस स्थिति में लापरवाही जानलेवा हो सकती है। हाई ब्लड प्रेशर को हाइपरटेंशन (Hypertension) भी कहा जाता है। इस बीमारी के कारण आपको हार्ट स्ट्रोक, हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। शरीर में हाई ब्लड प्रेशर की शुरुआत होने पर दिखने वाले लक्षणों को पहचानकर सही कदम उठाने से आप गंभीर रूप से इसका शिकार होने से बच सकते हैं। हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करने से यह बीमारी बढ़ जाती है और मरीज की मौत भी हो सकती है। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती साइलेंट लक्षणों के बारे में और बचाव के उपाय।
हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती साइलेंट लक्षण- Silent Symptoms of High BP in Hindi
शरीर में ब्लड प्रेशर यानी रक्तचाप का असंतुलन दो तरह से होता है। पहला जब आपके शरीर में हार्ट से धमनियों में सामान्य से ज्यादा ब्लड पंप होता है, इसे हाई ब्लड प्रेशर कहा जाता है। वहीं जब आपकी धमनियों में हार्ट से सामान्य से कम ब्लड पंप होता है, इसे लो ब्लड प्रेशर कहते हैं। लखनऊ के मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. के के कपूर कहते हैं कि शरीर में सामान्य ब्लड प्रेशर सिस्टोलिक - 120 mmHg और डायास्टोलिक - 80 mm Hg होना चाहिए। जब आपके शरीर में ब्लड प्रेशर की रीडिंग सिस्टोलिक - 130 से 139 mm Hg के बीच और डायास्टोलिक - 80 से 90 mm Hg के बीच हो जाती है, तो इसे हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन माना जाता है। शरीर में हाई बीपी की शुरुआत के समस्या कई ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं, जिन्हें सामय पर पहचानकर सही कदम उठाने से आप गंभीर समस्या का शिकार होने से बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: हाई ब्लड प्रेशर का कारण हैं ये 5 गलत आदतें, जानें बचाव का तरीका
शरीर में हाई ब्लड प्रेशर के साइलेंट लक्षण इस तरह से दिखते हैं-
1. बार-बार पेशाब आना
बार-बार पेशाब आना भी हाई ब्लड प्रेशर का शुरुआती लक्षण माना जाता है। आमतौर पर लोग इसे सामान्य या किसी दूसरी समस्या का लक्षण समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, ऐसा करना आपके लिए जानलेवा हो सकता है। अगर आपको भी लंबे समय से बार-बार पेशाब आने की समस्या हो रही है, तो सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लें।
2. आंखों का लाल होना
हाई ब्लड प्रेशर की शुरुआत होने पर आपकी आंखें लाल होने लगती हैं। शरीर में ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण धमनियों में ज्यादा ब्लड पंप होता है और इसकी वजह से आपकी आंखों पर गंभीर असर पड़ता है। अगर आप भी लंबे समय से इस समस्या से परेशान हैं, तो अपना ब्लड प्रेशर जरूर चेक करें।
3. तेज सिरदर्द
हाई ब्लड प्रेशर की वजह से आपको तेज सिरदर्द की समस्या हो सकती है। इसकी वजह से होने वाला सिरदर्द ज्यादा दर्दनाक होता है। हाई बीपी की वजह से आपको एक तरह का सेंसेशन महसूस होता है। ज्यादातर हाई बीपी के मरीजों को इस तरह का सिरदर्द सुबह के समय होता है।
4. सीने में तेज दर्द
हार्ट और ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानी में आपको सीने में तेज दर्द की समस्या हो सकती है। इसकी वजह से आपको सांस लेने में दिक्कत और दिल की धड़कन बढ़ने की समस्या भी हो सकती है। इन लक्षणों को नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है।
5. धुंधला दिखना
शरीर में हाई बीपी की शुरुआत होने की वजह से आंखों पर गंभीर असर पड़ता है। इसकी वजह से आपकी आंखों के ब्लड वेसल्स डैमेज हो जाते हैं, इस स्थिति में मरीज को धुंधला दिखना शुरू हो जाता है।
6. उल्टी और जी मिचलाने की समस्या
हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में व्यक्ति को उल्टी और जी मिचलाने की समस्या का भी सामना करना पड़ता है। अगर आप भी लंबे समय से इस परेशानी का शिकार हैं, तो सबसे पहले डॉक्टर से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में हाई बीपी को कैसे कंट्रोल रखें? डॉक्टर से जानें खास टिप्स
हाई ब्लड प्रेशर को सामान्य समझना जानलेवा हो सकता है। शरीर में हाई बीपी के शुरुआती लक्षण दिखते ही डॉक्टर की सलाह लेकर सही इलाज और हेल्दी डाइट का सेवन करना चाहिए। मोटापे की समस्या से ग्रसित व्यक्तियों और निष्क्रिय जीवनशैली में इस समस्या का खतरा और बढ़ जाता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)