How Do You Know If You Are Allergic to Mosquito Bites: मच्छरों के काटने से व्यक्ति को डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बता दें कि गर्मियों या बरसात के मौसम में मच्छर काटना आम बात होती है। ज्यादातर लोगों के लिए मच्छर का काटना केवल हल्की खुजली और लालिमा का कारण होता है, जो कुछ घंटों में ठीक हो जाती है। लेकिन कुछ लोगों में मच्छर के काटने से तेज एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है, जिसे हम मेडिकल भाषा में स्कीटर सिंड्रोम (Skeeter Syndrome) कहते हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको मच्छर को काटने से होने वाली एलर्जी के बारे में बताएंगे। इस एलर्जी के बारे में जानकारी हमें डॉ. रिद्धिमा श्रीवास्तव, सलाहकार - आंतरिक चिकित्सा, मेट्रो अस्पताल, नोएडा (Dr. Riddhima Srivastava, Consultant - Internal Medicine, Metro Hospital, Noida) ने दी है।
स्कीटर सिंड्रोम क्या है?-What is Skeeter Syndrome
स्कीटर सिंड्रोम मच्छर के थूक (Saliva) के प्रति शरीर के इम्यून सिस्टम की असामान्य और तीव्र प्रतिक्रिया होती है। दरअसल, जब मच्छर काटता है, तो वह अपनी लार स्किन में इंजेक्ट करता है, जिससे कुछ लोगों का शरीर ज्यादा प्रतिक्रिया करता है।
कैसे पहचानें कि आपको मच्छर के काटने से एलर्जी है?
1. ज्यादा सूजन
सामान्य सूजन के मुकाबले एलर्जिक सूजन बहुत ज्यादा होती है और कई बार गांठ जैसी दिख सकती है। बता दें कि कई लोगों में यह सूजन गर्म भी महसूस हो सकती है।
2. तेज लालिमा और दर्द
अगर मच्छर के काटने की जगह पर ज्यादा लालपन, जलन या तेज दर्द हो रहा है और वह लंबे समय तक बना रहता है, तो यह एलर्जी का संकेत हो सकता है। आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
3. फफोले या नीले धब्बे
कुछ मामलों में, मच्छर काटने पर व्यक्ति के फफोले (Blisters) या छोटे नीले निशान भी दिखाई दे सकते हैं। आपको इस स्थिति में स्किन विशेषज्ञ या डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
4. सिस्टमिक लक्षण (Systemic Symptoms)
- बुखार
- थकान
- सिरदर्द
- लिम्फ नोड्स में सूजन
- जी मिचलाना
5. एनाफिलैक्सिस (Anaphylaxis)– अत्यंत दुर्लभ
कभी-कभी एलर्जी इतनी गंभीर हो सकती है कि व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ, गले में सूजन या हार्ट रेट तेज हो सकती है। यह आपात स्थिति होती है और तुरंत डॉक्टर को दिखाना जरूरी होता है।
इसे भी पढ़ें- World Malaria Day: मच्छरों के काटने से होने वाली बीमारियां और उनके लक्षण जानें
एलर्जी की जांच कैसे की जाती है और बचाव के लिए क्या करें?- How is Allergy Tested and What to Do for Prevention
- स्किन प्रिक टेस्ट: जिससे शरीर की एलर्जिक प्रतिक्रिया का पता चलता है।
- ब्लड टेस्ट (IgE टेस्ट): शरीर में एलर्जी से संबंधित एंटीबॉडी की जांच।
एलर्जी का इलाज कैसे कर सकते हैं?
हल्के मामलों में:
- एंटीहिस्टामिन टैबलेट (जैसे – सिट्रीजिन)
- ठंडी सिकाई
- टॉपिकल क्रीम (स्टेरॉयड युक्त)
गंभीर मामलों में:
- डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं
- कुछ मामलों में इम्यूनोथेरेपी (Allergy shots)
रोकथाम कैसे करें और डॉक्टर को कब दिखाएं- How to Prevent and When to See a Doctor
- मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे लगाएं (DEET या पिरिडिन युक्त)
- फुल आस्तीन के कपड़े पहनें
- मच्छरदानी का उपयोग करें
- आसपास पानी जमा न होने दें
डॉक्टर से कब मिलें?
- बहुत अधिक सूजन या दर्द हो रहा है
- बुखार या जी मिचला रहा है
- फफोले या त्वचा काली पड़ रही है
इस तरह की स्थिति में आपको डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- World Malaria Day: मच्छर भगाने के लिए घर पर नैचुरल चीजों से बनाएं मॉस्किटो स्प्रे, जानें तरीका
कुल मिलाकर, हर मच्छर का काटना सामान्य नहीं होता है। अगर आपके शरीर की प्रतिक्रिया सामान्य से अधिक है, तो संभव है कि आपको एलर्जी हो सकती है। बता दें कि आप सही जांच और समय पर इलाज से आप एलर्जी की समस्या को आसानी से कंट्रोल कर सकते हैं।