पिम्पल्स, चिकनपॉक्स और दानों से होने वाले दाग-धब्बों को हटाएगा ये देसी उबटन, चेहरा हो जाएगा साफ और चमकदार

चेहरे की लगभग सभी समस्याओं से छुटकारा दिलाने और चेहरे को खूबसूरत, चमकदार बनाने में बहुत फायदेमंद है घर पर देसी चीजों से बना ये खास उबटन।
  • SHARE
  • FOLLOW
पिम्पल्स, चिकनपॉक्स और दानों से होने वाले दाग-धब्बों को हटाएगा ये देसी उबटन, चेहरा हो जाएगा साफ और चमकदार

चेहरे पर दाग-धब्बे किसी को भी नहीं पसंद आते हैं। चेहरा हमारे शरीर का वह अंग है, जिस पर लोगों की नजर सबसे पहले जाती है और लोग हमें इसी के आधार पर जज करते हैं। यही कारण है कि हर व्यक्ति अपने शरीर के सभी अंगों में से सबसे ज्यादा केयर चेहरे की करता है। कील-मुंहासे उम्र के साथ सभी को होते हैं। कुछ लोगों में ये जल्दी ठीक हो जाते हैं और दाग-धब्बे मिट जाते हैं। मगर कुछ लोगों को लंबे समय तक बहुत ज्यादा मुंहासों की समस्या झेलनी पड़ती है। इसके कारण चेहरे पर परमानेंट दाग बन जाते हैं, जो खूबसूरती को खराब करते हैं। अगर आपके चेहरे पर मुंहासे या किसी दाने का किसी तरह का दाग है और आप इसे मिटाना चाहते हैं, तो केमिकल वाले क्रीम्स के बजाय कुछ नैचुरल घरेलू उपायों को अपनाएं।

उबटन को भारतीय परंपरा में काफी पुराने से समय से शरीर की डेड स्किन सेल्स को निकालने, निखार लाने और दाग-धब्बों को मिटाने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। घर पर बनाए कुछ खास उबटनों से ही आप अपने चेहरे के सभी दाग-धब्बों को आसानी से मिटा सकते हैं। आइए आपको बताते हैं इन्हें बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका।

किन समस्याओं में है फायदेमंद

  • पिंपल्स के निशान हटाने में
  • चिकनपॉक्स के निशान हटाने में
  • झुर्रियां दूर करने में
  • झाइयां दूर करने में
  • ब्लैक हेड्स दूर करने में
  • आंखों के नीचे काले घेरों (डार्क सर्कल्स) को कम करने में
  • चेहरे पर ग्लो लाने में

उबटन बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • मसूर की दाल (पिसी हुई)- आधा चम्मच
  • हल्दी- 2 चुटकी या एक चौथाई चम्मच
  • चंदन का पाउडर- आधा चम्मच
  • नीम की पत्तियों का पाउडर- 2 चुटकी या एक चौथाई चम्मच
  • दूध- 1 बड़ा चम्मच
  • नींबू आधा टुकड़ा या एक चम्मच रस

कैसे बनाएंगे उबटन?

इस उबटन को बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में मसूर की दाल का पाउडर, चंदन का पाउडर और नीम की सूखी हुई पत्तियों का पाउडर डालें। अब इसमें दूध और नींबू का रस डालकर चम्मच से चलाते हुए अच्छे से मिलाएं। अगर आपको उबटन बहुत ज्यादा सूखा लग रहा है, तो इसमें थोड़ा सा दूध और मिला लें, मगर नींबू की मात्रा ज्यादा न करें।

इसे भी पढ़ें: एजिंग रोकने के लिए अपनाएं ये 5 आसान ब्यूटी टिप्स, दिखेंगी उम्र से जवां

उबटन के इस्तेमाल का सही तरीका

  • इस उबटन को इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले अपने चेहरे को सादे  पानी से धोएं और किसी साफ टॉवेल या टिश्यू पेपर की मदद से सुखाएं। अब उबटन के पेस्ट को अपने पूरे चेहरे और गर्दन पर लगाएं।
  • इसके बाद हल्के हाथों से अपने चेहरे और गर्दन की त्वचा पर इस उबटन से 3-4 मिनट तक मसाज करें।
  • ध्यान रखें मसाज सर्कुलर मोशन (गोल आकृति) में ही करें और एक ही दिशा में करें।
  • इसके बाद बचे हुए उबटन को चेहरे पर ही लगा रहने दें और हाथों को धो लें।
  • 10-15 मिनट के इंतजार के बाद जब उबटन सूख जाए, तो इसे एक बार फिर पानी के छींटे मारकर गीला करें और सर्कुलर मोशन में चेहरे पर मसाज करते हुए चेहरे को पानी से अच्छी तरह धो लें।
  • इसके बाद चेहरे और गर्दन पर कोई लाइट मॉइश्चराइजर अप्लाई कर लें।
  • अगर आपको मुंहासों की समस्या है, तो ऑयल की जगह वाटर बेस्ड मॉइश्चराइजर चुनें।
  • इस उबटन का इस्तेमाल आप सप्ताह में 2 बार करें और आपको खुद ही फर्क दिखने लगेगा।
Watch Video: त्वचा पर बढ़ती उम्र के लक्षणों को कैसे हटाएं, देखें वीडियो

Read more articles on Skin Care in Hindi



Read Next

चेहरे की रेडनेस को कम करने के लिए जरूरी है ये 3 सावधानियां, अपनाएं ये 5 घरेलू नुस्खे

Disclaimer