Watery And Irritated Eyes Home Remedies: गर्मी के मौसम में शरीर ही नहीं बल्की आंखों में भी थकान भर जाती है। मौसम में ड्राईनेस के कारण, आंखों की नमी कम हो जाती है। ज्यादा धूप में रहने के कारण, प्रदूषण के संपर्क में आने, गर्म हवाओं के प्रभाव आदि कारणों से आंखों में जलन महसूस हो सकती है। आंखों में जलन के अलावा, आंखों में दर्द, आंखों से पानी आना, खुजली महसूस होने जैसे लक्षण बढ़ने लगते हैं। इन लक्षणों से निजात पाने के लिए, आंखों का ख्याल रखना जरूरी है। जिन लोगों की आंखें कमजोर होती हैं, उन्हें गर्मी के मौसम में आंखों से संबंधित शिकायतें ज्यादा होती हैं। वहीं लगातार लैपटॉप पर काम करने के कारण भी, आंखों में सूजन और थकान महसूस हो सकती है। ऑफिस जाने वाले लोगों में इस तरह के लक्षण, गर्मी के मौसम में ज्यादा बढ़ जाते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें काम के लिए धूप और गर्मी में ट्रैवल करना पड़ता है। गर्मी के मौसम के प्रकोप से आंखों को बचाने के लिए, कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद ले सकते हैं। इन उपायों को विस्तार से हम आगे जानेंगे।
1. ओमेगा 3 फैटी एसिड रिच फूड्स खाएं
आंखों की जलन दूर करने के लिए ओमेगा 3 फैटी एसिड (Omega 3 Fatty Acid) का सेवन करें। इससे आंखों की जलन दूर होगी और आंखों में ड्राइनेस की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। फ्लेक्स सीड्स और चिया सीड्स में ओमेगा पाया जाता है। इसके अलावा अखरोट, सोयाबीन, ब्लूबेरी, कैनोला ऑयल, राजमा आदि का सेवन भी कर सकते हैं।
2. शरीर को हाइड्रेट रखें
आंखों को ठंडक पहुंचाने के लिए, शरीर को हाइड्रेट रखना भी जरूरी है। शरीर में पानी की कमी के कारण, ड्राईनेस होने लगती है। आंखें ड्राई होने पर चुभन और जलन का एहसास होता है। आंखों में नमी बनाए रखने के लिए, गर्मी के मौसम में नारियल पानी, सब्जियों का रस, फ्रूट जूस आदि का सेवन करें।
3. आंखों पर ठंडे पानी के छीटें मारें
गर्मी के मौसम में आंखों को ठंडक पहुंचाने के लिए, ठंडे पानी के छीटें मारें। इससे आंखों में जमी गंदगी दूर होगी। हर 2 घंटों में 1 बार आंखों को पानी से धो सकते हैं। इस तरह सूजन और थकान से छुटकारा मिलेगा। आंखों पर ठंडे पानी के छीटें मारने से आंखों का ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होगा। कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि आंखों पर छीटें मारने से, आंखों की रौशनी भी बढ़ती है।
इसे भी पढ़ें- आंखों में जलन क्यों होती है? जानें कारण और बचाव के उपाय
4. गुलाब जल का इस्तेमाल करें
गर्मी के मौसम में लू चलती है। लू के कारण धूल-मिट्टी के कण आंखों में चले जाते हैं। इससे आंखों में खुजली और चुभन महसूस होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए, आंखों को गुलाब जल से साफ कर सकते हैं। बाजार में मिलने वाले गुलाब जल में ढेरों केमिकल्स होते हैं। इसलिए गुलाब जल को आंख के अंदर डालने से बचें। गुलाब जल को आइस क्यूब की तरह फ्रीजर में जमा दें। गुलाब जल के आइस क्यूब्स को आंखों पर रखने से आराम मिलेगा।
5. खीरे की स्लाइस आंखों पर रखें
खीरे में वॉटर कंटेंट ज्यादा होता है। आंखों में ड्राईनेस की समस्या को दूर करने के लिए खीरे का इस्तेमाल कर सकते हैं। खीरे की स्लाइस काटकर आंखों पर रखने से, आंखों को ठंडक मिलती है। आंखों में दर्द हो रहा है, तो फ्रिज में खीरे को रख दें। ठंडा होने पर उसे काटकर आंखों पर रखें। इससे आंखों की थकान कम हो जाएगी और दर्द में आराम मिलेगा।
गर्मी के मौसम में आंखों को ठंडक पहुंचाने के लिए, खीरे की स्लाइस, गुलाब जल, तरल पदार्थ, ओमेगा 3 फैटी एसिड और ठंडे पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। उम्मीद करते हैं, आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। लेख को शेयर करना न भूलें।