कोविड-19 के बाद से कई ऑफिस में वर्क फ्रॉम होम का कल्चर काफी ज्यादा बढ़ गया है। ऑफिस में कंप्यूटर टेबल और कंफर्टेबल चेयर पर बैठकर काम करने के दौरान अपने शरीर का पोश्चर बेहतर रखना आसान होता है। वर्क फ्रॉम होम में काम करना भले ही आरामदायक होता है, लेकिन ये आपकी कमर और पीठ दर्द का कारण बन सकता है। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida बताते हैं कि सोफे पर लैपटॉप रखकर काम करना आसान लगता है, लेकिन घंटों खराब पोश्चर में बैठकर काम करने पर पीठ दर्द की समस्या हो सकती है।
गलत पोस्चर रीढ़ की हड्डी पर क्या असर डालता है?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि हमारी रीढ़ की हड्डी पूरी तरह से सीधी नहीं होती है, बल्कि यह अंग्रेजी के 'S' आकार की होती है। इसमें नेचुरल कर्व्स होते हैं, जो शरीर का वजन बराबर बांटने और झटके सहने का काम करते हैं। जब आप सोफे, बिस्तर या किसी नॉर्मल कुर्सी पर झुककर काम करते हैं तो आपको यह समस्याएं हो सकती हैं-
- डिस्क पर ज्यादा प्रेशर- सीधे बैठने की तुलना में आगे झुककर बैठने से हमारी रीढ़ की हड्डी की गद्दियों पर 1.5 से 2 गुना ज्यादा दबाव पड़ता है। लंबे समय तक ऐसा होने से डिस्क खिसकने या बल्ज होने का खतरा बढ़ जाता है।
- मांसपेशियों का असंतुलन- घंटों झुककर बैठने से पीठ की मांसपेशियां लगातार खिंची रहती हैं और कमजोर हो जाती हैं, जबकि सीने और पेट की मांसपेशियां सिकुड़ जाती हैं। इसे मेडिकल भाषा में अपर एंड लोअर सिंड्रोम कहा जाता है।
- साइटिका और नस दबना- जब कमर के निचले हिस्से की डिस्क पर लगातार बिना कारण प्रेशर पड़ता है तो वह वहां से गुजरने वाली नसों करो दबाने लगती है। इससे पीठ दर्द के साथ-साथ पैरों में सुन्नपन, झनझनाहट या तेज दर्द होने लगता है।
साल 2024 में Journal of Occupational and Environmental Medicine में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, ऑफिस का काम करने के दौरान कमर दर्द का मुख्य कारण बैठने की गलत मुद्रा है। सीधे पीठ टिकाकर बैठने की तुलना में धड़ को थोड़ा आगे झुकाकर बैठने से कमर के निचले हिस्से में दर्द का जोखिम 2.9 गुना ज्यादा पाया गया है।
इसे भी पढ़े: सुबह उठते ही कमर दर्द क्यों होता है? सोने की पोजिशन से जुड़ी हो सकती है वजह
वर्कफ्रॉम होम के दौरान की जाने वाली गलतियां
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि घर से काम करते समय लोग जाने-अनजाने में कुछ गलतियां करते हैं, जो उनकी रीढ़ की हड्डी को नुकसान पहुंचाती हैं-
- बिस्तर या सोफे पर बैठकर काम करना- घर पर काम करने के दौरान बिस्तर या सोफे पर बैठकर काम करना सबसे आम और खतरनाक गलती होती है। बिस्तर या सोफे पर आपकी कमर को कोई टेक नहीं मिलती है, जिससे आपकी रीढ़ की हड्डी 'C' शेप में झुक जाती है।
- लैपटॉप को नीचे रखकर देखना- जब लैपटॉप आपकी आंखों के लेवल से नीचे होता है, तो आपकी गर्दन लगातार नीचे झुकी रहती है। गर्दन का 60 डिग्री झुकना रीढ़ की हड्डी पर लगभग 27 किलो का ज्यादा दबाव डालता है।
- लगातार कई घंटों तक एक ही जगह बैठे रहना- इंसान का शरीर गतिशीलता के लिए बना है। ऐसे में लगातार 3 से 4 घंटे बिना ब्रेक लिए बैठने से रीढ़ की हड्डियों के बीच ब्लड सर्कुलेशन धीमा पड़ जाता है।
- सॉफ्ट स्पंज वाली कुर्सियों का इस्तेमाल- ज्यादा मुलायम गद्देदार कुर्सियां शुरू में आरामदायक लगती हैं, लेकिन वे आपकी कमर को सही सपोर्ट नहीं देतीं।
Causes-Of-Back-Pain-In-WFH
वर्कफ्रॉम होम में पीठ दर्द से बचने के उपाय
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, अगर आप भी वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं और पीठ दर्द से बचना चाहते हैं तो आपको दवाओं की नहीं, बल्कि अपनी आदतों में थोड़ बदलाव करने की जरूरत होती है।
1. सही इरगोनॉमिक वर्कस्टेशन बनाएं
ऐसी कुर्सी का इस्तेमाल करें, जो आपकी कमर के निचले हिस्से को नेचुरल सपोर्ट दे। अगर कुर्सी सीधी है तो अपनी कमर के पीछे एक छोटा तकिया या टॉवल रोल करके लगाएं। लैपटॉप या मॉनिटर की स्क्रीन आपकी आंखों के ठीक सामने होनी चाहिए ताकि आपकी गर्दन सीधी रहे। इसके लिए लैपटॉप स्टैंड या किताबों का सहारा लें और अलग से कीबोर्ड व माउस का इस्तेमाल करें।
कुर्सी पर बैठते समय आपके घुटने, हिप्स और कोहनियां 90 डिग्री के कोण पर होनी चाहिए। आपके पैर जमीन पर पूरी तरह टिके रहने चाहिए।
2. 20-20-20 नियम और माइक्रो ब्रेक लें
हर 30 से 45 मिनट के काम के बाद 2 से 3 मिनट का माइक्रो-ब्रेक लें। खड़े हों, थोड़ा टहलें, अपनी पीठ और गर्दन को पीछे की ओर हल्का सा स्ट्रेच करें। इससे मांसपेशियों को तुरंत ऑक्सीजन और ब्लड फ्लो मिलता है।
3. कोर मसल्स को मजबूत बनाएं
आपकी पीठ का असली सपोर्ट आपकी पेट और कमर की मांसपेशियां हैं। रोजाना 15 से 20 मिनट भुजंगासन, मर्कटासन प्लैंक और हल्की वॉक करें। मजबूत कोर मसल्स रीढ़ की हड्डी का आधा वजन खुद संभाल लेती हैं।
इसे भी पढ़े: महिलाओं में पीठ के निचले हिस्से में दर्द के क्या कारण हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें
डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
अगर आपका पीठ दर्द लगातार कई दिनों तक बना हुआ है, पैरों में सुन्नपन या कमजोरी महसूस हो रही है या रात में सोते समय दर्द बढ़ जाता है तो इसे सिर्फ साधारण थकान न समझें। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी अच्छी न्यूरोलॉजिस्ट या स्पाइन स्पेशलिस्ट से कंसल्ट करना चाहिए।
निष्कर्ष
पीठ का दर्द सिर्फ एक शारीरिक असुविधा नहीं है, बल्कि यह आपके शरीर का आपको दिया गया एक शुरुआती चेतावनी संकेत है कि आपकी रीढ़ की हड्डी पर ज्यादा प्रेशर पड़ रहा है। अगर आप शुरुआती स्टेज पर ही अपने पोस्चर और लाइफस्टाइल में सुधार कर लेते हैं तो आप भविष्य में होने वाली गंभीर स्पाइन सर्जरी और क्रोनिक बीमारियों से बच सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
पीठ में दर्द किसकी कमी से होता है?
पीठ में दर्द होना मुख्य रूप से विटामिन डी, कैल्शियम और मैग्नीशियम की कमी के साथ-साथ मांसपेशियों की कमजोरी के कारण होता है।पीठ में दर्द होना कौन सी बीमारी का लक्षण है?
पीठ में दर्द साइटिका, डिस्क हर्निएशन यानी स्लिप डिस्क, अर्थराइटिस या किडनी से जुड़ी समस्याओं का शुरुआती लक्षण हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 30, 2026 11:22 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
