Tue Oct 20, 2026 | 08:18 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akash Singhal , Consultant – Orthopaedics

घुटनों में दर्द है, लेकिन एक्स-रे नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजह

घुटनों में दर्द होने के बावजूद एक्स-रे सामान्य आया है, तो इसकी वजह मसल्स, लिगामेंट्स की समस्या हो सकती है। यहां डॉक्टर से जानिए, इसके संभावित कारण और कब MRI की जरूरत पड़ सकती है।
घुटनों में दर्द है, लेकिन एक्स-रे नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजहघुटनों में दर्द है, लेकिन एक्स-रे नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजह

कई बार लोगों को घुटनों में दर्द, अकड़न या चलने-फिरने में परेशानी होती है, लेकिन एक्स-रे कराने पर रिपोर्ट नॉर्मल आती है। ऐसे में लोग समझ नहीं पाते कि जब हड्डियों में कोई समस्या नहीं है, तो घुटनों में दर्द क्यों हो रहा है। कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून के कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक्स डॉ. आकाश सिंघल के अनुसार, घुटनों में दर्द होने का कारण हमेशा हड्डियों से जुड़ी समस्या नहीं होता है। कई बार मसल्स की कमजोरी, लंबे समय तक बैठे रहने या घुटनों के अंदर मौजूद दूसरे टिश्यूज में परेशानी के कारण भी दर्द हो सकता है।

ऑर्थोपेडिक एक्सपर्ट डॉक्टर आकाश सिंघल के मुताबिक, फिजिकल एक्टिविटीज कम करने के कारण भी घुटनों में अकड़न की समस्या हो सकती है। ऐसे में रोजाना वॉक और एक्सरसाइज करना जरूरी है। आइए जानते हैं कि एक्स-रे सामान्य होने के बावजूद घुटनों में दर्द क्यों हो सकता है?

एक्स-रे नॉर्मल फिर भी घुटनों में दर्द क्यों होता है?

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर आकाश सिंघल बताते हैं कि एक्स-रे की मदद से हड्डियों की स्थिति और जोड़ों में होने वाले कुछ बदलावों का पता लगाया जाता है। हालांकि, घुटने के अंदर मौजूद लिगामेंट, मेनिस्कस और अन्य सॉफ्ट टिश्यूज की कई समस्याएं एक्स-रे में स्पष्ट नहीं दिखाई देती हैं। इसलिए, अगर किसी व्यक्ति को लगातार घुटनों में दर्द हो रहा है, तो नॉर्मल एक्स-रे रिपोर्ट के बावजूद इसकी दूसरी वजहों की जांच करना जरूरी हो सकता है।

डॉक्टर आकाश सिंघल के अनुसार, कई बार लोग शारीरिक रूप से एक्टिव नहीं रहते हैं। लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने और चलने-फिरने की कमी के कारण घुटनों में अकड़न महसूस हो सकती है। हालांकि, दर्द लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो इसे केवल कम एक्टिविटी का रिजल्ट मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: क्या आपका घुटने का दर्द अर्थराइटिस है? डॉक्टर से जानें सही पहचान

1. लंबे समय तक बैठे रहने से जाम हो सकते हैं घुटने

डॉक्टर आकाश सिंघल बताते हैं कि आजकल कई लोग ऑफिस में लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं या घर पर भी फिजिकल एक्टिविटीज कम करते हैं। ऐसे डेली रूटीन के कारण घुटनों के आस-पास की मसल्स कमजोर हो सकती हैं। इससे जोड़ों को सहारा देने की क्षमता प्रभावित होती है और उठते-बैठते समय दर्द या अकड़न महसूस हो सकती है।

डॉक्टर आकाश सिंघल बताते हैं कि घुटनों को सही रखने के लिए रोजाना वॉक और एक्सरसाइज करना जरूरी है। नियमित रूप से चलने-फिरने से मसल्स की ताकत बनाए रखने और जोड़ों की मोबिलिटी बेहतर रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, अगर चलने से दर्द बढ़ता है, तो जबरदस्ती एक्सरसाइज करने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

2. लिगामेंट या मेनिस्कस में चोट भी हो सकती है वजह

घुटनों में दर्द का एक कारण लिगामेंट या मेनिस्कस में चोट लगना भी हो सकता है। लिगामेंट हड्डियों को आपस में जोड़ने और जोड़ को स्थिर रखने में मदद करते हैं, जबकि मेनिस्कस घुटने में गद्दी की तरह काम करता है। खेलते समय चोट लगने, अचानक मुड़ने या गलत तरीके से पैर रखने के कारण इनमें समस्या हो सकती है।

ऐसी स्थिति में घुटने में दर्द, सूजन, अकड़न या घुटने को पूरी तरह मोड़ने और सीधा करने में परेशानी हो सकती है। इन समस्याओं का पता सामान्य एक्स-रे से लगाना मुश्किल हो सकता है। डॉक्टर लक्षणों और शारीरिक जांच के आधार पर आगे की जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।

Why Knee Pain PersistsWhy Knee Pain Persists

साल 2023 में Osteoarthritis and Cartilage Open जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, घुटने के दर्द से पीड़ित लोग ज्यादातर इसे केवल शारीरिक और बायोमैकेनिकल कारणों (जैसे जोड़ों की बनावट या उम्र) से जोड़कर देखते हैं, जबकि मनोवैज्ञानिक और सामाजिक कारणों को नजरअंदाज करते हैं। ज्यादातर मरीजों की समझ और डॉक्टरों के इलाज के तरीके में मेल नहीं होता। इसलिए, डॉक्टरों को चाहिए कि वे मरीजों को यह समझाएं कि घुटने का दर्द केवल शारीरिक नहीं, बल्कि बायोसाइकोसोशल (जैविक, मानसिक और सामाजिक) कारणों से जुड़ा होता है। इससे मरीज अपने इलाज को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे और उनका इलाज ज्यादा असरदार साबित होगा।

इसे भी पढ़ें: सुबह उठते ही घुटनों में तेज दर्द? जानिए इसके पीछे के छिपे हुए कारण और बचाव के तरीके

घुटनों में दर्द होने पर कब करानी पड़ सकती है MRI?

डॉक्टर आकाश सिंघल बताते हैं कि अगर घुटनों में लगातार दर्द बना रहता है और एक्स-रे में कोई साफ समस्या नहीं दिखाई देती, तो डॉक्टर एमआरआई कराने की सलाह दे सकते हैं। एमआरआई की मदद से लिगामेंट, मेनिस्कस, टेंडन और दूसरे सॉफ्ट टिश्यूज की स्थिति को ज्यादा विस्तार से देखा जा सकता है।

हालांकि, हर व्यक्ति को घुटनों में दर्द होने पर एमआरआई कराने की जरूरत नहीं होती। डॉक्टर पहले लक्षणों, शारीरिक जांच और चोट की हिस्ट्री को देखते हैं। इसके बाद जरूरत पड़ने पर ही आगे की जांच की सलाह दी जाती है। अगर घुटने में अचानक बहुत ज्यादा सूजन आ जाए, पैर पर वजन रखना मुश्किल हो या जोड़ लाल और गर्म हो जाए, खासकर बुखार के साथ, तो इमरजेंसी मेडिकल हेल्प लेनी चाहिए।

Why Knee Pain PersistsWhy Knee Pain Persists

घुटनों को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?

  • डॉक्टर आकाश सिंघल सलाह देते हैं कि घुटनों को हेल्दी रखने के लिए रोजाना अपनी क्षमता के अनुसार वॉक करें और नियमित रूप से हल्की एक्सरसाइज करें।
  • लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें और बीच-बीच में उठकर कुछ कदम चलें। घुटनों के आस-पास की मसल्स को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह से की जा सकती हैं।
  • इसके अलावा, शरीर का वजन बैलेंस रखना और किसी चोट के बाद घुटनों पर जरूरत से ज्यादा दबाव नहीं डालना भी जरूरी है।
  • दर्द को कम करने के लिए बार-बार अपनी मर्जी से पेनकिलर लेना भी सही नहीं है।

निष्कर्ष

घुटनों में दर्द होने के बावजूद एक्स-रे सामान्य आना संभव है, क्योंकि दर्द का कारण हमेशा हड्डियों से जुड़ी समस्या नहीं होता। कम फिजिकल एक्टिविटी, मसल्स की कमजोरी और लिगामेंट या मेनिस्कस से जुड़ी समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं। डॉक्टर आकाश सिंघल के अनुसार, रोजाना वॉक और एक्सरसाइज करना घुटनों की सेहत के लिए जरूरी है। हालांकि, लगातार दर्द या अकड़न होने पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर एमआरआई से दर्द की असली वजह का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • घुटनों से कट-कट की आवाज आने का क्या मतलब है?

    अगर घुटनों से आवाज आती है, लेकिन दर्द या सूजन नहीं है, तो यह हमेशा किसी बीमारी का संकेत नहीं होती। हालांकि, आवाज के साथ दर्द, सूजन या घुटना अटकने की समस्या हो, तो जांच कराना जरूरी है।
  • क्या घुटनों में दर्द होने पर सीढ़ियां चढ़ना बंद कर देना चाहिए?

    हर मामले में सीढ़ियां चढ़ना बंद करना जरूरी नहीं है लेकिन अगर इससे दर्द बढ़ता है, तो एक्टिविटी कम करें और दर्द के कारण का पता लगाने के लिए डॉक्टर से सलाह लें।
  • घुटनों में दर्द होने पर गर्म सिकाई करनी चाहिए या ठंडी?

    नई चोट या सूजन होने पर कपड़े में लपेटकर ठंडी सिकाई करने से राहत मिल सकती है। पुरानी अकड़न में गर्म सिकाई आराम दे सकती है।

Read Next

→ World Osteoporosis Day: कैल्शियम की गोली रोज लेते हैं? डॉक्टर से जानें क्या इससे हड्डियां मजबूत होने की गारंटी मिलती है?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 20, 2026 18:21 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Akash Singhal