Sun Oct 11, 2026 | 11:26 AM IST

Medically Reviewed by Dr Akshay Chugh

नहाने के बाद क्यों आने लगती है तेज नींद और थकान? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजह

नहाने के बाद अचानक थकान या नींद आना गर्म पानी, शरीर के तापमान में बदलाव, लो ब्लड प्रेशर या डिहाइड्रेशन से जुड़ा हो सकता है। डॉक्टर से जानिए, कब यह सामान्य है और कब जांच जरूरी है।
नहाने के बाद क्यों आने लगती है तेज नींद और थकान? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजहनहाने के बाद क्यों आने लगती है तेज नींद और थकान? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजह

क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि नहाने से पहले आप बिल्कुल ठीक महसूस कर रहे होते हैं, लेकिन नहाने के कुछ मिनट बाद ही शरीर में थकान, सुस्ती या तेज नींद महसूस होने लगती है? खासकर गर्म पानी से नहाने के बाद कई लोगों को ऐसा अनुभव होता है। कुछ लोगों को तो नहाने के बाद कुछ देर बैठने या लेटने का मन करने लगता है।

मेट्रो हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट, नोएडा के इंटरनल मेडिसिन और मेटाबोलिक डिसऑर्डर विभाग के डॉ. अक्षय चुघ का कहना है कि कुछ लोगों में नहाने से ब्लड प्रेशर थोड़ी देर के लिए कम हो सकता है, जिसके कारण कमजोरी या चक्कर जैसा महसूस हो सकता है। वहीं, गर्म पानी शरीर को रिलैक्स भी करता है, इसलिए कुछ लोगों को इसके बाद नींद आने लगती है।

अगर यह समस्या बार-बार होती है या इसके साथ चक्कर, बेहोशी, सांस फूलना, सीने में दर्द या दिल की धड़कन तेज होना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो इसके पीछे किसी हेल्थ कंडीशन की संभावना को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आइए जानते हैं नहाने के बाद अचानक नींद और थकान क्यों आती है और किन संकेतों में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

नहाने के बाद नींद क्यों आती है?

डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, नहाने के बाद थकान महसूस होने का कारण हर व्यक्ति में अलग हो सकता है। पानी का तापमान, कितनी देर तक नहाया है, शरीर में पानी की कमी, ब्लड प्रेशर में बदलाव और पहले से मौजूद थकान जैसे कारक इसमें भूमिका निभा सकते हैं।

नहाने के बाद बार-बार कमजोरी महसूस होने पर लो ब्लड प्रेशर की समस्या वाले लोग, बुजुर्ग, जो लोग पर्याप्त पानी नहीं पीते, लंबे समय तक गर्म पानी से नहाने वाले लोग और जो लोग खाली पेट नहाते हैं उन्हें खास ध्यान रखना चाहिए।

1. गर्म पानी से नहाने का असर

गर्म पानी शरीर को आराम देने में मदद करता है। डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि गर्म पानी के संपर्क में आने से स्किन के पास की ब्लड वैसेल्स फैल सकती हैं और शरीर का तापमान प्रभावित होता है। इससे कुछ लोगों को रिलैक्स महसूस होता है और नहाने के बाद सुस्ती या नींद आ सकती है। अगर आप सुबह या दिन में गर्म पानी से नहाते हैं और उसके बाद तुरंत काम करना होता है, तो आलस ज्यादा महसूस हो सकता है।

2. लंबे समय तक नहाना

नहाने के बाद नींद आने के लिए सिर्फ पानी का तापमान यानी गर्म पानी ही जिम्मेदार नहीं होता। लंबे समय तक पानी में रहने से शरीर के तापमान पर ज्यादा असर पड़ सकता है, इससे कुछ लोगों को कमजोरी, चक्कर या थकान महसूस हो सकती है। खासकर जिन लोगों ने ठीक से खाना नहीं खाया है या पहले से थके हुए हैं, उन्हें नहाने के बाद यह समस्या ज्यादा महसूस हो सकती है।

3. डिहाइड्रेशन

डॉ. अक्षय चुघ का कहना है कि शरीर में पानी की कमी होने पर थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। गर्म मौसम में पसीना ज्यादा निकलने के कारण डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नहाने पर कुछ लोगों को सुस्ती या चक्कर महसूस हो सकते हैं। इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है।

इसे भी पढ़ें: क्या गर्म पानी से नहाने से स्किन बैरियर को नुकसान पहुंच सकता है? बता रहीं है डर्मेटोलॉजिस्ट

4. ब्लड प्रेशर में बदलाव

डॉ. अक्षय चुघ का कहना है कि अगर आप गुनगुने पानी से नहाते हैं तो इससे ब्लड वैसेल्स फैल सकती हैं, जिससे कुछ लोगों में ब्लड प्रेशर अस्थायी रूप से कम हो सकता है। इसके कारण नहाने के बाद चक्कर, कमजोरी या आंखों के सामने अंधेरा महसूस हो सकता है। अगर ऐसा बार-बार होता है, खासकर बैठने या लेटने से उठने पर भी चक्कर आते हैं, तो डॉक्टर से ब्लड प्रेशर की जांच करवाना सही होता है।

Why we Feel Sleepy After bathWhy we Feel Sleepy After bath

साल 2023 में Journal of Physiological Anthropology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, सोने से 1.5 से 2 घंटे पहले लंबे समय तक टब में नहाना नींद के लिए बेहद फायदेमंद है।

  • ऐसा करने से शरीर के अंदरूनी तापमान में लगभग 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होती है, जो केवल शॉवर लेने या कम समय नहाने की तुलना में काफी ज्यादा है।
  • तापमान में गिरावट के कारण व्यक्ति को जल्दी नींद आती है और नींद की क्वालिटी भी बेहतर हो जाती है।
  • संक्षेप में, यदि आप गहरी और आरामदायक नींद चाहते हैं, तो सोने से पहले पर्याप्त गर्म पानी में लंबे समय तक नहाना एक बेहतरीन उपाय हो सकता है।

नहाने के बाद थकान से बचने के लिए क्या करें?

अगर आपको नहाने के बाद अक्सर नींद या कमजोरी महसूस होती है, तो कुछ आसान बदलाव मदद कर सकते हैं।

  • बहुत गर्म पानी की जगह गुनगुने या ताजे पानी का इस्तेमाल करें और लंबे समय तक न नहाएं।
  • नहाने से पहले और बाद में पर्याप्त पानी पिएं।
  • अगर सुबह खाली पेट नहाने पर कमजोरी महसूस होती है, तो अपने भोजन और नहाने के समय के बीच उचित अंतर रखें।
  • नहाने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा मेहनत वाला काम करने की बजाय शरीर को कुछ समय आराम देना भी बेहतर हो सकता है।

कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है?

कभी-कभार नहाने के बाद नींद या हल्की थकान महसूस होना सामान्य हो सकता है लेकिन अगर हर बार नहाने के बाद तेज कमजोरी, चक्कर, बेहोशी, सांस फूलना, सीने में दर्द या दिल की धड़कन असामान्य महसूस हो, तो इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षणों के पीछे ब्लड प्रेशर, हार्ट संबंधी समस्या, एनीमिया, डिहाइड्रेशन या अन्य स्वास्थ्य कारण हो सकते हैं। लगातार समस्या रहने पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

निष्कर्ष

नहाने के बाद अचानक नींद या थकान महसूस होने के पीछे गर्म पानी, लंबे समय तक नहाना, डिहाइड्रेशन या ब्लड प्रेशर में अस्थायी बदलाव जैसे कारण हो सकते हैं। कभी-कभार ऐसा होना चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होती है या इसके साथ चक्कर, बेहोशी और सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या खाली पेट नहाना चाहिए?

    खाली पेट नहाने का असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है। कुछ लोगों को कोई दिक्कत नहीं होती है तो वहीं कुछ लोगों में लंबे समय तक बिना खाए रहने के कारण कमजोरी हो सकती है, जो नहाने के बाद ज्यादा महसूस हो सकती है।
  • क्या रोज गर्म पानी से नहाना ठीक है?

    बहुत गर्म पानी और लंबे समय तक नहाने से स्किन में ड्राईनेस और कुछ लोगों में चक्कर या कमजोरी जैसी परेशानी हो सकती है। गुनगुना पानी बेहतर विकल्प हो सकता है।
  • क्या नहाने के तुरंत बाद एक्सरसाइज करना सही है?

    अगर नहाने के बाद कमजोरी या चक्कर महसूस होते हैं, तो तुरंत एक्सरसाइज करने से बचना बेहतर है। पहले शरीर को सामान्य होने का समय दें।

Read Next

→ 8 फूड्स जो बढ़ाते हैं दांतों की सेंसिटिविटी, डेंटिस्ट से जानें इनकी जगह क्या खाएं

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Aug 10, 2026 15:47 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Akshay Chugh