Wed Sep 23, 2026 | 02:46 PM IST

Medically Reviewed by Dr Deepak Kumar Arora , Orthopaedics & Joint Replacement

सीढ़ियां उतरते समय घुटनों में ज्यादा दर्द क्यों होता है? जानें इसके पीछे की वजह

सीढ़ियां उतरते समय घुटनों पर अलग तरह का दबाव पड़ता है, जिससे कुछ लोगों को दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। यहां डॉक्टर से जानिए, इसके संभावित कारण और कब जांच जरूरी है?
सीढ़ियां उतरते समय घुटनों में ज्यादा दर्द क्यों होता है? जानें इसके पीछे की वजहसीढ़ियां उतरते समय घुटनों में ज्यादा दर्द क्यों होता है? जानें इसके पीछे की वजह

सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने की तुलना में नीचे उतरते समय घुटनों में ज्यादा दर्द होना कई लोगों की आम समस्या है। खासकर जिन लोगों को घुटनों में पहले से दर्द, जकड़न या कमजोरी रहती है, उन्हें सीढ़ियां उतरते समय परेशानी ज्यादा महसूस हो सकती है। Max Hospital Patparganj के ऑर्थोपेडिक्स एंड जॉइंट रिप्लेसमेंट विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉक्टर दीपक अरोड़ा के अनुसार, इसका कारण यह है कि नीचे उतरते समय घुटने को शरीर का वजन संभालने के साथ-साथ शरीर की स्पीड को कंट्रोल भी करना पड़ता है। ऐसे में घुटने के जोड़ और उसके आस-पास की मसल्स पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है।

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दीपक अरोड़ा के अनुसार, सीढ़ियां उतरते समय घुटने की एक्टिविटी और उस पर पड़ने वाला दबाव सामान्य चलने की तुलना में अलग होता है। घुटने के आस-पास परेशानी, जांघ की मसल्स की कमजोरी, जोड़ में होने वाले बदलाव या शरीर का ज्यादा वजन कुछ लोगों में इस दर्द को बढ़ा सकता है।

सीढ़ियां उतरते समय घुटने में दर्द क्यों होता है?

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दीपक अरोड़ा के अनुसार, सीढ़ियों से नीचे उतरते समय घुटने को शरीर के वजन को कंट्रोल करते हुए पैर को नीचे रखना पड़ता है। इस दौरान घुटने को मोड़कर शरीर को धीरे-धीरे नीचे लाना होता है। इस प्रोसेस में जांघ की आगे वाली मसल्स लगातार काम करती हैं। अगर घुटने की मसल्स कमजोर हैं या जोड़ में पहले से कोई समस्या है, तो सीढ़ियां उतरते समय घुटने में दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। यही वजह है कि कुछ लोगों को समतल जमीन पर चलने की तुलना में सीढ़ियों से उतरना ज्यादा मुश्किल लगता है।

  • सीढ़ियों से उतरते समय अगर दर्द मुख्य रूप से घुटने की आगे वाली तरफ या घुटने की टोपी के आस-पास महसूस होता है, तो इसका संबंध घुटने की टोपी और जांघ की हड्डी के बीच होने वाली एक्टिविटी से हो सकता है।
  • घुटना मोड़ने पर घुटने की टोपी जोड़ के एक हिस्से पर ज्यादा दबाव के साथ चलती है।
  • कुछ लोगों में इस हिस्से की सेंसिटिविटी, मसल्स में असंतुलन या घुटने की मूवमेंट से जुड़ी समस्या के कारण सीढ़ियों पर दर्द बढ़ सकता है। हालांकि हर व्यक्ति में इसका कारण एक जैसा नहीं होता।

1. उम्र के साथ घुटनों में दर्द

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दीपक अरोड़ा बताते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ घुटने के जोड़ में होने वाले बदलाव भी दर्द का कारण बन सकते हैं। ऑस्टियोअर्थराइटिस में जोड़ के भीतर मौजूद कार्टिलेज धीरे-धीरे प्रभावित हो सकता है। इसके कारण चलने, लंबे समय तक खड़े रहने या सीढ़ियां चढ़ने-उतरने जैसी एक्टिविटी में दर्द और जकड़न महसूस हो सकती है। अगर सीढ़ियां उतरते समय दर्द लगातार बढ़ रहा है, तो इसे केवल उम्र का सामान्य असर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

why knees hurt down stairs causeswhy knees hurt down stairs causes

इसे भी पढ़ें: घुटने का दर्द 40 की उम्र के बाद क्यों बढ़ जाता है? डॉक्टर से जानें किन बातों का रखें ध्यान

2. वजन और मसल्स की कमजोरी

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दीपक अरोड़ा के अनुसार, शरीर का वजन घुटनों पर पड़ने वाले दबाव को प्रभावित करता है। ज्यादा वजन होने पर घुटने को रोजमर्रा की एक्टिविटी के दौरान ज्यादा वजन संभालना पड़ सकता है। इसके अलावा जांघ और कूल्हे के आस-पास की कमजोर मसल्स होने पर घुटने को पर्याप्त सहारा नहीं मिल पाता। इसलिए घुटने के दर्द में केवल जोड़ पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं होता। डॉक्टर जरूरत के अनुसार आस-पास की मसल्स की ताकत और पैर की एक्टिविटी को भी चेक करते हैं।

इसे भी पढ़ें: घुटनों में पानी भरने के कारण चलने-फिरने में होती है दिक्कत? आयुर्वेदाचार्य से जानें इसका इलाज

साल 2019 में Clinical Rheumatology जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, शुरुआती घुटने के अर्थराइटिस (ऑस्टियोअर्थराइटिस) से पीड़ित जिन मरीजों को सीढ़ियां उतरते समय घुटने में दर्द होता है, उनकी कूल्हे की मांसपेशियां (hip abductors) काफी कमजोर पाई गईं। इसके विपरीत, सीढ़ियां चढ़ते समय होने वाले दर्द और कूल्हे की कमजोरी के बीच ऐसा कोई खास संबंध नहीं देखा गया। इससे यह पता चलता है कि शुरुआती घुटने के दर्द, खासकर सीढ़ियां उतरते समय होने वाली परेशानी को ठीक करने या रोकने के लिए, कूल्हे की मसल्स की ताकत को बढ़ाना बेहद जरूरी है।

सीढ़ियां उतरते समय दर्द हो तो क्या करें?

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दीपक अरोड़ा सलाह देते हैं कि घुटने में दर्द होने पर सीढ़ियों से जल्दबाजी में उतरने से बचें। रेलिंग का सहारा लें और एक-एक सीढ़ी संभलकर उतरें। लंबे समय तक दर्द रहने पर खुद से दर्द की दवा लेने या एक्सरसाइज शुरू करने के बजाय ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। डॉक्टर आपकी समस्या के कारण के अनुसार फिजियोथेरेपी, मसल्स को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज, वेट मैनेजमेंट या अन्य इलाज की सलाह दे सकते हैं।

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दीपक अरोड़ा का कहना है कि अगर घुटने का दर्द लगातार बना रहता है, सूजन आती है, घुटना बार-बार अटकता है, चोट के बाद दर्द शुरू हुआ है या सामान्य चलने में भी परेशानी होने लगी है, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। अचानक तेज दर्द या पैर पर वजन डालने में दिक्कत होने पर भी डॉक्टर की सलाह जरूरी है।

निष्कर्ष

सीढ़ियों से नीचे उतरते समय घुटनों में दर्द होना केवल सामान्य कमजोरी की वजह से नहीं होता है। इस दौरान घुटने को शरीर का वजन कंट्रोल करते हुए स्पीड को संभालना पड़ता है, जिससे जोड़ और आस-पास की मसल्स पर दबाव बढ़ सकता है। घुटने की टोपी से जुड़ी समस्या, मसल्स की कमजोरी, ज्यादा वजन या ऑस्टियोअर्थराइटिस जैसे कारण भी भूमिका निभा सकते हैं। अगर दर्द बार-बार हो रहा है या बढ़ रहा है, तो सही कारण जानने के लिए ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या सीढ़ियां उतरते समय घुटने में आवाज आना नॉर्मल है?

    घुटने से कभी-कभी हल्की आवाज आना बिना किसी बीमारी के भी हो सकता है लेकिन अगर आवाज के साथ दर्द, सूजन या घुटना अटकने की समस्या हो, तो जांच कराना सही है।
  • घुटने के दर्द में गर्म सिकाई करनी चाहिए या ठंडी?

    यह दर्द के कारण पर निर्भर करता है। नई चोट या सूजन में ठंडी सिकाई फायदेमंद हो सकती है, जबकि कुछ मामलों में गर्माहट से जकड़न में राहत मिलती है, लगातार दर्द में डॉक्टर की सलाह लें।
  • क्या गलत जूते पहनने से घुटनों का दर्द बढ़ता है?

    बहुत घिसे हुए या सपोर्ट न देने वाले जूते पैर की चाल और दबाव के तरीके को प्रभावित कर सकते हैं। इससे कुछ लोगों में घुटने की परेशानी बढ़ सकती है।

Read Next

अचानक वजन बढ़ने का कारण सिर्फ थायराइड नहीं, ये 7 बीमारियां भी हो सकती हैं जिम्मेदार

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 23, 2026 13:22 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Deepak Kumar Arora

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content