Fri Nov 27, 2026 | 01:20 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sunil Kumar Prabhu , Consultant – Dermatology, Venereology & Aesthetic Medicine

सर्दियों में चेहरे पर झुर्रियां ज्यादा क्यों दिखने लगती हैं? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के 5 उपाय

सर्दियों में चेहरे पर झुर्रियां ज्यादा दिखाई देने लगती हैं। इसकी वजह स्किन में ड्राईनेस और नमी की कमी हो सकती है। झुर्रियों से बचने के लिए क्या करना चाहिए? जानने के लिए इस लेख में डॉक्टर की सलाह जरूर पढ़ें। 
सर्दियों में चेहरे पर झुर्रियां ज्यादा क्यों दिखने लगती हैं? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के 5 उपायcauses of wrinkles in winter

सर्दियां शुरू होते ही कई लोगों के चेहरे पर बहुत ही बारीक लकीरें दिखने लगती हैं। महिलाओं को अक्सर आंखों के आसपास की लकीरें गहरी दिखने लगती हैं, त्वचा खिंची-खिंची महसूस होती है और चेहरा पहले जैसा मुलायम नहीं रहता। ऐसे में कई लोगों को लगता है कि अचानक चेहरे पर झुर्रियां बढ़ने लगी हैं। सर्दियों में चेहरे पर झुर्रियां क्यों बढ़ने लगती हैं? यह जानने के लिए हमने Aster RV Hospital, Bangalore के Consultant Dermatologist Dr. Sunil Kumar Prabhu से बात की। उन्होंने बताया कि सर्दियों में ठंडी हवा, कम नमी और घर के अंदर हीटर का इस्तेमाल करने से स्किन की नेचुरल नमी कम हो जाती है। इस वजह से चेहरे पर झुर्रियां ज्यादा दिखाई देने लगती हैं।

सर्दियों में चेहरे पर झुर्रियां ज्यादा क्यों दिखती हैं?

American Academy of Dermatology Association के मुताबिक, ठंडी हवाओं के कारण स्किन पर बारीक लकीरें और झुर्रियां ज्यादा दिखाई दे सकती हैं। अगर ऐसा ज्यादा महसूस होता है, तो ठंड के मौसम में गाढ़ी मॉइस्चराइजिंग क्रीम का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

Dr. Sunil Kumar Prabhu कहते हैं कि सर्दियों में चेहरे को मॉइस्चराइज न करने से चेहरे की नमी कम होने लगती है, जो झुर्रियां होने का कारण बन सकती है।

1. त्वचा की नमी कम होना

सर्दियों में हवा में नमी कम हो जाती है और इसका असर त्वचा पर भी पड़ता है। स्किन की सबसे बाहरी परत से पानी के बाहर निकलने की प्रक्रिया को ट्रांसएपिडर्मल वॉटर लॉस (TEWL) कहते हैं। ठंडे और नमी की कमी के चलते यह प्रोसेस तेज हो जाता है और इस वजह से स्किन रूखी और खुरदरी हो जाती है। जब त्वचा में पर्याप्त नमी नहीं रहती, तो आंखों, माथे और मुंह के आसपास मौजूद बारीक लकीरें साफ दिखाई देने लगती हैं।

2. स्किन की नेचुरल सेफ्टी वॉल का कमजोर होना

त्वचा की बाहरी परत नमी को बनाए रखने और बाहरी चीजों से सेफ रखने का काम करती है। जब सर्दियों में ठंडी हवा के साथ-साथ लोग गर्म पानी से नहाने और केमिकल वाला फेसवॉश या साबुन इस्तेमाल करने लगते हैं, तो यह सुरक्षा परत कमजोर होने लगती है। इससे त्वचा में खिंचाव, खुजली या जलन महसूस हो सकती है।

3. कमरे में हीटर चलाना

सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग हीटर या ब्लोअर का इस्तेमाल करते हैं। इससे कमरे की हवा और ज्यादा रूखी हो जाती है। जो लोग लगातार ऐसे बंद कमरे में बैठते हैं, उनकी स्किन की नमी पर असर पड़ सकता है। साल 2023 में Skin Research and Technology जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी में पाया गया कि सर्दियों के गर्म और कम नमी वाले इनडोर वातावरण में स्किन की बनावट और झुर्रियां होना देखा गया है। ऐसे में जो लोग सेरामाइड वाली क्रीम लगाते हैं, उनकी स्किन में कुछ सुधार देखा गया है।

Causes of Wrinkles in Winter

यह भी पढ़ें- Stress Side Effects On Skin: चेहरे के मुंहासे और झुर्रियों की वजह कहीं स्ट्रेस तो नहीं? जानें डर्मेटोलॉजिस्ट की राय

सर्दियों में चेहरे की झुर्रियों से राहत पाने के तरीके

Dr. Sunil Kumar Prabhu ने बताया कि अगर लोगों को अपनी स्किन में खिंचाव या बारीक लकीरें महसूस होती है, तो वे अपने स्किनकेयर रूटीन में ये बदलाव कर सकते हैं।

1. चेहरे पर सही मॉइस्चराइजर लगाना

सर्दियों में त्वचा को नमी देने के लिए ऐसा मॉइस्चराइजर चुनें, जिसमें ग्लिसरीन, हायलूरोनिक एसिड, सेरामाइड या स्क्वालेन जैसे इंग्रिडिएंट्स हो। ये स्किन में नमी बनाए रखने और उसकी सुरक्षा परत को मजबूत करने में मदद करते हैं। चेहरा धोने के तुरंत बाद हल्की नम त्वचा में मॉइस्चराइजर लगाएं। इससे त्वचा में मौजूद नमी को बनाए रखने में मदद मिलती है। अगर किसी की ड्राई स्किन है, तो उसे क्रीम बेस्ड मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए।

2. केमिकल वाले साबुन और बार-बार स्क्रब से बचना

सर्दियों में चेहरे को साफ करने के लिए माइल्ड और मॉइस्चराइजिंग क्लींजर इस्तेमाल करना चाहिए। जो लोग सर्दियों में केमिकल वाला साबुन या फेसवॉश इस्तेमाल करते हैं, उनके चेहरे पर बहुत ज्यादा खिंचाव महसूस हो सकता है। साबुन या फेसवॉश लेते समय अल्कोहल वाले स्किनकेयर प्रोडक्ट्स लेने से बचना चाहिए।

इसके अलावा, जिन लोगों की ड्राई स्किन है, उन्हें स्क्रब या एक्सफोलिएशन कम करना चाहिए। कई लोग स्किन को साफ करने के लिए रगड़ने लगते हैं। इससे स्किन में जलन हो सकती है।

3. सर्दियों में भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी

सर्दियों में लोग सनस्क्रीन नहीं लगाते, क्योंकि उन्हें लगता है कि सर्दियों में धूप कम निकलती है, तो सनस्क्रीन लगाने की जरूरत नहीं है। सर्दियों में सनस्क्रीन लगाना जरूरी है, क्योंकि सूरज की अल्ट्रावायलेट (UV) किरणें स्किन में कोलेजन और इलास्टिन को नुकसान पहुंचा सकती हैं। लंबे समय तक बिना सनस्क्रीन के रहने से लोगों के चेहरे पर समय से पहले झुर्रियां और पिगमेंटेशन हो सकता है। इसलिए रोजाना चेहरे, गर्दन और हाथों पर ब्रॉड-स्पेक्ट्रम SPF 30 या उससे ज्यादा वाला सनस्क्रीन लगाकर ही बाहर निकलना चाहिए।

4. एंटी-एजिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करना

रेटिनॉल और दूसरे रेटिनॉइड्स जैसे केमिकल्स झुर्रियों को सुधारने में मदद कर सकेत हैं, लेकिन सर्दियों में रूखी या संवेदनशील त्वचा पर इनसे जलन, लालिमा और छिलने की समस्या बढ़ सकती है। जो लोग पहले से ही रेटिनॉल इस्तेमाल करते हैं और त्वचा में रूखापन बढ़ रहा है, तो इसके इस्तेमाल सीमित कर देना चाहिए। इसके साथ ही बिना डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह के कई एंटी-एजिंग प्रोडक्ट्स एक साथ शुरू नहीं करने चाहिए।

5. घर के अंदर नमी बनाए रखना

अगर कमरे में हीटर या ब्लोअर लंबे समय तक चलता है, तो ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे हवा में नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा, सर्दियों में झुर्रियों से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त नींद और बैलेंस्ड डाइट लें। इसके साथ मौसमी फल, सब्जियां, नट्स और हेल्दी फैट स्किन को सेहतमंद रखने में मदद करते हैं।

यह भी पढ़ें- स्किन पर ये 7 लक्षण हो सकते हैं समय से पहले बुढ़ापे के संकेत, न करें नजरअंदाज

निष्कर्ष

सर्दियों में झुर्रियां नजर आने पर स्किन को नमी दें और इसके लिए स्किन पर मॉइस्चराइजर लगाएं। अगर मॉइस्चराइजर लगाने के बाद भी खुजली या जलन होती है, त्वचा फटने लगी है या लाल चकत्ते दिखाई दे रहे हैं, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • सर्दियों में आंखों के नीचे और होंठों के आसपास झुर्रियां सबसे पहले क्यों उभरती हैं?

    आंखों के आस-पास की त्वचा चेहरे के बाकी हिस्सों की तुलना में लगभग 10 गुना पतली होती है और इसमें ऑयल ग्लैंड्स न के बराबर होती हैं। इसलिए सर्दियों की ठंडी हवा सबसे पहले इसी हिस्से की नमी सोखती है, जिससे मुस्कुराने पर बनने वाली झुर्रियां दिखने लगती हैं।
  • क्या सर्दियों में चेहरे पर पेट्रोलियम जेली लगाने से झुर्रियां कम होती हैं?

    रात में अपना नियमित मॉइस्चराइजर लगाने के बाद ऊपर से पेट्रोलियम जेली की एक पतली परत लगाने से स्किन पूरी रात लॉक रहती है। इससे फाइन लाइंस कम दिखने लगती हैं।

Read Next

सर्दियां शुरु होने के साथ ड्राई हो गई है आपकी बॉडी स्किन? ग्लिसरीन में नारियल तेल मिलाकर लगाएं

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 12:57 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Sunil Kumar Prabhu