Tue Nov 17, 2026 | 05:01 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sunil Kumar Prabhu , Consultant – Dermatology, Venereology & Aesthetic Medicine

चेहरा धोने के कितनी देर बाद लगाना चाहिए मॉइस्चराइजर? डॉक्टर से समझें सही स्टेप्स

फेसवॉश करते ही मॉइस्चराइजर लगाना सही रहता है या फिर कुछ समय तक स्किन को सूखने देना चाहिए? अगर आपका भी यही सवाल है, तो इस लेख को जरूर पढ़ें।
चेहरा धोने के कितनी देर बाद लगाना चाहिए मॉइस्चराइजर? डॉक्टर से समझें सही स्टेप्सचेहरा धोने के कितनी देर बाद लगाना चाहिए मॉइस्चराइजर? डॉक्टर से समझें सही स्टेप्स

सर्दियों में चेहरा धोते ही स्किन टाइट लगने लगती है, तो लोग तुरंत ही मॉइस्चराइजर लगा लेते हैं। कुछ लोग चेहरे को पूरी तरह से सुखाकर मॉइस्चराइजर लगाते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि इसे कब और कैसे लगाना चाहिए? इस बारे में जानने के लिए हमने Dr. Sunil Kumar Prabhu, Consultant - Dermatology, Aster RV Hospital, Bangalore से बात की। उन्होंने बताया कि चेहरा धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाने का एक सही समय होता है। अगर आप इसे सही समय पर लगाते हैं, तो स्किन में नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है। वहीं, गलत तरीके से या जरूरत से ज्यादा मॉइस्चराइजर लगाने से स्किन को फायदा नहीं मिलता।

चेहरा धोने के कितनी देर बाद लगाएं मॉइस्चराइजर?

Dr. Sunil Kumar Prabhu ने कहा, “चेहरा धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाने के लिए स्किन को पूरी तरह से सुखाने की जरूरत नहीं होती। फेसवॉश के एक से तीन मिनट के अंदर ही मॉइस्चराइजर लगा लें। चेहरा धोने के बाद स्किन में हल्की नमी होती है और ऐसे में मॉइस्चराइजर इस नमी को बनाए रखने में मदद करता है। इससे स्किन से पानी का जरूरत से ज्यादा नुकसान होने से बच सकता है और स्किन लंबे समय तक हाइड्रेटेड रह सकती है।”

जिन लोगों की स्किन ड्राई, सेंसिटिव या एक्जिमा से प्रभावित रहती है, उन्हें खास ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि ऐसी त्वचा में रूखापन तेजी से आ सकता है। इसलिए चेहरा धोने के बाद हल्की नमी रहते ही मॉइस्चराइजर लगाना फायदेमंद हो सकता है।

Cleveland Clinic के मुताबिक, स्किन केयर रूटीन में दिन में कम से कम दो बार सुबह और शाम को मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करना चाहिए, क्योंकि यह स्किन ट्रांसएपिडर्मल वॉटर लॉस यानी स्किन से पानी रोकने में मदद करता है। इसके अलावा, मॉइस्चराइजर एक्जिमा और त्वचा में होने वाली अन्य जलन व खुजली से बचाने में भी मददगार हो सकता है।

मॉइस्चराइजर लगाने का सही तरीका क्या है?

Dr. Sunil Kumar Prabhu ने मॉइस्चराइजर लगाने का सही तरीका समझाया है।

1. सबसे पहले चेहरे को क्लींजर से साफ करें

मॉइस्चराइजर लगाने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। इसके लिए अपनी स्किन के अनुसार किसी जेंटल क्लींजर का इस्तेमाल कर सकते हैं। चेहरा धोने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। इससे त्वचा पर जमा धूल-मिट्टी, पसीना और एक्स्ट्रा ऑयल साफ करने में मदद मिलती है।

2. तौलिए से चेहरे को हल्के हाथों से सुखाएं

चेहरा धोने के बाद उसे तौलिए से जोर-जोर से न रगड़ें। एक साफ और मुलायम तौलिया लें और हल्के हाथों से चेहरे को थपथपाकर सुखाएं। ध्यान रखें कि स्किन पूरी तरह सूखनी नहीं चाहिए। उस पर थोड़ी नमी बनी रहने दें।

3. चेहरे के लिए सही मात्रा में मॉइस्चराइजर लें

इसके बाद मटर के दाने जितना मॉइस्चराइजर हथेली पर रखें। चेहरे की जरूरत और प्रोडक्ट के हिसाब से इसकी मात्रा थोड़ी कम या ज्यादा हो सकती है। कुछ लोग बहुत ज्यादा मॉइस्चराइजर लगाने लगते हैं, लेकिन इसकी बहुत ज्यादा जरूरत नहीं होती।

When to Apply Moisturizer After Washing FaceWhen to Apply Moisturizer After Washing Face

यह भी पढ़ें- रात में चेहरे पर मॉइश्चराइजर लगाएं या फेस ऑयल? सर्दियों में ड्राई स्किन के लिए क्या है बेहतर?

4. चेहरे के अलग-अलग हिस्सों पर लगाएं

मॉइस्चराइजर को एक ही जगह लगाने के बजाय माथे, दोनों गालों, नाक और ठुड्डी पर थोड़ा-थोड़ा लगाएं। इसके बाद उंगलियों की मदद से इसे पूरे चेहरे पर फैलाएं।

5. हल्के हाथों से स्किन पर फैलाएं

मॉइस्चराइजर लगाते समय उंगलियों को हल्के हाथों से ऊपर और बाहर की तरफ ले जाएं। स्किन को बहुत ज्यादा खींचने या रगड़ने से बचें। नाक के किनारों, मुंह के आसपास और जबड़े के पास भी मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं।

6. सुबह मॉइस्चराइजर लगाने का तरीका

सुबह चेहरा साफ करने के बाद मॉइस्चराइजर लगाएं। इसके बाद SPF 30 या इससे ज्यादा वाली सनस्क्रीन जरूर लगाएं, ताकि धूप से स्किन को बचाया जा सके।

मॉइस्चराइजर लगाते समय न करें ये गलतियां

Dr. Sunil Kumar Prabhu ने बताया कि मॉइस्चराइजर लगाना आसान है, लेकिन कई बार छोटी-छोटी गलतियों की वजह से स्किन को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पाता।

1. स्किन ड्राई होने पर ही मॉइस्चराइजर लगाना

अगर किसी की स्किन ड्राई है, तो उसे स्किन को हाइड्रेट रखने के लिए मॉइस्चराइजर रेगुलर लगाते रहना चाहिए। स्किन में खिंचाव या सूखी होने पर ही इसे न लगाएं, बल्कि अगर त्वचा नॉर्मल दिख रही है, तो भी लगाते रहें।

2. जरूरत से ज्यादा मॉइस्चराइजर लगाना

कई लोगों को लगता है कि जितनी मोटी परत में मॉइस्चराइजर लगाएंगे, स्किन को उतना ज्यादा फायदा होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। जरूरत से ज्यादा किसी भी प्रोडक्ट को लगाने से स्किन में चिपचिपाहट और तैलीय हो सकती है।

3. चेहरा धोने के लिए बहुत गर्म पानी इस्तेमाल करना

कुछ लोग बहुत गर्म पानी से चेहरा धोते हैं और इससे त्वचा के नेचुरल ऑयल कम हो सकते हैं। चेहरे पर  ड्राईनेस बढ़ सकती है। इसलिए चेहरा साफ करने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर है।

4. अपनी स्किन टाइप के हिसाब से मॉइस्चराइजर न चुनना

हर मॉइस्चराइजर हर तरह की स्किन के लिए सही नहीं होता। अगर किसी की स्किन ऑयली या एक्ने-प्रोन है, तो हल्का और नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइस्चराइजर चुनें। वहीं, ड्राई स्किन के लिए सेरामाइड्स या हायलूरोनिक एसिड वाले थोड़े गाढ़े क्रीम-बेस्ड मॉइस्चराइजर मददगार हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सर्दियों में चेहरे पर पेट्रोलियम जेली लगाएं या मॉइश्चराइजर, जानें ड्राई स्किन के लिए क्या है बेहतर?

निष्कर्ष

कुछ लोग मॉइस्चराइजर की एक मोटी परत लगा लेते हैं, जो कि गलत है। दरअसल, स्किन के हिसाब से सही प्रोडक्ट चुनना बहुत जरूरी है और इसे रेगुलर लगाना चाहिए। सुबह या रात में चेहरा धोने के एक से तीन मिनट के अंदर ही मॉइस्चराइजर लगाना फायदेमंद होता है।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • क्या एक ही मॉइस्चराइजर दिन और रात दोनों समय लगाया जा सकता है? 

     त्वचा को नमी देने के लिए अलग-अलग दिन और रात की क्रीम खरीदना जरूरी नहीं है। दिन और रात दोनों समय एक ही अच्छा मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं। बस दिन के समय उसके ऊपर सनस्क्रीन (SPF) लगाना जरूरी है। 
  • क्या मॉइस्चराइजर लगाने के तुरंत बाद मेकअप या सनस्क्रीन लगाने से वह फट जाता है?

    मेकअप प्रोडक्ट्स लगाने के बीच थोड़ा गैप देना जरूरी है। मॉइस्चराइजर लगाने के बाद, उसे त्वचा में अच्छी तरह समाने के लिए एक से दो मिनट का समय दें।

Read Next

→ नाखून जल्दी टूटना शरीर में किस पोषक तत्व की कमी का संकेत है? डॉक्‍टर से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 17, 2026 16:59 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Sunil Kumar Prabhu