सर्दियों में बार-बार आती है नींद? डॉक्टर से जानें ज्यादा सोने और सुस्ती के 5 कारण

सर्दियों में सुबह उठने का मन नहीं करता, फिर चाहे रात में पर्याप्त नींद ली हो। कई बार दोपहर को बार-बार झपकी आने लगती है, तो कभी दिनभर सुस्ती बनी रहती है। क्या ऐसा ठंड के मौसम में ही महसूस होता है या फिर इसकी वजह कुछ और है? यह जानने के लिए हमने Dr. Vineeta Singh Tandon, Senior Consultant, Internal Medicine, ISIC Multispeciality Hospital, Delhi से बात की। उन्होंने बताया कि इसका कारण सिर्फ मौसम ही नहीं, बल्कि थायराइड, खून की कमी या नींद से जुड़ी परेशानियां हो सकती है।
सर्दियों में ज्यादा नींद आने की क्या वजह है?
Dr. Vineeta Singh Tandon कहती हैं, “सर्दियों में दिन छोटे और रातें लंबी हो जाती हैं। ऐसे में शरीर को मिलने वाली प्राकृतिक रोशनी का पैटर्न बदल जाता है। इसका असर कुछ लोगों की नींद, एनर्जी और मूड पर पड़ सकता है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।”
1. कम धूप से बॉडी क्लॉक पर असर
शरीर में एक नेचुरल घड़ी होती है, जिसे सर्केडियन रिदम या बॉडी क्लॉक कहते हैं। इससे तय होता है कि व्यक्ति को नींद कब आएगी और कब जागना है। सुबह की नेचुरल रोशनी इस सर्केडियन रिदम को सही समय पर चलने का संकेत देती है। सर्दियों में सुबह देर तक अंधेरा रहने और धूप कम मिलने से कुछ लोगों की बॉडी क्लॉक प्रभावित हो सकती है। इसका असर नींद-जागने के समय पर पड़ता है। इस वजह से कई लोगों को सुबह उठने में परेशानी, दिनभर सुस्ती और काम में मन न लगने जैसी दिक्कतें महसूस हो सकती हैं।
2. मेलाटोनिन हार्मोन में बदलाव
मेलाटोनिन नींद से जुड़ा हार्मोन है, जिसका प्रोडक्शन अंधेरा होने पर शरीर में बढ़ता है। इससे नींद आने में मदद मिलती है। अगर रोशनी कम हो, तो मेलाटोनिन का स्तर कम होने लगता है। सर्दियों में दिन छोटे होने और अंधेरा ज्यादा देर रहने से मेलाटोनिन के बनने और शरीर की नींद-जागने की लय पर असर पड़ सकता है। खासतौर पर उन लोगों में यह बदलाव ज्यादा महसूस हो सकता है, जो मौसम के बदलाव के प्रति ज्यादा सेंसिटिव होते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति में सर्दियों के दौरान मेलाटोनिन का स्तर एक जैसा नहीं बदलता।
3. फिजिकल एक्टिविटी कम होना
ठंड बढ़ने पर कई लोग सुबह की सैर, एक्सरसाइज और बाहर निकलना कम कर देते हैं। ज्यादातर समय घर या ऑफिस के अंदर बैठकर बिताने से फिजिकल एक्टिविटी काफी कम हो जाती है। इससे दिनभर शरीर में सुस्ती महसूस हो सकती है। इसके अलावा, सर्दियों में कुछ लोग बहुत ज्यादा तला-भुना खाना खाते हैं और पानी कम पीते हैं, तो ये आदतें थकान और सुस्ती बढ़ा सकती हैं।
Winter Sleepiness Causes
यह भी पढ़ें- वीकेंड पर देर तक सोकर पूरे हफ्ते की नींद पूरी कर रहे हैं? जानें यह आदत सही या नहीं?
4. सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (SAD)
कुछ लोगों में सर्दियों के दौरान सिर्फ नींद ही नहीं बढ़ती, बल्कि मूड और बिहेवियर में भी बदलाव आने लगते हैं। इसे सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (SAD) कहा जाता है। इसे डिप्रेशन का एक प्रकार माना जाता है, जिसके लक्षण आमतौर पर किसी खास मौसम में दिखाई देते हैं।
National Institute of Mental Health (NIMH) के मुताबिक, सर्दियों में होने वाले SAD में ज्यादा सोना, एनर्जी की कमी, उदासी, मनपसंद काम करने का मन न करना और मीठा या कार्बोहाइड्रेट वाला खाना खाने की ज्यादा इच्छा जैसे लक्षण हो सकते हैं। अगर किसी को ये लक्षण दो हफ्ते से ज्यादा रहते हैं, तो उन्हें डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
5. विटामिन D की कमी
सर्दियों में सूरज की रोशनी कम होती है और ठंड के कारण लोग घरों के अंदर ही रहना पसंद करते हैं। इस वजह से लोगों को विटामिन D कम मिलता है, जिससे थकान और कम एनर्जी के लक्षण बढ़ जाते हैं। इसलिए सर्दियों में धूप में बैठना भी जरूरी है, ताकि शरीर को एनर्जी मिल सके।
क्या ज्यादा नींद किसी बीमारी का कारण हो सकता है?
Dr. Vineeta Singh Tandon का कहना है, “सर्दियों में थोड़ी सुस्ती या नींद के समय में बदलाव सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर रात में पर्याप्त नींद लेने के बाद भी दिनभर नींद आती है, दोपहर में बार-बार झपकी लगती है या काम करते समय भी सोने का मन करता है, तो इसका कारण बीमारियां भी हो सकता है।”
- खून की कमी या एनीमिया के कारण लोगों को थकान, कमजोरी और सुस्ती हो सकती है।
- जिन लोगों को हाइपोथायरॉइडिज्म की समस्या होती है, उन्हें थकान, ज्यादा नींद और शरीर में सुस्ती महसूस हो सकती है।
- सोते समय सांस रुकने या खर्राटे लेने से नींद पर असर पड़ सकता है।
- कुछ लोगों में डिप्रेशन की वजह से भी नींद के पैटर्न में बदलाव हो सकता है।
सर्दियों में ज्यादा नींद और सुस्ती से राहत पाने के तरीके
Dr. Vineeta Singh Tandon ने सलाह दी है कि कुछ आदतों में बदलाव करके दिनभर एक्टिव रहा जा सकता है।
- सुबह उठने के बाद कुछ समय बाहर सूरज की रोशनी में समय बिताएं।
- ठंड के कारण टहलना या एक्सरसाइज करना बंद न करें। अपनी क्षमता के अनुसार 20 से 30 मिनट पैदल चलें या घर पर हल्की एक्सरसाइज करें।
- रोजाना लगभग एक ही समय पर सोने और उठने की आदत डालना चाहिए।
- डाइट में फल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करनी चाहिए और ठंड में पानी का भी ध्यान रखना चाहिए।
- अगर दिन में नींद आती है, तो पॉवर नैप ले सकते हैं, लेकिन ज्यादा समय तक सोने से रात की नींद प्रभावित हो सकती है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में सुबह उठते ही शरीर में क्यों बढ़ जाती है अकड़न? डॉक्टर से जानें कारण और राहत पाने के आसान तरीके
निष्कर्ष
सर्दियों में ज्यादा नींद आने की वजह सिर्फ ठंड नहीं, बल्कि कम धूप, बॉडी क्लॉक में बदलाव, मेलाटोनिन और फिजिकल एक्टिविटीज की कमी भी हो सकती है। कुछ लोगों में यह बदलाव सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर की वजह से भी हो सकता है। इसलिए सर्दियों में लोगों को पर्याप्त नींद लेने के साथ डाइट का भी ध्यान रखना चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
सर्दियों में सुस्ती भगाने के लिए बार-बार चाय या कॉफी पीना क्या सही तरीका है?
दिन में तीन से चार कप से ज्यादा चाय या कॉफी पीने से कैफीन का असर खत्म होते ही शरीर में अचानक थकान महसूस होती है। इसलिए शाम को 8 बजे के बाद कैफीन लेने से रात की नींद खराब होती है, जिस वजह से अगले दिन सुस्ती बनी रहती है।सर्दियों में नाक बंद रहने या सूखी हवा के कारण भी क्या दिन भर नींद आ सकती है?
सर्दियों में ठंडी और सूखी हवा के कारण नाक की अंदरूनी झिल्ली में सूजन आ जाती है, जिससे रात में सोते समय सांस लेने में रुकावट होती है और बार-बार नींद टूटती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 14:00 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Vineeta Singh Tandon