Fri Sep 11, 2026 | 06:54 PM IST

Medically Reviewed by Dr Gopal Jee Sharma , Sr. Consultant – Internal Medicine

बातचीत के दौरान अचानक आसान शब्द भूल जाते हैं? जानें इसके सामान्य कारण

कई बार ऐसा होता है कि हम किसी से बात कर रहे होते हैं और अचानक कोई बहुत आसान शब्द याद नहीं आता। कुछ सेकंड बाद वही शब्द अपने आप याद आ जाता है। यहां जानें इसके पीछे कौन से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।

क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप किसी से बातचीत कर रहे हों और अचानक एक बेहद आसान शब्द याद ही न आए? वह शब्द आपकी जुबान पर तो होता है, लेकिन लाख कोशिश करने के बाद भी कुछ सेकंड या मिनट तक याद नहीं आता। बाद में अचानक वही शब्द अपने आप याद आ जाता है। कैलाश अस्पताल, देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, जब कोई शब्द दिमाग में मौजूद होता है लेकिन उसे बोलने के लिए तुरंत याद नहीं किया जा सकता, तो इसे "टिप ऑफ द टंग" कहा जाता है। यह एक बेहद सामान्य स्थिति है और लगभग हर व्यक्ति ने अपने जीवन में इसका अनुभव किया होता है। इस दौरान व्यक्ति को महसूस होता है कि शब्द उसे पता है, लेकिन वह उसे व्यक्त नहीं कर पा रहा। कुछ सेकंड या मिनट बाद वही शब्द अचानक याद भी आ जाता है।

बोलते समय शब्द क्यों भूल जाते हैं?

डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं, ''कई बार दिमाग में जानकारी मौजूद होने के बावजूद उसे बाहर लाने की प्रोसेस थोड़ी धीमी हो जाती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। ज्यादा तनाव, चिंता, मानसिक दबाव, पर्याप्त नींद न लेना या लगातार कई काम एक साथ करना दिमाग की शब्दों को याद करने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। जब मस्तिष्क पर ज्यादा दबाव होता है, तो जानकारी को खोजने और सही समय पर उपयोग करने में थोड़ी देर लग सकती है। यही वजह है कि बिजी या तनावपूर्ण दिनों में लोग ज्यादा बार शब्द भूलते हुए नजर आते हैं।''

  • डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ दिमाग के फंक्शन में कुछ नेचुरल बदलाव आते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि याददाश्त कमजोर हो रही है, बल्कि दिमाग को कुछ शब्दों तक पहुंचने में पहले की तुलना में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है।
  • इसी कारण उम्रदराज लोगों में "टिप ऑफ द टंग" की घटनाएं ज्यादा देखने को मिलती हैं। अगर यह कभी-कभार हो रहा है और व्यक्ति सामान्य रूप से बातचीत कर पा रहा है, तो आमतौर पर चिंता की जरूरत नहीं होती।

इसे भी पढ़ें: 5 मिनट का Mini Stroke हो सकता है बड़े स्ट्रोक की चेतावनी, इन संकेतों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

 Why Suddenly Forget Simple Words

National Institute on Aging में प्रकाशित आर्टिकल से यह साफ है कि भूलने की बीमारी का कारण हमेशा बुढ़ापा या डिमेंशिया ही नहीं होता। तनाव, खराब लाइफस्टाइल, नींद की कमी, पोषण की कमी और डिप्रेशन जैसी मानसिक या मेडिकल परेशानियां भी हमारी याददाश्त पर गहरा असर डालती हैं। अच्छी बात यह है कि सही इलाज, बैलेंस खान-पान और तनावमुक्त जीवन जीने से इन समस्याओं को ठीक किया जा सकता है। इसलिए, यदि आप या आपका कोई करीबी लगातार याददाश्त में कमजोरी महसूस कर रहा है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है ताकि समय पर सही कदम उठाया जा सके।

इसे भी पढ़ें: Silent Stroke क्या है? इसके कारण, शुरुआती लक्षण, जांच और इलाज डॉक्टर से जानें

क्या यह गंभीर समस्या का संकेत है?

कभी-कभी शब्द भूलना सामान्य है, लेकिन यदि यह समस्या बार-बार होने लगे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को लगातार सही शब्द खोजने में कठिनाई हो रही है, बातचीत प्रभावित होने लगी है या दूसरों की बात समझने में परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। इसके अलावा पढ़ने, लिखने या भाषा को समझने में अचानक कठिनाई महसूस होना भी चेतावनी का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में समस्या सिर्फ सामान्य भूलने की नहीं, बल्कि किसी न्यूरोलॉजिकल स्थिति से जुड़ी हो सकती है।

अफेजिया क्या है और इसका शब्द भूलने से कनेक्शन

डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, कुछ मामलों में शब्द याद न आना अफेजिया (Aphasia) नामक स्थिति का संकेत हो सकता है। यह तब होता है जब दिमाग के वे हिस्से प्रभावित हो जाते हैं जो भाषा को कंट्रोल करते हैं। स्ट्रोक इसके सबसे सामान्य कारणों में से एक है।

  • अफेजिया का एक प्रकार एनॉमिक अफेजिया (Anomic Aphasia) भी होता है।
  • इसमें व्यक्ति को पूरी तरह पता होता है कि वह क्या कहना चाहता है, लेकिन सही शब्द याद नहीं आता।
  • यह समस्या सामान्य भूलने की तुलना में ज्यादा गंभीर मानी जाती है और हेल्थ चेकअप की जरूरत होती है।

अफेजिया का पता कैसे लगाया जाता है?

National Institute on Deafness and Other Communication Disorders की रिपोर्ट के अनुसार, अफेजिया की पहचान केवल लक्षण देखकर नहीं की जा सकती, बल्कि इसके लिए डॉक्टर और स्पीच-लैंग्वेज एक्सपर्ट द्वारा जांच की जाती है। सबसे पहले डॉक्टर मरीज की बोलने, समझने, पढ़ने और लिखने की क्षमता का आंकलन करते हैं। जरूरत पड़ने पर ब्रेन स्कैन जैसे CT या MRI के जरिए यह देखा जाता है कि मस्तिष्क का कौन-सा हिस्सा प्रभावित हुआ है। यदि डॉक्टर को अफेजिया का संदेह होता है, तो मरीज को स्पीच-लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट के पास भेजा जाता है, जो भाषा और संवाद से जुड़ी क्षमताओं की विस्तार से जांच करते हैं।

अगर किसी व्यक्ति को अचानक बोलने में परेशानी, सही शब्द याद न आना, दूसरों की बात समझने में कठिनाई या स्ट्रोक जैसे अन्य लक्षण दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और सही इलाज से स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है और मरीज की संवाद करने की क्षमता में सुधार लाने में मदद मिल सकती है।

डॉक्टर की सलाह

डॉ. गोपाल जी शर्मा का कहना है कि यदि शब्द भूलने के साथ अचानक शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, सुन्नपन, बोलने में दिक्कत, चेहरे का टेढ़ा होना, बैलेंस बिगड़ना या समझने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर की मदद लेनी चाहिए। ये स्ट्रोक जैसी गंभीर डिजीज के संकेत हो सकते हैं और समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है।

निष्कर्ष

बातचीत के दौरान कभी-कभार कोई आसान शब्द भूल जाना आमतौर पर "टिप ऑफ द टंग" फिनोमेनन का हिस्सा होता है और यह तनाव, थकान, नींद की कमी या बढ़ती उम्र के कारण हो सकता है लेकिन यदि यह समस्या बार-बार होने लगे, भाषा समझने या बोलने में कठिनाई आने लगे या इसके साथ अन्य न्यूरोलॉजिकल लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। समय रहते जांच कराने से किसी गंभीर समस्या का पता लगाया जा सकता है और उचित उपचार शुरू किया जा सकता है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • ज्यादा टेंशन लेने से दिमाग में क्या होता है?

    लगातार तनाव और चिंता दिमाग की जानकारी को तुरंत याद करने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं, साथ ही कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
  • दिमाग की नसों को ताकत देने के लिए क्या खाना चाहिए?

    दिमाग की नसों को ताकत देने के लिए हमेशा बैलेंस डाइट लें, तनाव कर करें और हेल्दी लाइफस्टाइल को मेंटेन करें।
  • भूलने की बीमारी होने पर क्या करें?

    भूलने की बीमारी होने पर डॉक्टर से सलाह लें और उचित इलाज को फॉलो करें।

Read Next

Glycemic Index vs Glycemic Load: सिर्फ GI नहीं, 'ग्लाइसेमिक लोड' भी है जरूरी! जानें दोनों में क्या अंतर है

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Jul 26, 2026 14:00 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Gopal Jee Sharma

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content