Sat Nov 21, 2026 | 12:21 AM IST

Medically Reviewed by Dr. Tanuj Kumar Verma , Paediatric Interventional Pulmonologist and Intensivist - Cloudnine Hospital, Ghaziabad

खाना खाते समय बच्चा बार-बार मांगता है पानी? डॉक्टर से जानें क्या हो सकते हैं इसके कारण

बच्चे का खाना खाते समय बार-बार पानी मांगना अक्सर एक आम आदत होती है, लेकिन यह सूखे या नमकीन खाने, लार की कमी या निगलने में परेशानी का संकेत भी हो सकता है।
खाना खाते समय बच्चा बार-बार मांगता है पानी? डॉक्टर से जानें क्या हो सकते हैं इसके कारणखाना खाते समय बच्चा बार-बार मांगता है पानी? डॉक्टर से जानें क्या हो सकते हैं इसके कारण

अक्सर लोगों को खाना खाते समय या खाने के तुरंत बाद पानी न पीने की सलाह दी जाती है। ऐसा बच्चों को भी कहा जाता है। लोग यह मानते हैं खाने के दौरान पानी पीने से पाचन पर बुरा असर होता है। लेकिन कई बार बच्चा खाना खाते समय पानी मांगता है, जो कई बार आम बात हो सकती है, लेकिन अगर ऐसा लगातार होता है, तो क्या करना चाहिए और यह किसी स्वास्थ्य समस्या के कारण तो नहीं? यह सवाल अक्सर पेरेंट्स के मन में उठता है। ऐसे में आइए इस बारे में Dr. Tanuj Kumar Verma, Senior Paediatrician and Intensivist, Cloudnine Group of Hospitals, Indirapuram से जानें।

क्या खाते समय बच्चे का बार-बार पानी मांगना परेशानी का कारण है?

डॉ. तनुज के अनुसार, खाना खाते समय बार-बार पानी मांगना 10 में से 7 बच्चों में सिर्फ एक आम आदत होती है, लेकिन बचे हुए 3 बच्चों में यह किसी छिपी हुई समस्या का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि कब यह नॉर्मल है और कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।

1. आदत के कारण

कई बच्चे खाने के बीच में ब्रेक लेने के लिए या खाने से बचने के लिए पानी मांगते हैं। खासकर 1-3 साल के बच्चे ठीक से चबाना नहीं जानते हैं, इसलिए उन्हें निगलने के लिए पानी चाहिए होता है। ध्यान रहे, अगर बच्चा एक्टिव है, वजन सही बढ़ रहा है और उसे कोई और परेशानी नहीं है, तो यह सिर्फ आदत है।

इसे भी पढ़ें: रात में प्यास के कारण बार-बार नींद टूटना किस समस्या का संकेत हो सकता है? डॉक्टर से जानें

2. सूखा या ज्यादा नमक वाला खाना

परांठा, रोटी, नमकीन, चिप्स, ये सब मुंह को सूखा देते हैं। ज्यादा नमक भी प्यास बढ़ाता है। ऐसे फूड्स का अधिक सेवन करने से बच्चे को अधिक प्यास लग सकती है। ऐसे में इससे बचने के लिए बच्चे की डाइट में दाल, दही, सब्जी और सलाद जरूर रखें, साथ ही खाना थोड़ा गीला और नरम रखें।

साल 2010 में Current Sports Medicine Reports में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, जब खाने में नमक (सोडियम) ज्यादा होता है या खून में सोडियम का स्तर बढ़ जाता है, तो दिमाग के खास हिस्से (ऑस्मोरेसेप्टर्स) एक्टिव हो जाते हैं और हमें प्यास लगने का संकेत देते हैं।

why children ask for water while eating 01why children ask for water while eating 01

3. मुंह में लार की कमी या मुंह से सांस लेना

लार खाने को नरम करके निगलने में मदद करती है। अगर बच्चा मुंह से सांस लेता है, उसे सर्दी-जुकाम रहता है या वह कोई एलर्जी की दवा ले रहा है, तो मुंह सूख सकता है और बच्चे को बार-बार पानी चाहिए होगा।

4. निगलने में परेशानी

अगर बच्चा रोटी/ब्रेड निगलते समय अटकता है, खांसता है, बार-बार गला साफ करता है या उसकी आवाज खाते समय गीली-सी हो जाती है, तो यह Dysphagia (निगलने की समस्या) हो सकती है। जिसके कारण बच्चा खाना खाते समय पानी की मांग कर सकता है। इस स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

इसे भी पढ़ें: बच्चों को बार-बार प्यास लगना कहीं किसी समस्या का संकेत तो नहीं? जानें इसका कारण और बचाव

क्या खाने के साथ पानी पीने से पाचन खराब होता है?

अक्सर लोग यह कहते हैं कि खाना खाते समय पानी पीने से पाचन पर बुरा असर होता है, लेकिन क्या वाकई ऐसा है? इस पर डॉ. तनुज कहते हैं कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। खाने के दौरान 1/2 से 1 गिलास तक पानी पीना पूरी तरह सेफ है। यह पाचन को खराब नहीं करता है, बल्कि सूखा खाना निगलने में मदद करता है।

पेरेंट्स क्या करें और क्या नहीं?

डॉ. तनुज बताती हैं, बच्चे के बार-बार पानी मांगने पर पेरेंट्स को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए कि इस दौरान क्या करना चाहिए और क्या नहीं?

क्या करें?

  • छोटे-छोटे घूंट में पानी दें।
  • धीरे-धीरे चबाकर खाने के लिए प्रोत्साहित करें।
  • खाने में फाइबर, प्रोटीन और पानी वाले फल-सब्जियां शामिल करें।

क्या न करें?

  • पानी मांगने पर डांटें नहीं।
  • जबरदस्ती पानी न पिलाएं।
  • खाने के समय TV/मोबाइल की आदत न डालें।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

डॉ. तनुज कहते हैं कि अगर बच्चे में आपको कुछ लक्षण दिखाई देते हैं, तो इनको नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

  • बच्चा दिनभर बहुत ज्यादा पानी पीता है या बार-बार पेशाब करता है।
  • रात में प्यास के कारण बार-बार उठता है।
  • बिना कारण वजन कम हो रहा है।
  • खाना अटकता है, खांसी आती है या खाना खाने से डरता है।
  • मुंह हमेशा सूखा रहता है या होंठ फटते हैं।

ये लक्षण टाइप-2 डायबिटीज या निगलने की गंभीर समस्या के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। इन्हें हल्के में न लें। खाने के साथ पानी पीना नुकसानदायक नहीं है। चिंता तब करें जब पानी की मांग असामान्य रूप से ज्यादा हो और उसके साथ ऊपर वाले लक्षण भी दिखें।

निष्कर्ष

खाना खाते समय बच्चे का बार-बार पानी मांगना ज्यादातर मामलों में सिर्फ एक आम आदत है। इसके अलावा, कई बार यह सूखा या नमकीन खाने और ठीक से चबा न पाने के कारण होता है। खाने के साथ थोड़ा पानी पीना पाचन खराब नहीं करता है। बच्चों को धीरे चबाने दें, छोटे घूंट में पानी दें और डांटने या टीवी-मोबाइल की आदत से बचें।

हालांकि, अगर बच्चा बहुत ज्यादा पानी पीता है, बार-बार पेशाब करता है, वजन कम करता है, या खाना निगलते समय अटकता व खांसता है, तो यह निगलने की समस्या या डायबिटीज जैसी किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • बार-बार प्यास लगने के क्या कारण हैं?

    शरीर में पानी की कमी होने, कैफीन या अल्कोहल का अधिक सेवन करने, मुंह सूखने, डायबिटीज और दवाइयों का सेवन करने के कारण व्यक्ति को बार-बार प्यास लगने की समस्या हो सकती है।
  • शरीर में पानी की कमी होने के लक्षण क्या हैं?

    शरीर में पानी की कमी होने पर व्यक्ति को बार-बार प्यास लगने, थकान, सुस्ती, सिरदर्द, चक्कर आने, पेशाब में बदलाव, मुंह में सूखापन महसूस होने, कब्ज और स्किन के ड्राई होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Read Next

सर्दियों में शिशु को ठंड से बचाने के लिए न पहनाएं ढेर सारे कपड़े, डॉक्टर से जानें कितनी लेयर जरूरी

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 20, 2026 22:49 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr. Tanuj Kumar Verma