सर्दियों में शिशु को ठंड से बचाने के लिए न पहनाएं ढेर सारे कपड़े, डॉक्टर से जानें कितनी लेयर जरूरी

सर्दियां शुरू होते ही पेरेंट्स अपने नवजात शिशु को कई लेयर कपड़े पहनना शुरू कर देते हैं, ताकि उन्हें ठंड से बचाया जा सके। ठंड से बचाने के लिए शिशु को स्वेटर, जैकेट, टोपी और जुराब पहना दिया जाता है और फिर उसे मोटे कंबल में लपेटकर रखा जाता है। इतना ज्यादा ढककर और जरूरत से ज्यादा गर्म रखना शिशु को परेशान कर सकता है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि ठंड में शिशु को कितने लेयर कपड़े पहनाने चाहिए? इस बारे में जानने के लिए हमने Dr. Abhishek Chopra, Senior Consultant, Paediatrician and Neonatologist, Cloudnine Group of Hospitals, New Delhi से बात की। उन्होंने बताया कि बहुत सारे कपड़े पहनाने या मोटे कंबल वाले बिस्तर पर सुलाने से शिशु को ओवरहीटिंग हो सकती है। इससे शिशु के शरीर का तापमान बढ़ सकता है, इसलिए शिशु को सही तरीके से कपड़े पहनना जरूरी होता है।
शिशु को ज्यादा कपड़े पहनाने का नुकसान
Dr. Abhishek Chopra कहते हैं, “शिशु का शरीर तापमान को नियंत्रित करने में अभी पूरी तरह सक्षम नहीं होता। ऐसे में अगर शिशु को जरूरत से ज्यादा कपड़े पहना दिए जाएं या मोटे कंबल में लपेट दिया जाए, तो उसके शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। इस स्थिति को ओवरहीटिंग कहा जाता है। इस परेशानी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। शिशुओं में ओवरहीटिंग को सडन इन्फेंट डेथ सिंड्रोम (SIDS) से जोड़ा गया है। इसलिए बच्चे को ज्यादा कपड़े पहनाते हुए इन लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए।
- शिशु को ज्यादा गर्मी लग सकती है।
- स्किन बहुत गर्म या लाल हो सकती है।
- बहुत तेज पसीना आ सकता है।
- शिशु बेचैन दिख सकता है।
- सांस तेज चलने लगती है।
- शिशु का लगातार रोता रहता है।
सर्दियों में नवजात को कितने कपड़े पहनाने चाहिए?
Dr. Abhishek Chopra ने बताया कि अक्सर पेरेंट्स शिशु को सर्दी से बचाने के लिए एक के ऊपर एक कई कपड़े पहना देते हैं। स्वेटर, जैकेट, टोपी और मोटी जुराबे एक साथ पहनाना जरूरी नहीं है। बच्चे को कितने कपड़ों की जरूरत है, यह बाहर के मौसम और कमरे के तापमान पर निर्भर करता है। शिशु को कपड़ों की लेयर पहनाने का एक बड़ा सरल नियम है कि शिशु को उतनी ही कपड़ों की परतें पहनाएं, जितनी एक वयस्क को आरामदायक महसूस करने के लिए चाहिए। जरूरत पड़ने पर एक हल्की अतिरिक्त परत रख सकते हैं। अगर शिशु घर के अंदर है, तो उसे मौसम के अनुसार कपड़े पहनाने चाहिए, लेकिन घर के बाहर जाते समय टोपी या जैकेट पहना सकते हैं।
How to Dress Baby in Winter
यह भी पढ़ें- क्या 2 साल से छोटे बच्चों को मास्क पहनाना चाहिए? दिवाली के प्रदूषण में पेरेंट्स रखें ध्यान
सर्दियों में शिशु को सुलाते समय कपड़ों का ध्यान रखना जरूरी
NHS के अनुसार, सर्दियों में शिशुओं को वयस्कों से बस एक लेयर ज्यादा पहनाना चाहिए। अगर घर के अंदर, गर्म कार, बस या ट्रेन में है, तो शिशुओं के अतिरिक्त कपड़े हटा देने चाहिए। रात के समय शिशुओं को मोटे कंबल में लपेटने के बजाय हल्के कंबल का इस्तेमाल करें।
Dr. Abhishek Chopra ने कहा, “सर्दियों में शिशु को सुलाते समय पेरेंट्स उसे मोटे कंबल या रजाई में लपेट देते हैं। कुछ लोग शिशु के आस-पास तकिया, मुलायम खिलौने और ढीली चादरें भी रख देते हैं, लेकिन सुरक्षित नींद के लिए इन चीजों से बचना जरूरी है।
- मोटे कंबल, तकिया, मुलायम खिलौने या ढीली चादर बच्चे के चेहरे को ढक सकती हैं। इससे सांस लेने में परेशानी और दम घुटने का खतरा बढ़ सकता है।
- नवजात को हमेशा पीठ के बल सुलाएं। उसके लिए ऐसा अलग बेड या पालना चुनें, जिसमें गद्दा सख्त और समतल हो।
- बच्चे को गर्म रखने के लिए सही आकार का स्लीपिंग बैग इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे उसे गर्माहट मिलती है और सोने की जगह पर ढीले कंबल रखने की जरूरत नहीं पड़ती।
बच्चे के कमरे में हीटर चलाते समय किन बातों का ध्यान रखें
Dr. Abhishek Chopra ने बताया कि सर्दियां बढ़ने पर कई घरों में नवजात के कमरे में हीटर चलाया जाता है। इससे कमरा गर्म तो हो जाता है, लेकिन हीटर का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए।
- हीटर को शिशु के बिल्कुल पास न रखें और न ही बच्चे को उसके सामने सीधे सुलाएं।
- कमरे को जरूरत से ज्यादा गर्म न करें। इससे शिशु को ओवरहीटिंग हो सकती है।
- शिशु के कमरे का तापमान आरामदायक रखना चाहिए उसमें वेंटिलेशन होना जरूरी है।
सर्दियों में शिशु को ज्यादा गर्मी लगने की पहचान कैसे करें?
Dr. Abhishek Chopra कहते हैं, “शिशु को ज्यादा गर्मी लगने पर सिर्फ उसके हाथ-पैर छूकर तय न करें कि उसे ठंड लग रही है या गर्मी। हाथ-पैर के बजाय शिशु की गर्दन के पीछे, छाती या पेट को हल्के से छूकर देखें। अगर स्किन बहुत गर्म या लाल दिखाई दे, तो तुरंत शिशु से कपड़े की एक परत कम कर दें। अगर शिशु को बहुत गर्मी लग रही है, तो उसे मोटे कंबल में लपेटने से बचना चाहिए। अगर शिशु सुस्त और ब्रेस्टफीड न करें, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।”
यह भी पढ़ें- शिशु को जरूरत से ज्यादा दूध पिलाना हो सकता है खतरनाक, जानें 5 बड़े नुकसान
निष्कर्ष
सर्दियों में शिशुओं को ठंड से बचाने के लिए उन्हें बहुत ज्यादा कपड़ों में लपेटने से बचना चाहिए। शिशु को मौसम के हिसाब से कपड़े पहनाएं और अगर कमरे का तापमान गर्म है, तो शिशु की टोपी, ऊपर की जैकेट और ऊनी जुराबों को निकाला जा सकता है। पेरेंट्स को समझना चाहिए कि सर्दी से बचाते हुए उसे जरूरत से ज्यादा गर्म न कर दें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या सर्दियों में शिशु की त्वचा पर सीधे ऊनी कपड़े पहनाने से एलर्जी या रैशेज हो सकते हैं?
ऊन के रेशे खुरदरे होते हैं, जो शिशु की कोमल स्किन में चुभन, लालिमा और एक्जिमा को बढ़ा सकते हैं। इसलिए सबसे अंदर हमेशा सूती के कपड़े पहनाएं और उसके ऊपर ही ऊनी स्वेटर या कार्डिगन डालें।क्या सर्दियों में शिशु को रोजाना गर्म पानी से नहलाना जरूरी है या स्पंज बाथ देना बेहतर है?
कड़ाके की ठंड में नवजात शिशु को रोज नहलाने से उनकी स्किन की नेचुरल नमी खत्म हो जाती है और ठंड लगने का डर रहता है। इसके बजाय हफ्ते में दो से तीन बार गुनगुने पानी से नहलाएं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 20, 2026 16:15 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Abhishek Chopra