Sun Nov 29, 2026 | 01:18 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sadhna Singhal Vishnoi , Senior Consultant – Obstetrics and Gynaecology - Cloudnine Hospital, Punjabi Bagh, New Delhi

बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद कितने दिन बाद काम करना चाहिए?

बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद आप कब पूरी तरह से रिकवर कर जाते हैं और काम पर लौट सकते हैं, इस बारे में पर्याप्त जानकारी होनी चाहिए। आइए, डॉक्टर से पहले समझते हैं कि इस ऑपरेशन से रिकवर होने में कितना समय लगता है?
बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद कितने दिन बाद काम करना चाहिए?When to resume work after hysterectomy or Uterus Surgery 

बच्चेदानी यानी गर्भाशय का ऑपरेशन कुछ खास मेडिकल कंडीशन में किया जाता है जैसे कि फाइब्रॉएड निकालने, एंडोमेट्रियोसिस की स्थिति में, गर्भाशय खिसकने पर और कैंसर जैसी कुछ बीमारियों की स्थिति में। ऑपरेशन के बाद महिलाओं के मन में अक्सर यह सवाल होता है कि वे काम पर कब लौट सकती है या कितने दिनों में दोबारा अपने रोजमर्रा के काम शुरू कर सकती हैं? हालांकि, काम पर लौटना तभी सही है जब आप पूरी तरह से रिकवर हो जाएं और शरीर उस क्षमता से काम कर पाए, जितना आपके प्रोफेशन के लिए जरूरी है और जिससे शरीर को नुकसान भी न हो। इस बारे में विस्तार से जानकारी के लिए हमने Dr. Sadhna Singhal Vishnoi, Associate Director - Department of Obestrics and Gynecology at Cloudnine Group of Hospitals, Punjabi Bagh से बात की।

बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद कितने दिन बाद काम करना चाहिए?

Dr. Sadhna Singhal Vishnoi इसका जवाब हर महिला के लिए अलग हो सकता है, क्योंकि रिकवरी का समय ऑपरेशन के प्रकार, सर्जरी की तकनीक और महिला की शारीरिक स्थिति पर निर्भर करता है। अगर ऑपरेशन हिस्टेरेक्टॉमी के रूप में हुआ है, तो रिकवरी का समय इस बात पर निर्भर करता है कि सर्जरी किस तरीके से की गई है जैसे-

  1. लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की गई है तो इसमें छोटे चीरे लगाए जाते हैं। अधिकतर महिलाएं 2 से 4 सप्ताह में हल्के काम शुरू कर सकती हैं। फरवरी 2026 में American Journal of Obstetrics and Gynecology में प्रकाशित यह स्टडी बताती है कि लो-इम्पैक्ट लैप्रोस्कोपी (LIL) से लैप्रोस्कोपिक हिस्टेरेक्टॉमी, गर्भाशय निकालने की सर्जरी में ज्यादा कारगर है। इसके 6 घंटे बाद से ही मरीज की रिकवरी शुरू हो जाती है।
  2. डॉ. साधना कहती हैं कि वेजाइनल हिस्टेरेक्टॉमी है सामान्य रिकवरी में लगभग 2 से 4 सप्ताह लग सकते हैं। इस सर्जरी में अक्सर उसी दिन या 1 रात रुकने की जरूरत होती है। सामान्य गतिविधियों में वापस आने में आमतौर पर 2 से 6 सप्ताह का समय लगता है और भारी सामान उठाने या पेल्विक क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों पर अक्सर 6 सप्ताह तक पाबंदी रहती है।
  3. ओपन सर्जरी हुई है तो पूरी तरह स्वस्थ होने में आमतौर पर 6 से 8 सप्ताह या इससे अधिक समय लग सकता है क्योंकि इसमें पेट में बड़ा चीरा लगता है।

इसे भी पढ़ें: बच्चेदानी कमजोर होने के क्या लक्षण होते हैं? खुद डॉक्टर से जानें

कब शुरू कर सकते हैं घर और ऑफिस के काम?

डॉ. साधना कहती हैं कि ऑपरेशन के बाद शुरुआती दिनों में पर्याप्त आराम करना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि महिला लगातार बिस्तर पर ही रहे। डॉक्टर की सलाह के अनुसार धीरे-धीरे चलना शुरू करना चाहिए जिससे कि शरीर को गति मिलती है। इससे ब्लड सर्कुलेशन कम होता है और क्लॉटिंग होने का खतरा भी कम हो जाता है। इसके अलावा

  • हल्के घरेलू काम, जैसे अपना खाना लेना या थोड़ी देर टहलना, आराम के अनुसार शुरू किए जा सकते हैं।
  • ऑफिस जाने वाली महिलाएं अपनी रिकवरी और काम की प्रकृति को ध्यान में रखकर इसे प्लान कर सकती हैं, लेकिन लंबे समय तक बैठने वाले कामों से शुरुआत में बचना चाहिए।
  • भारी सामान उठाने से शुरुआती हफ्तों में बचना चाहिए। साथ ही बार-बार सीढ़ियां चढ़ने से भी क्योंकि इससे शरीर पर प्रेशर पड़ सकता है।

When to resume work after hysterectomy

किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

डॉ. साधना कहती हैं कि ऑपरेशन के बाद कम से कम 6 सप्ताह तक या डॉक्टर की अनुमति मिलने तक भारी वजन उठाने, इंटेंस एक्सरसाइज करने और पेट पर दबाव डालने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए। पर्याप्त प्रोटीन, आयरन और फाइबर युक्त भोजन लें क्योंकि इससे रिकवरी आसान होती है। पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं और कब्ज से बचें, क्योंकि जोर लगाने से पेट पर दबाव पड़ सकता है और कई बार ब्लीडिंग हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: बच्चेदानी में गांठ होने पर क्या होता है? डॉक्टर से जानें इन 5 परेशानियों के बारे में

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

डॉ. साधना कहती हैं कि अगर तेज बुखार के साथ ज्यादा ब्लीडिंग, घाव पर सूजन या पस, तेज पेट दर्द, सांस लेने में परेशानी या पैरों में अचानक सूजन और दर्द हो, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। इन स्थितियों को नजरअंदाज करना सेहत से जुड़ी कई समस्याओं को बुलावा दे सकती है।

निष्कर्ष:

याद रखें, ऑपरेशन के बाद काम पर लौटने की कोई एक निश्चित समय-सीमा नहीं है। शरीर को ठीक होने का पर्याप्त समय देना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार गतिविधियां बढ़ाना ही सुरक्षित रिकवरी का सबसे अच्छा तरीका है।

FAQ

  • बच्चेदानी का ऑपरेशन करने से क्या नुकसान होता है?

    बच्चेदानी का ऑपरेशन करने के बाद महिला कंसीव नहीं कर सकती। समय से पहले मेनोपॉज आ सकता है।
  • बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद कितने दिन तक दर्द रहता है?

    बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद 4 से 8 दिन तक शरीर दर्द हो सकता है और कमजोरी हो सकती है।

Read Next

महिलाओं में थायराइड की समस्या के शुरुआती संकेत क्या हैं? डॉक्टर से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Pallavi Kumari

चीफ सब-एडिटर

पल्लवी,  हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में करीब 8 साल का अनुभव रखती हैं। शुरुआती कई सालों तक All India Radio में सक्रिय रहीं, फिर विभिन्न वेब पोर्ट्ल्स जैसे TheHealthsite, Indiatv और Jansatta के लिए हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म, स्त्री विमर्श और साहित्य से जुड़े विषयों पर खूब लिखा और संपादन किया। फिलहाल ओनलीमायहेल्थ में चीफ सब एडिटर के पद पर रहते हुए ये हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़े गंभीर विषयों को आमजन की सरल-सहज भाषा में परोसने का काम कर रही हैं। इन लेखों को विश्वसनीय और तथ्यपरक बनाने के लिए ये न सिर्फ विषयों पर गहन शोध करती हैं बल्कि, एक्सपर्ट्स और डॉक्टर्स से बात भी करती हैं। Editorial Policy: पल्लवी द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 29, 2026 12:27 IST

    Published By : Pallavi Kumari
    Reviewed By : Dr Sadhna Singhal Vishnoi