Sun Nov 1, 2026 | 01:00 AM IST

Medically Reviewed by Dr. Aravinda S N , Lead Consultant – Internal Medicine

अचानक घबराहट, पसीना और सीने में दबाव: इन लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी!

अचानक पसीना, घबराहट और सीने में दबाव जैसे लक्षण हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। इन्हें गैस समझकर नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टरी सलाह लें, क्योंकि समय पर इलाज जान बचा सकता है।
अचानक घबराहट, पसीना और सीने में दबाव: इन लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी!अचानक घबराहट, पसीना और सीने में दबाव: इन लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी!

कई लोगों को बेचैनी, घबराहट, सीने में दबाव और पसीना आने जैसी समस्याएं होती हैं, जिनको अक्सर लोग आम परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं और इसको गैस या ब्लोटिंग जैसी समस्याओं से जोड़कर देखते हैं, लेकिन यह परेशानी किसी गंभीर परेशानी का संकेत भी हो सकती है। आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।

हार्ट अटैक के हो सकते हैं संकेत

डॉ. अरविंद के अनुसार, अचानक पसीना आना, बेचैनी और सीने में भारीपन या दबाव महसूस होने को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, खासकर तब जब ये लक्षण एक साथ दिखाई दें। ये कभी-कभी दिल से जुड़ी इमरजेंसी, जैसे कि हार्ट अटैक का संकेत हो सकते हैं। हालांकि सीने में परेशानी के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन गंभीर कॉम्प्लिकेशन्स से बचने के लिए शुरुआती चेतावनी संकेतों को पहचानना बहुत जरूरी है।

हार्ट अटैक की स्थिति में क्या परेशानियां होती हैं?

डॉ. अरविंद का कहना है, हार्ट अटैक तब होता है, जब दिल की मांसपेशियों के किसी हिस्से में खून की आपूर्ति रुक जाती है, जो आमतौर पर कोरोनरी धमनी में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बनने के कारण होता है। इससे दिल की मांसपेशियों तक पहुंचने वाली ऑक्सीजन कम हो जाती है और अगर तुरंत ब्लड फ्लो बहाल न किया जाए, तो इससे मांसपेशियों को नुकसान पहुंच सकता है। सीने में परेशानी होना इसके सबसे आम लक्षणों में से एक है। इसमें तेज दर्द के बजाय दबाव, कसाव, जकड़न, भारीपन या जलन महसूस हो सकती है।

अन्य चेतावनी संकेतों में बिना किसी शारीरिक मेहनत के अचानक पसीना आना, सांस फूलना, जी मिचलाना, उल्टी आना, चक्कर आना, बहुत ज्यादा थकान महसूस होना और परेशानी का हाथों, कंधों, पीठ, गर्दन या जबड़े तक फैलना शामिल है। कुछ लोगों को घबराहट या किसी खतरे का एहसास भी हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: हार्ट अटैक के लक्षण कितने समय तक रहते हैं? डॉक्टर से जानें

कई बार साफ नहीं दिखते हैं लक्षण

डॉ. अरविंद का कहना है, यह समझना जरूरी है कि हार्ट अटैक के लक्षण हमेशा बहुत साफ रूप से दिखाई नहीं देते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज के मरीजों में लक्षण थोड़े अलग हो सकते हैं, जैसे कि बिना किसी साफ कारण के थकान, सांस फूलने, जी मिचलाने या पीठ या जबड़े में परेशानी होना। कुछ लोगों को सीने में तेज दर्द महसूस ही नहीं होता है।

when is sudden sweating restlessness and chest heaviness an emergency 01when is sudden sweating restlessness and chest heaviness an emergency 01

क्या कहती है स्टडी?

साल 2015 में Clinical Cardiology में प्रकाशित SWIMI स्टडी के अनुसार, अगर सीने में दर्द (सामान्य या अजीब सा) होने के साथ-साथ अचानक पसीना भी आता है, तो यह गंभीर दिल के दौरे (STEMI) का सबसे मजबूत संकेत माना गया है। ऐसे लक्षणों को कभी भी गैस, एसिडिटी या आम परेशानी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह दिल की एक गंभीर इमरजेंसी हो सकती है। इस स्थिति में घरेलू नुस्खों के भरोसे रहने या इंतजार करने के बजाय तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए। अगर पसीने को दिल के दौरे के एक प्रमुख खतरे की घंटी (रेड फ्लैग) के रूप में पहचानकर समय रहते सही इलाज (जैसे ईसीजी और ब्लड टेस्ट) शुरू कर दिया जाए, तो अनगिनत जानें और इलाज का खर्च बचाया जा सकता है।

सावधानियां हैं जरूरी

डॉ. अरविंद बताते हैं, अगर किसी को अचानक सीने में भारीपन महसूस हो और साथ में पसीना आए, सांस फूले या चक्कर आए, तो तुरंत मेडिकल इमरजेंसी में मदद लेनी चाहिए। लक्षणों के अपने आप ठीक होने का इंतजार न करें और न ही घरेलू नुस्खों से इनका इलाज करने की कोशिश करें। अस्पताल जाने के लिए खुद गाड़ी चलाने के बजाय एम्बुलेंस बुलाएं या किसी के साथ जाएं। मेडिकल मदद का इंतजार करते समय किसी भी तरह की अनावश्यक फिजिकल एक्टिविटी से बचें।

इसे भी पढ़ें: हार्ट को हेल्दी कैसे रखें? डॉक्टर बता रहे हैं लाइफस्टाइल में किए जाने वाले 7 बदलाव

जांच के लिए टेस्ट हैं जरूरी

डॉ. अरविंद का कहना है, ईसीजी (ECG), ट्रोपोनिन जैसे ब्लड टेस्ट और क्लिनिकल जांच के जरिए समय रहते सही पहचान होने से डॉक्टरों को हार्ट अटैक का पता लगाने और तुरंत सही इलाज शुरू करने में मदद मिलती है।

सबसे जरूरी बात यह है कि सीने में होने वाली किसी भी ऐसी परेशानी को सिर्फ एसिडिटी, तनाव या थकान मानकर नजरअंदाज न करें। जब लक्षण दिल से जुड़ी किसी इमरजेंसी की ओर इशारा करें, तो तुरंत मेडिकल मदद लेना जान बचाने वाला साबित हो सकता है।

निष्कर्ष

अचानक पसीना आना, बेचैनी और सीने में भारीपन या दबाव महसूस होने जैसे लक्षणों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये हार्ट अटैक जैसी गंभीर दिल की इमरजेंसी का संकेत हो सकते हैं। हार्ट अटैक तब होता है, जब दिल की मांसपेशियों को पर्याप्त खून और ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है। हालांकि महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज के मरीजों में इसके लक्षण अलग या हल्के भी हो सकते हैं, लेकिन ऐसी स्थिति में तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए और घरेलू नुस्खों के भरोसे नहीं बैठना चाहिए। समय पर ईसीजी और ब्लड टेस्ट जैसे टेस्ट कराकर सही इलाज शुरू करने से जान बचाई जा सकती है।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • दिल का दौरा पड़ने के 3 शुरुआती लक्षण क्या हैं?

    दिल का दौरा पड़ने पर व्यक्ति को सीने में दर्द, सांस फूलना, बेचैनी, ठंडा पसीना आने, बांह, जबड़े या गर्दन में दर्द होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • दिल को स्वस्थ रखने के लिए क्या करना चाहिए?

    दिल को स्वस्थ रखने के लिए डाइट में हरी सब्जियों, फलों और साबुत अनाज का सेवन करें, नियमित एक्सरसाइज करें, हल्की वॉक करें, वजन को नियंत्रित रखें और स्ट्रेस को मैनेज करें। इसके अलावा, स्मोकिंग, अल्कोहल और जंक फूड्स का सेवन करने से बचें।

Read Next

→ कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से आपकी धमनियों पर कैसा असर होता है? डॉक्टर से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 31, 2026 23:57 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Oct 31, 2026 23:57 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr. Aravinda S N