किन स्थितियों में जरूरी होता है पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT), जानें किन्हें नहीं करना चाहिए नजरअंदाज?

पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट फेफड़ों की कार्यक्षमता को जानने के लिए किया जाने वाला परीक्षण होता है। आमतौर पर हमारे यहां जब तक लंग्स से जुड़ी कोई गंभीर समस्या न हो जाए, तब तक कोई भी अपने लंग्स की जांच नहीं करवाता है, जबकि, समय-समय पर यह टेस्ट किया जाना जरूरी होता है। विशेषकर, कुछ लोगों को इस संबंध में जरूरी सावधानी बरतनी चाहिए।
इस बारे में Dr. Sunil Kumar K, Lead Consultant - Interventional Pulmonology, Aster CMI Hospital, Bengaluru बताते हैं, "जिन लोगों को सांस संबंधी समस्या है, जो लोग नियमित रूप से स्मोकिंग करते हैं या सांस से जुड़ी बीमारी का पारिवारिक इतिहास है, उन लोगों को समय-समय पर पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।"
पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट क्या है?
When Is Pulmonary Function Test Necessary
पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट, जिसे लंग फंक्शन टेस्ट भी कहा जाता है, एक प्रकार का नाॅन-इंवेसिव ब्रीदिंग टेस्ट है। सरल भाषा में समझें, तो यह लंग्स की कार्यक्षमता को जांचने के लिए किया जाने वाला परीक्षण होता है। इस टेस्ट में बिना किसी तरह के चीर-फाड़ या दर्द के यह जाना जा सकता है कि आपके फेफड़ों में हवा कितनी मात्रा में जाती है, कितनी तेजी से बाहर आती है। इससे यह भी पता चलता है कि ऑक्सीजन खून में कितनी अच्छी तरह पहुंचती है।
इसे भी पढ़ें: कमजोर फेफड़ों के क्या लक्षण हैं? जानें फेफड़ों के इन्फेक्शन में क्या खाएं और क्या नहीं?
स्टडी क्या कहती है?
साल 2016 में Murray and Nadel's Textbook of Respiratory Medicine में प्रकाशित मेडिकल अध्याय के अनुसार, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट सटीक और विश्वसनीय तरीके से श्वसन तंत्र की कार्यक्षमता को मापता है। हालांकि, यह टेस्ट किसी विशेष बीमारी का निदान नहीं करता है। इसके बजाय, इस टेस्ट की मदद से फेफड़ों में असामान्यता के पैटर्न (जैसे ऑब्सट्रक्टिव, रिस्ट्रिक्टिव या मिक्स्ड) की पहचान होती है और सांस की समस्या की गंभीरता को मापते हैं। इस तरह, मरीज को अपनी बीमारी के शुरुआती चरण में सही इलाज मिलने में मदद मिलती है।
किन लोगों के लिए जरूरी है पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट?
- सांस से जुड़ी परेशानी: जब किसी को सांस संबंधी समस्या होने लगे, जैसे सांस लेने में तकलीफ, जरा सा काम करते ही हांफने की समस्या हो जाए, बार-बार खांसी या सांस लेते हुए सीटी जैसी आवाज आना आदि। ये तमाम वो समस्याएं हैं, जो लंग्स के कमजोर होने की ओर इशारा करती हैं। हालांकि, कई बार यह सर्दी-जुकाम का संकेत भी हो सकता है। इसलिए, इसकी पुष्टि के लिए जरूरी है कि आप पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट जरूर करवाएं।
- स्मोकिंग का इतिहासः जो लोग नियमित रूप से स्मोकिंग यानी धूम्रपान करते हैं या पहले करते रहे हैं और जिनके परिवार में लंग कंडीशन जैसे सीओपीडी का इतिहास रहा है, उन्हें भी यह टेस्ट नियमित अनुसार करवाना चाहिए। यही नहीं, जो लोग अक्सर धूल-मिट्टी या प्रदूषण के संपर्क में आते रहते हैं, उनके लिए भी यह टेस्ट काफी जरूरी होता है।
- सर्जरी से पहलेः अगर हाल-फिलहाल में किसी की सर्जरी होनी है, तो उन्हें भी यह पता होना चाहिए कि उनके लंग्स कितने मजबूत हैं और शरीर में ऑक्सीजन सप्लाई कितनी बेहतर है। यह जानने के लिए पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट किया जाता है। विशेषकर, जब किसी की पेट या चेस्ट की सर्जरी है, तो उन्हें इस टेस्ट को लेकर लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के लिए रोजाना करें ये 3 प्राणायाम
कब पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट को इग्नोर न करें?
- स्वास्थ्य में भारी गिरावटः अगर किसी को सीओपीडी और लंग्स से जुड़ी परेशानी धीरे-धीरे विकसित हो रही है, तो इस संबंध में जरा भी लापरवाही करना सही नहीं है। इस तरह के मामले में देरी करना कई बार नुकसानदायक होता है। पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट के जरिए समय रहते समस्या का पता चल सकता है।
- लक्षणों का बिगड़नाः जब सामान्य नजर आने वाले लक्षण बिगड़ते चले जाएं, तो उन्हें भी इग्नोर न करें। ध्यान रखें कि खराब तरीके से नियंत्रित फेफड़ों की बीमारियां व्यायाम करने की क्षमता को और कम कर सकती हैं, बीमारी के अचानक बढ़ने का कारण बन सकती हैं, और एनेस्थीसिया या सर्जरी के दौरान जोखिम को बढ़ा सकती हैं। इसलिए, जब भी आप महसूस करें कि लक्षण बिगड़ रहे हैं, तो तुरंत पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट करवा लें।
पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट कैसे किया जाता है?
पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट काफी आसान टेस्ट है। इस टेस्ट को करने के लिए निम्न कदम उठाए जाते हैं, जैसे-
टेस्ट से पहले
- डॉक्टर टेस्ट से पहले इनहेलर या ब्रोंकोडायलेटर्स को अस्थायी रूप से लेने के लिए मना कर सकते हैं।
- टेस्ट से पहले भारी भोजन और कम से कम कई घंटे पहले तक धूम्रपान न करने की सलाह दी जाती है।
- पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट करने से पहले हमेशा ढीले और आरामदायक कपड़े पहनें, जिससे गहरी सांस लेने में दिक्कत न आए।
- अगर सर्दी-जुकाम या संक्रमण है, तो टेस्ट से पहले डाॅक्टर को इसकी जानकारी दे दें।
टेस्ट के दौरान
- स्पाइरोमेट्रीः इस प्रक्रिया के तहत व्यक्ति लंबी तथा गहरी सांस लेता है। इसके बाद एक ट्यूब के अंदर 6 सेकंड तक जितनी तेजी और जोर से हो सके, सांस बाहर छोड़ता है। बीच-बीच में आराम लेते हुए इस प्रक्रिया को कई बार दोहराया जाता है।
- ब्रोंकोडायलेटर जांचः इस प्रक्रिया में मरीज को सांस लेने की एक दवा सुंघाई जा सकती है और फिर स्पाइरोमेट्री दोहराई जाती है, ताकि यह पता चल सके कि सांस नलियां बेहतर तरीके से खुली हैं या नहीं।
- फेफड़ों की क्षमता की जांचः इस टेस्ट में फेफड़ों की कुल वायु क्षमता और बची हुई हवा को मापा जाता है। इसके लिए मरीज को विशेष गैस मिश्रण में सांस लेने या एक पारदर्शी बूथ (बॉडी प्लेथिस्मोग्राफी) के अंदर बैठकर माउथपीस के जरिए सांस लेने के लिए कहा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में जोड़ों का दर्द और सूजन बढ़ रही है? इन एंटी-इंफ्लेमेटरी फूड्स से मिलेगा तुरंत आराम
निष्कर्ष
स्मोकिंग करने वाले, प्रदूषण के अधिक संपर्क में रहने वाले और लंग्स डिजीज का इतिहास वाले लोगों को पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट करवाने में जरा भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए। इस टेस्ट के जरिए लंग्स की कार्यक्षमता का समय पर पता लगाया जा सकता है। इससे डाॅक्टर को सही ट्रीटमेंट देने में भी मदद मिलती है। ध्यान रखें कि लंग्स कमजोर होंगे, तो शरीर में ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होती है और इसका समग्र सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
किन स्थितियों में पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) करवाने से मना किया जाता है?
हाल ही में हुए हार्ट अटैक, आंखों या छाती की सर्जरी या एक्टिव टीबी (Tuberculosis) की स्थिति में PFT नहीं किया जाता है।क्या PFT के बाद किसी तरह के साइड इफेक्ट्स महसूस हो सकते हैं?
बार-बार तेज सांस छोड़ने के कारण कुछ लोगों को अस्थायी रूप से हल्का चक्कर आना, थकान या खांसी हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 15:53 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Sunil Kumar K