आईवीएफ कराने की सही उम्र क्या है? अगर आप भी परिवार बढ़ाने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो यह सवाल आपके मन में जरूर आया होगा। खासकर 35 की उम्र के आस-पास पहुंचने के बाद कई महिलाओं को सलाह दी जाती है कि कंसीव करने या आईवीएफ का फैसला ज्यादा न टालें लेकिन आखिर ऐसा क्यों कहा जाता है? यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद की कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट, डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, महिला की उम्र और फर्टिलिटी के बीच सीधा संबंध होता है। उम्र बढ़ने के साथ अंडों की संख्या और क्वालिटी में बदलाव आने लगता है। इसका असर नेचुरल रूप से कंसीव करने की संभावना के साथ-साथ आईवीएफ में मिलने वाले रिजल्ट पर भी पड़ सकता है।
इसलिए अगर आप 35 के करीब हैं या इससे ज्यादा उम्र की हैं और कंसीव करने की प्लानिंग कर रही हैं, तो अपनी स्थिति के अनुसार समय पर फर्टिलिटी चेकअप करवाना मददगार हो सकता है। आइए समझते हैं कि आईवीएफ के लिए उम्र क्यों जरूरी है और 35 के बाद ज्यादा इंतजार करने से क्या बदल सकता है।
आईवीएफ कराने की सही उम्र क्या है?
डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, आईवीएफ के लिए कोई एक निश्चित यानी सही उम्र नहीं होती है। हालांकि, महिला की उम्र कम होने पर आमतौर पर एग काउंट और क्वालिटी बेहतर होती है, जिससे भ्रूण बनने और कंसीव करने की संभावना प्रभावित हो सकती है। 30 से 35 साल की उम्र के बीच आईवीएफ की प्लानिंग बनाना कई महिलाओं के लिए अनुकूल समय हो सकता है, लेकिन इसका निर्णय व्यक्ति की फर्टिलिटी और मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर किया जाता है। अगर किसी महिला को पहले से फर्टिलिटी संबंधी समस्या है, तो केवल उम्र बढ़ने का इंतजार करना सही नहीं माना जाता। ऐसे मामलों में डॉक्टर समय रहते जांच और इलाज की सलाह दे सकते हैं।
साल 2025 में Obstetrics and Gynecology International में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- 35 वर्ष की आयु वह सुरक्षित समय है जहां तक उम्र बढ़ने के साथ आईवीएफ (IVF) की सफलता दर में कमी नहीं आती है।
- हालांकि, 35 से 37 वर्ष और 37 से 40 वर्ष की आयु के दौरान आईवीएफ के विफल होने या नेगेटिव रिजल्ट मिलने का जोखिम तेजी से बढ़ता है।
- इसलिए, जो महिलाएं अपनी प्रेग्नेंसी में देरी करने की प्लानिंग बना रही हैं, उनके लिए यह जानकारी भविष्य में सही निर्णय लेने में मदद कर सकती है।
35 के बाद फर्टिलिटी कम क्यों होती है?
- डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, महिला की उम्र बढ़ने के साथ अंडों की संख्या और क्वालिटी दोनों में बदलाव आता है। 35 साल के बाद यह गिरावट ज्यादा हो सकती है और उम्र बढ़ने के साथ भ्रूण में क्रोमोसोम संबंधी असामान्यताओं का जोखिम भी बढ़ता है।
- इसका असर नेचुरल गर्भधारण के साथ-साथ आईवीएफ के रिजल्ट पर भी पड़ सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि 35 के बाद आईवीएफ सफल नहीं हो सकता।
- कई महिलाएं 35 की उम्र के बाद भी कंसीव करती हैं। फर्क इतना है कि उम्र बढ़ने के साथ इलाज की प्लानिंग और समय पर निर्णय लेना ज्यादा जरूरी हो जाता है।
Best Age for IVF
क्या 35 की उम्र के बाद आईवीएफ ही करवाना पड़ता है?
डॉ. एम. वी. ज्योत्सना बताती हैं कि केवल 35 की उम्र पूरी होने का मतलब यह नहीं है कि हर महिला को तुरंत आईवीएफ करवाना चाहिए। अगर महिला हेल्दी है और नेचुरल रूप से कंसीव करने की कोशिश कर रही है, तो स्थिति अलग हो सकती है। वहीं, अगर लंबे समय से गर्भधारण नहीं हो रहा है, बार-बार गर्भपात हो रहा है, ओवेरियन रिजर्व कम है, फैलोपियन ट्यूब में समस्या है या पार्टनर से जुड़ी कोई फर्टिलिटी समस्या है, तो डॉक्टर से जल्दी सलाह लेना जरूरी हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: IVF Beta HCG Levels: बीटा एचसीजी रिपोर्ट देखकर कैसे समझें प्रेग्नेंसी पॉजिटिव है या नेगेटिव? एक्सपर्ट गाइड
आईवीएफ से पहले कौन-कौन से टेस्ट होते हैं?
- आईवीएफ शुरू करने से पहले डॉक्टर महिला और पुरुष दोनों की फर्टिलिटी को चेक करते हैं। महिला में एएमएच, अल्ट्रासाउंड और ओवेरियन रिजर्व से जुड़ी जांच की जा सकती हैं। पुरुष में सीमेन एनालिसिस किया जाता है।
- इसके अलावा उम्र, पिछली प्रेग्नेंसी, गर्भपात का इतिहास, पीरियड्स की नियमितता और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को भी ध्यान में रखा जाता है।
- इन सभी जानकारियों के आधार पर डॉक्टर यह तय करते हैं कि आईवीएफ की जरूरत है या किसी अन्य इलाज से शुरुआत की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: IVF बार-बार हो रहा है फेल? इसके 7 सबसे आम कारण बता रही हैं फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. शोभा गुप्ता
निष्कर्ष
आईवीएफ के लिए कोई एक उम्र सभी महिलाओं के लिए नहीं होती, लेकिन महिला की उम्र बढ़ने के साथ अंडों की क्वालिटी और फर्टिलिटी में गिरावट आ सकती है। खासकर 35 की उम्र के बाद गर्भधारण की प्लानिंग बना रही महिलाओं को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक इंतजार नहीं करना चाहिए, खासकर अगर पहले से कोई फर्टिलिटी समस्या है। सही समय का फैसला महिला की उम्र, ओवेरियन रिजर्व, पार्टनर की जांच और डॉक्टर की सलाह के आधार पर होना चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या 38 साल की उम्र में आईवीएफ करवाया जा सकता है?
38 साल या इसके बाद भी आईवीएफ किया जा सकता है। हालांकि, उम्र के साथ फर्टिलिटी से जुड़े कुछ कारक बदल सकते हैं।क्या आईवीएफ में उम्र पुरुषों के लिए भी मायने रखती है?
पुरुष की उम्र भी शुक्राणुओं की क्वालिटी और फर्टिलिटी से जुड़े कुछ पहलुओं को प्रभावित कर सकती है।क्या फ्रीज किए हुए अंडों से बाद में आईवीएफ किया जा सकता है?
हां, अंडों को फ्रीज करके फ्यूचर में आईवीएफ इलाज में इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 01, 2026 18:33 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr M V Jyothsna
