अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि खाने के तुरंत बाद टहलना सही होता है या वज्रासन में बैठना? ज्यादातर लोग खाने के बाद टहलना पसंद करते हैं। माना भी जाता है कि खाने के तुरंत बाद छोटी सी वाॅक करने से पाचन क्रिया तेज होती है, ब्लोटिंग आदि की समस्याएं कम हो जाती हैं। वहीं, वज्रासन को भी खाना पचाने में मददगार आसन माना जाता है। सवाल है, इनमें से बेहतर क्या है?
इस बारे में न्यूट्रिशन और एक्सरसाइज प्रोफेशनल, फिटनेस कोच वर्णित यादव बताते हैं, "पाचन को बेहतर करने के लिए वज्रासन और वाॅक दोनों ही फायदेमंद हैं। हालांकि, दोनों के काम करने की प्रक्रिया अलग होती है। इसलिए, आप अपनी पसंद और सहूलियत के अनुसार इनमें से किसी भी एक विकल्प को चुन सकते हैं। यही नहीं, कई बार आप खाने के तुरंत बाद वाॅक और वज्रासन दोनों कुछ-कुछ समय के गैप में कर सकते हैं। इसका कोई भी नुकसान नहीं है।"
क्या है बेहतर?
| खाने के बाद वज्रासन | खाने के बाद टहलना |
|
| कैसे काम करता है? | खाने के बाद पाचन को बेहतर बनाने के लिए आप वज्रासन कर सकते हैं। वज्रासन में बैठने से पैरों के निचले हिस्से में ब्लड फ्लो बाधित होता है और पेट के क्षेत्र की ओर ब्लड फ्लो बढ़ता है। जैसे-जैसे पेट की ओर ब्लड फ्लो बढ़ता है, भोजन के पाचन की प्रक्रिया भी तेज हो जाती है। | खाना खाने के तुरंत बाद आप करीब 10 से 15 मिनट के लिए हल्की और धीमी वाॅक करें। यह एक्सरसाइज पेट और आंतों की गतिशीलता को उत्तेजित करती है, जिससे पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करने लगता है। यही नहीं, वाॅक करने से ब्लड शुगर भी संतुलित रहता है और स्वास्थ्य को कई अन्य लाभ भी मिलते हैं। |
| किसके लिए फायदेमंद ? | वैसे तो वज्रासन बहुत ही फायदेमंद है और स्वस्थ लोग भी कर सकते हैं। हालांकि, जिन लोगों को भोजन के तुरंत बाद गैस, ब्लोटिंग, एसिडिटी और भारीपन या सुस्ती जैसी समस्या होने लगती है, उन्हें वज्रासन करना चाहिए। कुछ ही देर में आराम मिल जाएगा। | खाने के बाद 10-15 मिनट की वाॅक हर व्यक्ति को करनी चाहिए। हालांकि, जिन लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी किसी न किसी तरह की समस्या है, उन्हें जरूर करनी चाहिए। जैसे ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने, लंबे समय तक रहने वाले भारीपन को कम करने, मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट देने और हृदय के संपूर्ण स्वास्थ्य में सुधार के लिए खाने के तुरंत बाद वाक कर सकते हैं। |
| कैसे करें? | वज्रासन करना बहुत आसान है। एक योगा मैट बिछा लें। अपने पैरों को घुटने को अंदर की मोड़ लें, रीढ़ को सीधा रखते हुए अपनी एड़ियों पर बैठें और हाथों को घुटने पर रखें। करीब 5 से 10 मिनट के लिए इसी अवस्था में बैठें। | वाॅक करना सबसे आसान एक्सरसाइज में से एक है। खाने के तुरंत बाद लगभग 10 से 15 मिनट तक धीमी और सौम्य गति से टहलें। खाने के बाद तेज वाॅक न करें। इससे पेट दर्द या अन्य समस्या हो सकती है। |
| कब न करें? | वज्रासन आसान होते हुए भी कुछ लोगों को इसको करने से बचना चाहिए। जैसे जिन लोगों को घुटने में दर्द, टखने की अकड़न, घुटने की हालिया सर्जरी या रीढ़ की गंभीर समस्या (जैसे स्लिप डिस्क) है, उन्हें वज्रासन नहीं करना चाहिए। इससे उनकी समस्या बढ़ सकती है। | आपको लग सकता है कि खाने के तुरंत बाद वाॅक करना सबके लिए फायदेमंद है। ऐसा नहीं है। असल में, पेट में दर्द, उल्टी, मतली, सीने में जलन या ब्लोटिंग, घुटनों में दर्द, जोड़ों में दर्द जैसी बीमारियां होने पर खाने के तुरंत बाद वाॅक न करें। |
ResearchGate में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वज्रासन एक ऐसा आसन है, जिसे भोजन के तुरंत बाद करने की सलाह दी जाती है। इसे करने से निचले अंगों की ओर जाने वाला रक्त प्रवाह अस्थायी रूप से धीमा हो जाता है और यह अतिरिक्त रक्त प्रवाह पेट की ओर होने लगता है। इससे पाचन में सुधार होता है। वहीं, International Journal of General Medicine में प्रकाशित अध्ययन से पता चलता है, भोजन के बाद 10 से 30 मिनट की हल्की सैर करने से शरीर को तुरंत लाभ मिलने लगते हैं।
इसे भी पढ़ें: खाने के बाद 10 मिनट की वॉक आपके शरीर में क्या बदल सकती है? डॉक्टर बता रहे हैं फायदे
खाने के तुरंत बाद वाॅक करने के फायदे
Walking Or Vajrasana Which Is Good For Digestion
खाने के तुरंत बाद वाॅक करने से सिर्फ पाचन तंत्र में ही सुधार नहीं होता है, बल्कि कई अन्य लाभ भी मिलते हैं, जैसे-
- ब्लड शुगर का स्तर रेगुलेट होता है। यह टाइप 2 डायबिटीज और इंसुलिन रेजिस्टेंस में काफी लाभकारी है।
- नियमित रूप से वाॅक करने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है।
- खाने के बाद वाॅक करने से बैड कोलेस्ट्रोल कम होता है, जो हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद है।
- खाने के बाद वाॅक करने से वजन संतुलन में भी मदद मिलती है।
- डिनर के बाद वाॅक करने से नींद में भी सुधार होता है।
खाने के तुरंत बाद वज्रासन करने के फायदे
वाॅक की ही तरह, वज्रासन सिर्फ पाचन क्रिया को तेज करने के लिए नहीं जाना जाता है। इसके कई अन्य लाभ भी हैं, जैसे-
- वज्रासन करते हुए रीढ़ की हड्डी सीधी होती है, जिससे पोस्चर में सुधार होता है।
- खाने के बाद वज्रासन करने से गैस, ब्लोटिंग जैसी समस्या से राहत मिलती है।
- वज्रासन करने से सांस की गति पर संयम बनाना होता है, जिससे मन शांत होता है और रात को अच्छी नींद आती है।
- वज्रासन की मदद से शरीर के निचले हिस्से, जैसे जांघ, टखने की स्ट्रेंथ बढ़ती है।
इसे भी पढ़ें: वॉक के दौरान भूलकर भी न करें ये 3 गलतियां, वरना नहीं कम होगा एक ग्राम भी वजन
निष्कर्ष
खाने के बाद पाचन संबंधी समस्या में सुधार के लिए आप वज्रासन में बैठ सकते हैं या वाॅक कर सकते हैं। यह कहना सही नहीं होगा कि इनमें से बेहतर क्या है? दरअसल, दोनों के अपने-अपने लाभ हैं। जो लोग योग करने को अधिक महत्व देते हैं, वे वज्रासन को चुन सकते हैं। वहीं, जिन्हें वर्कआउट करना पसंद है, उनके लिए वाॅक करना अच्छा विकल्प हो सकता है। हालांकि, अपनी स्वास्थ्य समस्याओं का ध्यान रखते हुए अपने लिए सही विकल्प को चुनें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
हेवी मील लेने के बाद वॉक और वज्रासन में से पहले किसे प्राथमिकता देनी चाहिए?
भारी भोजन के तुरंत बाद चलने पर पेट में भारीपन या मरोड़ हो सकती है, इसलिए पहले 5 से 7 मिनट शांत होकर वज्रासन में बैठना और उसके बाद 10 मिनट की हल्की वॉक करना बेहतर क्रम है।हाई ब्लड प्रेशर या दिल के मरीज रात के खाने के बाद टहलते समय किन बातों का ध्यान रखें?
दिल और बीपी के मरीजों को कभी भी ब्रिस्क वॉक या तेज कदमों से नहीं चलना चाहिए, बल्कि 100-500 कदमों की बेहद धीमी और सामान्य चहलकदमी काफी होती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 10, 2026 12:21 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Varnit Yadav
