कोविड-19 के बाद से लोग अपनी सेहत को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं। फिट रहने के लिए हेल्दी डाइट और लाइफस्टाइल फॉलो करना लोगों को लिए आम बात हो गई है। हालांकि, फिट रहने के दौरान अक्सर लोग कुछ बातों को लेकर कंफ्यूज रहते हैं, जिसमें खाना खाने के बाद वॉक करने का तरीका भी शामिल है। खाना खाने के बाद हल्की वॉक हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होती है, लेकिन इसे सही तरीके से न करना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसे में भोजन करने के बाद तुरंत काम करना चाहिए, वॉक करनी चाहिए या फिर आराम करना चाहिए? Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि खाना खाने के बाद चलना, आराम करना या तुरंत काम करना, हर व्यक्ति के लिए एक ही नियम सही होना जरूरी नहीं है। खाने के बाद क्या करना बेहतर है? यह भोजन की मात्रा, आपकी उम्र, सेहत, रोजमर्रा की एक्टिविटी और किसी मौजूदा बीमारी पर भी निर्भर करता है।
क्या खाने के बाद टहलना अच्छा है?
Dr. Akshay Chugh कहते हैं कि खाना खाने के बाद हल्की वॉक एक अच्छी आदत हो सकती है। खासकर अगर आपने बहुत हैवी खाना नहीं खाया है। भोजन के बाद थोड़ी देर हल्की गति में चलने से शरीर एक्टिव रहता है और कुछ लोगों में खाना खाने के बाद बढ़ने वाले ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है, जिन्हें ब्लड शुगर लेवल मैनेज करने पर ध्यान देना जरूरी है।
ध्यान रहे, वॉक का मतलब ब्रिस्क वॉकिंग या हैवी वर्कआउट करना नहीं है। खाने के तुरंत बाद तेज दौड़ना, इंटेंस कार्डियो या वर्कआउट करना पेट में असुविधा, एसिडिटी या उल्टी जैसी समस्या को पैदा कर सकता है। इसलिए, अगर भोजन के बाद वॉक कर रहे हैं तो शुरुआत धीमी गति से करें और शरीर पर दबाव डालने से बचें।
साल 2023 में Sports Medicine में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, भोजन के तुरंत बाद 20 मिनट टहलना ब्लड शुगर के उतार-चढ़ाव को कम करने का सबसे अच्छा तरीका होता है, क्योंकि इससे शरीर इंसुलिन के बिना सीधे ग्लूकोज को एनर्जी में बदलता है।
खाना खाने के बाद कितनी देर चलना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि हर व्यक्ति के वॉक करने का समय एक जैसा हो जरूरी नहीं होता है। सामान्य तौर पर भोजन के बाद कुछ मिनट की हल्की वॉक बेहतर हो सकती है। अगर आप सही महसूस करते हैं तो धीरे-धीरे वॉक करने का समय बढ़ा सकते हैं। खासतौर पर जिन लोगों की लाइफस्टाइल बहुत सुस्त है, उनके लिए दिनभर थोड़ी-थोड़ी मूवमेंट भी उपयोगी हो सकती है। हालांकि, अगर आपको चक्कर आता है, कमजोरी महसूस होती है या पेट में दर्द होता है तो वॉक रोककर आराम करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: ब्रिस्क वॉक Vs जॉगिंग, सेहत के लिए इन दोनों में से क्या है ज्यादा फायदेमंद?
क्या खाने के बाद तुरंत लेटना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि वे आमतौर पर मरीजों को भोजन के तुरंत बाद सीधे होकर लेटने की सलाह नहीं देते हैं, खासकर अगर उन्हें एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की समस्या रहती है। जब हम खाने के तुरंत बाद लेटते हैं तो कुछ लोगों में पेट का एसिड ऊपरी हिस्से की ओर आने की संभावना बढ़ सकती है, जिससे हार्टबर्न, खट्टी डकार, गले में जलन या एसिड रिफ्लक्स जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए, खाना खाने के बाद कुछ समय तक सीधा रहना बेहतर हो सकता है। अगर आपको दोपहर के भोजन के बाद बहुत नींद आती है तो सीधे बिस्तर पर लेटने के बजाय कुर्सी पर आराम करना या हल्की वॉक करना बेहतर हो सकता है।

क्या खाना खाने के तुरंत बाद काम कर सकते हैं?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, खाना खाने के तुरंत बाद काम कर सकते हैं या नहीं यह आपके काम की प्रकृति पर निर्भर करता है। अगर आपका काम हल्का या नॉर्मल ऑफिस वर्क है तो भोजन के बाद काम करने से आमतौर पर कोई समस्या नहीं होती है। लेकिन, अगर आपका काम शारीरिक है, भारी सामान उठाने वाला या बहुत ज्यादा थका देने वाला है तो भोजन के तुरंत बाद उसे करने से आपको असुविधा महसूस हो सकती है। इसी कारण भोजन के बाद तुरंत बहुत ज्यादा झुकने या पेट पर दबाव डालने वाली एक्टिविटी से एसिडिटी या असुविधा बढ़ सकती है। इसलिए, अगर आपका काम फिजिकल है तो भोजन और इंटेंस एक्टिविटी के बीच कुछ समय रखना बेहतर हो सकता है।
खाने के बाद क्या नहीं करना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, खाना खाने के तुरंत बाद इंटेंस एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए। अगर आपको एसिडिटी की समस्या रहती है तो खाने के तुरंत बाद लेटने से बचना उपयोगी हो सकता है। वहीं, बहुत ज्यादा खाना खाने के बाद तुरंत बहुत तेज चलना भी सही नहीं होता है। साथ ही, अगर भोजन के बाद सिर्फ बैठकर लगातार स्क्रीन देखते रहना आपकी ओवरऑल डेली एक्टिविटी को कम कर सकता है। अगर संभव हो तो थोड़ी मूवमेंट को रूटीन में शामिल करें।
इसे भी पढ़ें: क्या पूरे दिन बैठे रहने के बाद शाम को 30 मिनट की वॉक करना काफी है? डॉक्टर से जानें
डॉक्टर की सलाह
Dr. Akshay Chugh कहते हैं कि खाना खाने के बाद क्या करना है, इसका उद्देश्य सिर्फ पाचन को बेहतर रखना नहीं होना चाहिए। ब्लड शुगर, फिजिकल एक्टिविटी, एसिडिटी, नींद और संपूर्ण स्वास्थ्य को भी ध्यान में रखना चाहिए। अगर आप हेल्दी हैं तो भोजन के बाद थोड़ी मूवमेंट और कुछ समय सीधा रहना एक अच्छी आदत हो सकती है। वहीं, भारी एक्सरसाइज या तुरंत लेटना दोनों ही हर व्यक्ति के लिए सही विकल्प नहीं होते हैं। भोजन के बाद सबसे अच्छा नियम है, न बहुत ज्यादा आराम, न तुरंत भारी काम। अपने शरीर को थोड़ा समय दें और हल्की मूवमेंट को अपनी रूटीन का हिस्सा बनाएं।
निष्कर्ष
खाना खाने के बाद हल्की वॉक करना सबसे अच्छा विकल्प हो सकता है। बाकी आराम करना या काम करना आपकी जरूरत और स्थिति पर भी निर्भर करता है। अगर खाना खाने के बाद बार-बार एसिडिटी, पेट दर्द, ज्यादा नींद, चक्कर, पसीना या कमजोरी होती है तो इसे सिर्फ खाने के बाद की नॉर्मल परेशानी मानकर नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से कंसल्ट करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
भोजन के तुरंत बाद क्या करना चाहिए?
खाना खाने के तुरंत बाद हल्की वॉक, वज्रासन में कुछ मिनट बैठना या मुंह साफ करना चाहिए। इससे पाचन को बेहतर रखने में मदद मिल सकती है, गैस नहीं बनती और एसिडिटी से बचाव होता है।भोजन करने के तुरंत बाद क्या नहीं करना चाहिए?
भोजन के तुरंत बाद सोना, भारी एक्सरसाइज करना, तुरंत नहाना, बहुत ज्यादा पानी पीना या चाय-कॉफी और फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। इन चीजों से पाचन क्रिया धीमी हो जाती है और पेट में गैस या अपच की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 29, 2026 22:44 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh