आजकल ज्यादातर लोग ऑफिस में घंटों तक कुर्सी पर बैठकर काम करते हैं। ऐसे में लंच करने के बाद सीधे अपनी सीट पर बैठ जाना एक आम आदत है, जो अधिकतर लोगों में देखने को मिलती है। यह आदत अक्सर सेहत से जुड़ी कई समस्याओं का कारण बन सकती है। खासकर ऑफिस में घंटों कुर्सी पर बैठे-बैठे कैलोरी बर्न करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए, ऑफिस में लंच करने के बाद कुछ देर टहलना आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। आइए दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि ऑफिस में लंच के बाद टहलना क्यों जरूरी माना जाता है।
दोपहर में लंच के बाद वॉक करना क्यों जरूरी है
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि ऑफिस में लंच के बाद 10 से 15 मिनट टहलना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इससे पाचन क्रिया बेहतर होती है, गैस और ब्लोटिंग की समस्या कम होती है और यह लंच के बाद आने वाली सुस्ती और आलस को भी कम करने और एनर्जी लेवल को बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा, दोपहर में खाना खाने के बाद वॉक करने से ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रखने और स्ट्रेस को मैनेज करने में भी मदद मिल सकती है।
साल 2011 में International Journal of General Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, दोपहर या रात के खाने के तुरंत बाद 30 मिनट तक टहलना वजन कम करने में बहुत फायदेमंद होता है। खाना खाने के बाद 1 घंटे टहलने की तुलना में भोजन के तुरंत बाद टहलना वजन कम करने में ज्यादा प्रभावी पाया गया है। अगर आपको पेट दर्द या ज्यादा थकान जैसी समस्या महसूस नहीं होती है तो खाने के बाद जरूर टहलना चाहिए। इस रिसर्च में देखा गया है कि खाना खाने के थोड़ी देर बाद तेज गति से चलने पर एक महीने में 3 किलो वजन कम हुआ, जबकि धीमी गति से टहलने पर भी 1.5 किलो वजन कम हुआ।
इसे भी पढ़ें: फैट लॉस के लिए कार्डियो या वॉकिंग, क्या ज्यादा बेहतर है? एक्सपर्ट से जानें
दोपहर में लंच के बाद टहलने के फायदे
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, ऑफिस में लंच करने के बाद हल्की वॉक करना भी आपकी सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकती है, जैसे-
1. पाचन क्रिया बेहतर बनाए
दोपहर का खाना खाने के बाद हल्की वॉक करने से भोजन को पचाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है। चलने से आंतों की गतिविधि एक्टिव होती है, जिससे खाना धीरे-धीरे और सही तरीके से पचता है। इससे पेट भारी लगना, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं का जोखिम भी कम हो सकता है।
-1783589298145.jpg)
2. ब्लड शुगर कंट्रोल करे
खाना खाने के बाद शरीर में ब्लड शुगर का लेवल बढ़ता है। अगर आप भोजन के बाद कुछ देर पैदल चलते हैं तो शरीर की मांसपेशियां ग्लूकोज को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करती हैं। इससे ब्लड शुगर का लेवल तेजी से बढ़ने की संभावना कम हो सकती है। खासकर प्रीडायबिटीज, डायबिटीज या इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए दोपहर के भोजन के बाद हल्की वॉक ज्यादा फायदेमंद हो सकती है।
3. वजन मैनेज करे
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं तो लंच के बाद वॉक करना एक आसान और प्रभावी तरीका हो सकता है। लंच के बाद हल्की शारीरिक गतिविधि करने से शरीर ज्यादा एनर्जी का इस्तेमाल करता है, जिससे कैलोरी बर्न होती है। हालांकि, सिर्फ वॉक करने से ही वजन कम नहीं होता है, बल्कि संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधियां और एक्टिव लाइफस्टाइल भी वजन मैनेज करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
4. ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करे
लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो सकता है। इससे पैरों में भारीपन, अकड़न या थकान जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। लंच के बाद कुछ मिनट की हल्की वॉक करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मांसपेशियों तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व ज्यादा सही तरीके से पहुंचते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या दिनभर बैठकर काम करने वाली महिलाओं को अलग तरह की डाइट की जरूरत होती है? जानें एक्सपर्ट से
5. रात की नींद में सुधार करे
दिनभर पर्याप्त मात्रा में शारीरिक गतिविधियां करने से शरीर की नेचुरल बायोलॉजिकल क्लॉक बेहतर तरीके से काम करती है। लंच के बाद नियमित रूप से हल्की वॉक करने की आदत पूरे दिन की एक्टिविटी को बढ़ाती है, जिससे रात में अच्छी और गहरी नींद आने में मदद मिल सकती है। बेहतर नींद लेने से न सिर्फ शरीर की रिकवरी में मदद मिलती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और फोकस बढ़ाने में भी यह अहम भूमिका निभाती है।
ऑफिस में वॉक करने के आसान तरीके
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के मुताबिक, ऑफिस में लंच के बाद वॉक करने के लिए आप इन टिप्स को अपना सकते हैं-
- लंच के बाद 10 मिनट रुककर आप 10 से 15 मिनट तक ऑफिस कॉरिडोर में टहल सकते हैं।
- अगर संभव हो तो लिफ्ट की जगह ऑफिस में सीढ़ियों का इस्तेमाल करें।
- अपने साथियों के साथ वॉक करते हुए हल्की बातचीत करें।
- हर घंटे 2 से 3 मिनट के लिए अपनी सीट से उठकर थोड़ा चलने की कोशिश करें।
- ऑफिस में बहुत ज्यादा टाइट या असुविधा देने वाले जूते के स्थान पर आरामदायक जूते पहनें ताकि चलने में परेशानी न हो।
निष्कर्ष
ऑफिस में लंच करने के बाद सिर्फ 10 से 15 मिनट हल्की वॉक करने से आपकी सेहत पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। यह वॉक आपकी पाचन क्रिया को बेहतर बनाने, ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने, वजन को मैनेज करने और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करने में मदद करती है। अगर आप लंबे समय तक डेस्क पर काम करते हैं तो इस छोटी सी आदत को अपने रूटीन का हिस्सा जरूर बनाएं। नियमित रूप से लंच के बाद वॉक करने से आप फिट रहते हैं और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
Image Credit: Freepik
FAQ
1 दिन में कितनी वॉक करनी चाहिए?
एक दिन में 30 मिनट या 7000 से 10000 कदम चलने का लक्ष्य रखना चाहिए। शुरुआत करने वालों को कम समय से शुरुआत करनी चाहिए और धीरे-धीरे समय बढ़ाना चाहिए।शाम को खाना खाने के कितनी देर बाद टहलना चाहिए?
खाना खाने के तुरंत बाद तेज चलने से बचना चाहिए। पाचन क्रिया को बेहतर रखने के लिए भोजन के बाद 10 से 15 मिनट तक आराम करें और उसके बाद 10 से 20 मिनट तक धीमी चाल में टहलें।
Read Next
→
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 09, 2026 15:03 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Jul 09, 2026 15:03 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra