Wed Oct 21, 2026 | 04:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Padmaja , Senior Consultant – Dermatology

एक साथ कई स्किनकेयर प्रोडक्ट लगाना पड़ सकता है भारी, डॉक्टर से जानें किन चीजों को साथ न लगाएं

एक साथ कई स्किनकेयर प्रोडक्ट लगाने से स्किन में जलन, लालिमा और ड्राईनेस बढ़ सकती है। यहां डर्मेटोलॉजिस्ट से जानिए, रेटिनॉल, AHA-BHA और विटामिन C जैसे इंग्रेडिएंट्स इस्तेमाल करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए।
एक साथ कई स्किनकेयर प्रोडक्ट लगाना पड़ सकता है भारी, डॉक्टर से जानें किन चीजों को साथ न लगाएंएक साथ कई स्किनकेयर प्रोडक्ट लगाना पड़ सकता है भारी, डॉक्टर से जानें किन चीजों को साथ न लगाएं

चेहरे पर निखार लाने और स्किन को बेदाग बनाने के लिए कई लोग एक साथ कई स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। जरूरत से ज्यादा स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल आपकी स्किन को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान भी पहुंचा सकता है। कई बार चेहरे पर अचानक लालिमा, जलन, ड्राईनेस और छोटे-छोटे दाने निकलने लगते हैं। ऐसे में लोग समझ नहीं पाते कि आखिर उनकी स्किन को क्या हो गया है। यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, हर स्किनकेयर प्रोडक्ट में अलग-अलग एक्टिव इंग्रीडिएंट्स होते हैं, जो स्किन पर अलग तरीके से काम करते हैं। कुछ इंग्रीडिएंट्स का एक साथ इस्तेमाल करने से स्किन में जलन और सेंसिटिविटी बढ़ सकती है।

किन स्किनकेयर प्रोडक्ट्स को एक साथ नहीं लगाना चाहिए?

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, स्किनकेयर रूटीन बनाते समय स्किन टाइप और इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट्स के इंग्रीडिएंट्स पर ध्यान देना चाहिए। आइए जानते हैं कि किन स्किनकेयर प्रोडक्ट्स को एक साथ लगाने से बचना चाहिए और स्किन की देखभाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

1. रेटिनॉल और एक्सफोलिएटिंग एसिड एक साथ लगाने से बचें

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि रेटिनॉल का इस्तेमाल स्किन को बेहतर बनाने, महीन रेखाओं यानी फाइन लाइंस को कम करने और मुंहासों की समस्या में मदद के लिए किया जाता है। वहीं, ग्लाइकोलिक एसिड और लैक्टिक एसिड जैसे एक्सफोलिएटिंग एसिड स्किन की डेड सेल्स को हटाने में मदद करते हैं।

  • इन दोनों तरह के प्रोडक्ट्स को एक ही रूटीन में इस्तेमाल करने से कुछ लोगों की स्किन में जलन, लालिमा और ड्राईनेस बढ़ सकती है।
  • खासकर अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपने हाल ही में इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल शुरू किया है, तो इन्हें एक साथ लगाने से बचें।
  • जरूरत पड़ने पर अलग-अलग समय पर इस्तेमाल करने के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लें।

2. विटामिन C और दूसरे एक्टिव प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा बताती हैं कि विटामिन C सीरम स्किन की रंगत को समान बनाने और एंटीऑक्सीडेंट प्रोटेक्शन देने में मदद कर सकता है लेकिन अगर आप इसके साथ कई तेज एक्टिव इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो स्किन में जलन होने की आशंका बढ़ सकती है। उदाहरण के लिए, विटामिन C के साथ एक्सफोलिएटिंग एसिड या रेटिनॉल (Retinol and Vitamin C) लगाने से कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, इन सभी इंग्रीडिएंट्स को एक साथ इस्तेमाल करना हर व्यक्ति के लिए नुकसानदायक नहीं होता।

3. बेंजोइल पेरोक्साइड और रेटिनॉल

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, बेंजोइल पेरोक्साइड का इस्तेमाल मुंहासों के इलाज में किया जाता है, जबकि रेटिनॉल स्किन सेल्स को बनाने में मदद करता है। कुछ स्थितियों में इनका इस्तेमाल एक ही ट्रीटमेंट प्लानिंग में किया जा सकता है, लेकिन दोनों को एक साथ लगाने से स्किन में ड्राईनेस और जलन बढ़ सकती है। इसलिए बिना डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह के दोनों प्रोडक्ट्स को एक ही समय पर इस्तेमाल न करें।

Skincare mistakesSkincare mistakes

4. एक साथ कई एक्सफोलिएटिंग प्रोडक्ट्स न लगाएं

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा बताती हैं कि कई लोग स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए स्क्रब, AHA, BHA और पीलिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल करते हैं। इन सभी का बार-बार या एक ही रूटीन में इस्तेमाल स्किन की बाहरी प्रोटेक्टिव लेयर को नुकसान पहुंचा सकता है।

  • इससे स्किन में खिंचाव, जलन, लालिमा और सेंसिटिविटी बढ़ सकती है।
  • कुछ मामलों में स्किन पर काले धब्बे भी गहरे हो सकते हैं।
  • इसलिए रोजाना स्क्रब करने या कई एक्सफोलिएटिंग प्रोडक्ट्स को एक साथ लगाने के बजाय सीमित और जरूरत के अनुसार इनका इस्तेमाल करें।

साल 2019 में Journal of Preventive Medicine and Hygiene में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, रोजाना इस्तेमाल होने वाले कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में कई तरह के हानिकारक केमिकल्स, खुशबू और प्रिजर्वेटिव्स पाए जाते हैं। हालांकि ये पदार्थ एक तय सीमा के भीतर उपयोग किए जाते हैं, लेकिन लंबे समय तक इनके इस्तेमाल से स्किन पर एलर्जी, रैशेज या गंभीर नुकसान हो सकते हैं। कई केमिकल्स ऐसे हैं जो अकेले या मिलकर हेल्थ के लिए असुरक्षित साबित हो सकते हैं।

स्किनकेयर रूटीन में इन बातों का रखें ध्यान

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि स्किन की देखभाल के लिए जरूरी नहीं कि आप बहुत सारे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करें। एक साधारण रूटीन में माइल्ड फेस वॉश, मॉइश्चराइजर और दिन में ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन को शामिल कर सकते हैं। इसके बाद स्किन की जरूरत के अनुसार किसी एक एक्टिव इंग्रीडिएंट को शामिल किया जा सकता है। नया प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर स्किन पर लगातार जलन, लालिमा या पपड़ी आने लगे, तो एक्टिव प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल रोककर डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें।

निष्कर्ष

एक साथ कई स्किनकेयर प्रोडक्ट्स लगाने से स्किन को हमेशा ज्यादा फायदा नहीं मिलता। रेटिनॉल, एक्सफोलिएटिंग एसिड और मुंहासों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स को गलत तरीके से मिलाने पर जलन, ड्राईनेस और स्किन की सेंसिटिविटी बढ़ सकती है। इसलिए अपनी स्किन के अनुसार प्रोडक्ट चुनें, नए इंग्रीडिएंट्स धीरे-धीरे रूटीन में शामिल करें और जरूरत से ज्यादा एक्सफोलिएशन करने से बचें। अगर किसी प्रोडक्ट के इस्तेमाल से स्किन में परेशानी हो रही है, तो खुद से कई नए प्रोडक्ट्स आजमाने के बजाय डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या एक्सपायरी डेट निकलने के बाद स्किनकेयर प्रोडक्ट इस्तेमाल कर सकते हैं?

    नहीं, एक्सपायरी डेट निकलने के बाद प्रोडक्ट की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है। ऐसे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
  • क्या चेहरे पर बॉडी लोशन लगाना सही है?

    कुछ बॉडी लोशन चेहरे पर भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं, लेकिन हर प्रोडक्ट चेहरे की स्किन के लिए सही नहीं होता है।
  • क्या मेकअप हटाए बिना सोने से स्किन खराब होती है?

    हां, मेकअप लगाकर सोने से पोर्स बंद होने, मुंहासे निकलने और स्किन में जलन की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए सोने से पहले मेकअप को अच्छी तरह हटाना चाहिए।

Read Next

→ सनस्क्रीन लगाने के बाद भी चेहरे पर टैनिंग और पिग्मेंटेशन बढ़ रहा है? डॉक्टर से जानें कारण

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 21, 2026 14:26 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Padmaja