खराब लाइफस्टाइल, गलत खान-पान की आदतें और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण वजन बढ़ने की समस्या तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर पेट और कमर के आस-पास जमा चर्बी कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। वजन कम करने के लिए लोग सुबह की एक्सरसाइज, डाइटिंग और जिम पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन रात के खाने यानी डिनर की आदतों को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा बताती हैं कि डिनर की कुछ आदतों में छोटे-छोटे बदलाव करने से वजन कम करने में ज्यादा मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं कि वजन कम करने के लिए डिनर में क्या बदलाव करना चाहिए?
वजन घटाने के लिए रात के खाने की आदतों में करें ये 5 बदलाव
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, वजन घटाने के लिए रात के खाने की आदतों में आप इन बदलावों को करके फिट बॉडी पा सकते हैं-
1. सोने से कम से कम 2 घंटे पहले करें डिनर
अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो सबसे पहले अपने डिनर का समय ठीक करने की कोशिश करें। कई लोगों की आदत होती है कि वे देर रात खाना खाते हैं और खाना खाने से तुरंत बाद सो जाते हैं। ऐसा करने से कुछ लोगों को एसिडिटी, सीने में जलन और पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए, कोशिश करें कि सोने से लगभग 2 से 3 घंटे पहले डिनर कर लें।
समय पर खाना खाने से आपको भोजन के बाद थोड़ा टहलने और आराम करने का समय मिलता है। इसके अलावा, नियमित समय पर भोजन करने से खाने-पीने की आदतों में अनुशासन बना रहता है।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए एक दिन में कितने चिया सीड्स खाने चाहिए? एक्सपर्ट से जानें
2. डिनर में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम करें
वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों को रात के खाने में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा पर ध्यान देना चाहिए। रोटी, चावल, आलू और ब्रेड जैसे फूड्स कार्बोहाइड्रेट के अच्छे सोर्स होते हैं और शरीर को एनर्जी देते हैं। हालांकि, जरूरत से ज्यादा कार्बोहाइड्रेट फूड्स का सेवन करने से कुल कैलोरी की मात्रा बढ़ सकती है।
इसलिए, डिनर में बहुत ज्यादा रोटी या चावल खाने के बजाय संतुलित मात्रा में इनका सेवन करना चाहिए। आप अपनी प्लेट में आधी मात्रा में सब्जियों और सलाद के लिए एक चौथाई प्रोटीन से भरपूर फूड्स के लिए और एक चौथाई साबुत अनाज या रोटी-चावल के लिए रख सकते हैं।
3. डिनर में प्रोटीन को ज्यादा शामिल करें
वजन घटाने के दौरान प्रोटीन का सेवन बहुत फायदेमंद हो सकता है। प्रोटीन खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार भूख लगने और अनावश्यक स्नैकिंग से बचने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा प्रोटीन मांसपेशियों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। रात के खाने में प्रोटीन की अच्छी मात्रा शामिल करने के लिए आप दाल, पनीर, टोफू, सोया, चना, राजमा और अंडे का सेवन कर सकते हैं। अगर आप शाकाहारी हैं तो दाल, पनीर और सोया अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
Dinner-Habit-Changes-For-Weight-Loss
4. जंक और प्रोसेस्ड फूड से करें परहेज
वजन बढ़ने की एक बड़ी वजह अनहेल्दी खान-पान भी हो सकता है। खासकर रात के समय पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, चिप्स, इंस्टेंट नूडल्स और पैकेट वाले स्नैक्स खाने से बचना चाहिए। इन फूड्स में अक्सर ज्यादा कैलोरी, नमक, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और अनहेल्दी फैट होती है।
इसके अलावा देर रात मीठा खाने या शुगरी ड्रिंक्स पीने की आदत भी वजन कंट्रोल करने में मुश्किल का कारण बन सकती है। अगर डिनर के बाद कुछ खाने का मन हो तो फल, सादा दही या थोड़े नट्स जैसे पौष्टिक विकल्प चुन सकते हैं।
5. डिनर के बाद जरूर करें हल्की वॉक
रात का खाना खाने के बाद तुरंत बिस्तर पर लेटने के बजाय 10 से 15 मिनट की हल्की वॉक जरूर करें। इससे शरीर को भोजन के बाद एक्टिव रहने में मदद मिलती है और ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में भी फायदा हो सकता है।
अगर आप चाहें तो घर के अंदर ही धीरे-धीरे टहल सकते हैं या बाहर किसी सुरक्षित जगह पर थोड़ी देर घूम सकते हैं। ध्यान रखें कि डिनर के बाद बहुत तेज दौड़ने या मुश्किल एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। हल्की और आरामदायक वॉक काफी है।
इसे भी पढ़ें: तेजी से वजन घटाने पर खोखली हो सकती हैं हड्डियां, डॉक्टर से जानें कारण और लक्षण
देर रात खाने की आदत और वजन बढ़ने का कनेक्शन
साल 2022 में Current Diabetes Reports में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, देर रात या असमय भोजन करने से शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी और मेटाबॉलिज्म के बीच तालमेल बिगड़ जाता है, जिससे समय के साथ वजन बढ़ने और मोटापे का जोखिम बढ़ जाता है। रात के समय भोजन पचाने में लगने वाला थर्मिक प्रभाव और एनर्जी व्यय दिन की तुलना में कम हो जाता है, जिससे भोजन की कैलोरी एनर्जी में बदलने के बजाय फैट के रूप में जमा होने लगती है। इसके अलावा, देर से खाने से भूख और तृप्ति को कंट्रोल करने वाले हार्मोन का स्राव असंतुलित हो जाता है।
निष्कर्ष
वजन घटाने के लिए आपको हमेशा मुश्किल डाइटिंग या घंटों जिम में पसीना बहाने की जरूरत नहीं होती है। रात के खाने की कुछ छोटी आदतों में बदलाव करके भी जंक फूड से दूरी बनाना और खाने के बाद हल्की वॉक करना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, सिर्फ डिनर में बदलाव करने से तेजी से वजन घटने की गारंटी नहीं होती है।
Image Credit: Freepik
FAQ
सुबह उठकर क्या खाने से वजन घटता है?
सुबह खाली पेट गुनगुना पानी, नींबू-पानी या भीगे हुए बादाम और अखरोट खाने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है।भूखे रहने से वजन कम होता है क्या?
लंबे समय तक भूखे रहने से वजन कम होने के बजाय मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, शरीर को पोषण नहीं मिलता है और कमजोरी भी आती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 01, 2026 14:29 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra
