आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और नाइट लाइफ में खान-पान का सही तरह से ध्यान रखना बहुत जरूरी है। रात का खाना सिर्फ दिनभर की भूख मिटाने का जरिए नहीं है, बल्कि यह हमारी सेहत के लिए बहुत अहम होता है। हम अक्सर रात में क्या खाएं इस बारे में ही सोचते हैं, लेकिन कब और कितने बजे खाना चाहिए इस बात का ध्यान भी रखना बहुत जरूरी है। रात को सही समय पर खाना खाने से न सिर्फ पाचन बेहतर रहता है, बल्कि यह नींद और मानसिक स्वास्थ्य को भी अच्छा रखता है। इसलिए, आइए Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं कि रात का खाना कितने बजे और क्यों खाना चाहिए?
रात का खाना खाने का सही समय क्या है?
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, सर्केडियम रिदम के अनुसार रात का खाना खाने का सबसे अच्छा समय सूरज ढलने के तुंत बाद यानी शाम 6:30 बजे से रात 8:00 बजे के बीच होना चाहिए। आसान शब्दों में कहें तो सोने से कम से कम 3 घंटे पहले आपका डिनर पूरा हो जाना चाहिए। अगर आप रात 10:30 या 11 बजे सोते हैं, तो आपको हर हाल में 7:30 या 8:00 बजे तक अपना खाना खा लेना चाहिए।
साल 2019 में Nutrients में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, शाम को सोने से कम से कम 2.5 घंटे पहले डिनर करना चाहिए। स्वीडन में लोग डिनर 6 बजे तक और जर्मनी में 7 बजे तक डिनर कर लेते हैं।
सोने से 3 घंटे पहले खाना क्यों जरूरी है?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि जब आप रात को खाना खाते हैं तो आपका शरीर उस भोजन को पचाने की प्रक्रिया शुरू करता है। भारी भोजन को पूरी तरह पचने में कम से कम 3 से 4 घंटे का समय लगता है। अगर आप खाना खाते ही सोने चले जाते हैं तो आपके शरीर की एनर्जी, जो रात में सेल्स को रिपेयर करने और दिमाग को आराम देने में लगनी चाहिए थी, सिर्फ पाचन क्रिया को ठीक करने में लगती है।
साल 2021 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, हेल्दी व्यक्ति को रात का खाना सोने से 3 घंटे पहले करने से ब्लड शुगर का लेवल कंट्रोल में रहता है, फैट बर्निंग बढ़ता है, इंसुलिन रेजिस्टेंस और खाली पेट इंसुलिन के लेवल को कम करने में भी मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें: इंसुलिन रेजिस्टेंस में रात का खाना कब और कितना खाएं? डाइटीशियन से जानें डिनर का सही समय
सही समय पर डिनर करने के फायदे
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, रात में सही समय पर डिनर करने से सेहत को कई तरह के फायदे मिलते हैं, जैसे-
1. एसिडिटी और ब्लोटिंग से राहत
जब आप खाकर तुरंत लेट जाते हैं तो पेट का एसिड ऊपर भोजन नली की तरफ जाने लगता है। इसे मेडिकल की भाषा में गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) या एसिड रिफ्लक्स भी कहते हैं। सही समय पर खाना खाने से भोजन पेट से आगे बढ़ जाता है, जिससे सीने में जलन, पेट फूलना और खट्टी डकारों की समस्या नहीं होती है।
2. ब्लड शुगर और इंसुलिन कंट्रोल
रात के समय हमारे शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी कम हो जाती है। देर रात कार्बोहाइड्रेट से भरपूर भोजन करने से ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ता है। जो मरीज डायबिटीज से पीड़ित हैं या प्री-डायबिटीक हैं, उनके लिए 8 बजे से पहले खाना खा लेना जरूरी है।
3. वजन और फैट मैनेजमेंट
रात में हमारा मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। अगर हम देर से भारी खाना खाते हैं तो शरीर उस कैलोरी का इस्तेमाल नहीं कर पाता है और वह फैट के रूप में जमा होने लगती है, खासकर पेट के आसपास। समय पर खाने से वजन कंट्रोल में रखना आसान हो जाता है।
best-time-to-have-dinner
4. गहरी और अच्छी नींद
जब आपका पेट भोजन पचाने के लिए लगातार मेहनत कर रहा होता है तो आपकी नींद बार-बार टूट जाती है। समय पर डिनर करने से खाना अच्छी तरह पच जाता है, जिससे शरीर आराम की स्थिति में चली जाती है और आपको अच्छी नींद आती है।
5. दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
देर रात भारी भोजन करने से रात के समय ब्लड प्रेशर और ट्राइग्लिसराइड्स का लेवल बढ़ सकता है। शाम को हल्का और समय पर भोजन करने से दिल पर कम प्रेशर पड़ता है और दिल की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।
इसे भी पढ़ें: रात में भारी भोजन से पित्त दोष कैसे बढ़ता है? आयुर्वेदाचार्य से जानें
खाने में देर हो जाए तो क्या करना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, आजकल की व्यस्त लाइफस्टाइल और शिफ्ट ड्यूटी के कारण हर किसी के लिए रात 8 बजे तक भोजन करना संभव नहीं होता है। अगर किसी दिन आपको देर हो जाती है तो इन बातों का ध्यान रखें:
- हल्का भोजन करें: देर रात कभी भी भारी, तला-भुना या ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन करने से बचें। देर रात खाने में खिचड़ी, सूप, उबली सब्जियां या दलिया शामिल करें।
- वॉक जरूर करें: रात को खाना खाने के तुरंत बाद सोने से बचना चाहिए। कम से कम 15 से 20 मिनट तक हल्की गति से टहलें।
- पानी का ध्यान रखें: खाने के तुरंत बाद ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए। गुनगुना पानी थोड़ी देर बाद पिएं।
- कैफीन से बचें: देर रात चाय, कॉफी या सॉफ्ट ड्रिंक्स पीने से बचें, क्योंकि यह पाचन और नींद दोनों को प्रभावित करती हैं।
निष्कर्ष
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि रात में 8 बजे से पहले भोजन करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। शुरुआत में 2 -3 दिन आपको मुश्किल हो सकती है, लेकिन धीरे-धीरे सही समय पर खाने की आदत हो जाती है। सही समय पर खाना खाने से शरीर को एनर्जी मिलती है, पाचन बेहतर रहता है और नींद भी बेहतर होती है।
Image Credit: Freepik
FAQ
रात को खाने में क्या खाना चाहिए?
रात के खाने में हमेशा हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन शामिल करना चाहिए। इसलिए, आप दलिया या खिचड़ी, सब्जियां, रोटी और सूप शामिल कर सकते हैं।देर रात भूख लगे तो क्या खाएं?
देर रात तेज भूख लगने पर हल्के, कम कैलोरी वाले और आसानी से पचने वाले फूड्स का सेवन करना चाहिए, जिसमें भुने मखने, एक गिलास गुनगुना दूध या थोड़े से ड्राई फ्रूट्स शामिल हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 27, 2026 17:23 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
