सुबह उठकर खाली पेट नींबू पानी पीना आजकल एक हेल्थ रूटीन का ट्रेंड बन गया है। कई लोग इसे डिटॉक्स ड्रिंक, वजन कम करने का उपाय या पाचन में सुधार करने वाला ड्रिंक मानते हैं। नींबू में विटामिन सी और अन्य पोषक तत्व होते हैं और पर्याप्त पानी पीना शरीर के लिए जरूरी होता है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि सुबह खाली पेट नींबू-पानी हर व्यक्ति के लिए एक जैसा फायदेमंद होगा। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida के अनुसार, किसी भी हेल्थ ट्रेंड को अपनाने से पहले अपनी सेहत और शरीर की जरूरत को समझना जरूरी है। कुछ लोगों में नींबू की एसिडिक प्रकृति पेट में जलन, एसिडिटी या दांतों की संवेदनशीलता जैसी समस्याओं को बढ़ा सकती है।ॉ
खाली पेट नींबू-पानी पीने से क्या नुकसान हो सकते हैं?
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि खाली पेट नींबू पानी पीना हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित नहीं होता है, इसलिए इसे पीने से सेहत को कई तरह से नुकसान भी पहुंच सकता है।
1. एसिडिटी और सीने में जलन बढ़ सकती है
नींबू एक एसिडिक फल है। इसलिए, जिन लोगों को पहले से एसिडिटी, गैस्ट्रोएसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) या सीने में जलन की समस्या बनी रहती है, उनमें खट्टे ड्रिंक्स कुछ परिस्थितियों में इन लक्षणों को बढ़ा सकते हैं। अगर नींबू पानी पीने के बाद बार-बार सीने में जलन, खट्टी डकार, गले में जलन या मुंह में खट्टा स्वाद महसूस होता है, तो इसे जबरदस्ती पीने की जरूरत नहीं है।
इसे भी पढ़ें: क्या खाली पेट नींबू पानी पीने से एसिडिटी हो सकती है? एक्सपर्ट से जानें सच्चाई
2. पेट से जुड़ी समस्या हो सकती है
कुछ लोगों का पाचन तंत्र ज्यादा सेंसिटिव होता है। खाली पेट ज्यादा खट्टा नींबू-पानी लेने से उन्हें पेट में असुविधा, जलन या मितली जैसी समस्या महसूस हो सकती है। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि ये समस्या हर व्यक्ति में हो, लेकिन अगर हर बार नींबू-पानी पीने के बाद पेट खराब महसूस हो तो शरीर के संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
3. दांतों के इनेमल को नुकसान हो सकता है
नींबू में मौजूद एसिड दांतों की बाहरी सुरक्षा परत यानी इनेमल को बार-बार एसिड के संपर्क में आने के कारण प्रभावित कर सकता है। लंबे समय तक बार-बार एसिड ड्रिंक लेने से दांतों की बाहरी सेंसिटिविटी बढ़ सकती है। इसलिए डॉक्टर सलाह देते हैं कि नींबू पानी पीने के बाद मुंह को नॉर्मल पानी से कुल्ला करके साफ कर लें। नींबू पानी के तुरंत बाद ब्रश करने के बजाय कुछ समय इंतजार करना भी बेहतर होता है।
साल 2015 में PLoS One में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, नींबू के रस का पीएच 2.50 होता है। ज्यादा एसिडिटी होने के कारण यह दांतों का क्षरण करता है। इसके संपर्क से इनेमल को 32.0 mg और डेंटिन को 28.3 mg द्रव्यमान का नुकसान होता है।
4. कैलोरी इनटेक बढ़ता है
नींबू-पानी को अक्सर वजन कम करने का आसान उपाय माना जाता है। हालांकि, सिर्फ नींबू पानी पीने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी अपने आप कम नहीं होती है। वजन मैनेज करने के लिए कुल कैलोरी सेवन, भोजन की गुणवत्ता, पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर, नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां, नींद और लाइफस्टाइल जैसे कई कारण जरूरी होते हैं। अगर कोई व्यक्ति मीठे या ज्यादा कैलोरी वाले ड्रिंक की जगह बिना चीनी वाला नींबू पानी लेता है तो कुछ कैलोरी कम होने में मदद मिल सकती है।

किन लोगों को खाली पेट नींबू-पानी से सावधानी बरतनी चाहिए?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, हर व्यक्ति को नींबू-पानी से बचने की जरूरत नहीं होती है। हालांकि, कुछ परिस्थितियों में इसे लेने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना या अपनी प्रतिक्रिया पर ध्यान देना जरूरी होता है, जिनमें शामिल हैं-
- बार-बार एसिडिटी या सीने में जलन होना
- GERD या एसिड रिफ्लक्स से परेशान व्यक्ति
- खट्टी चीजों से पेट में जलन या असुविधा महसूस करने वाले लोग
- दांतों की संवेदनशीलता या इनेमल से जुड़ी समस्या से पीड़ित लोग
- जिनको किसी फूड से एलर्जी या असहिष्णुता की समस्या हो
- ऐसे लोग जिनमें नींबू पानी लेने के बाद लगातार पेट से जुड़े लक्षण दिखाई देते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या इंटरमिटेंट फास्टिंग के दौरान नींबू पानी पीना ठीक है? डाइटिशियन से जानें
नींबू पानी पीने का सही तरीका क्या है?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, अगर आपको नींबू पानी से कोई समस्या नहीं होती है तो इसे सामान्य मात्रा में लिया जा सकता है। इसमें अतिरिक्त चीनी या बहुत ज्यादा नींबू डालने से बचें। इसे दांतों की सुरक्षा के लिए पीने के बाद सादे पानी से कुल्ला करना उपयोगी हो सकता है। अगर आपको लगातार एसिडिटी होती है, तो खाली पेट लेने के बजाय यह देखना बेहतर है कि दिन के किसी दूसरे समय इसे लेने पर लक्षणों में अंतर होता है या नहीं।
निष्कर्ष
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि सुबह खाली पेट नींबू पानी पीना हर किसी के लिए जरूरी नहीं है। अगर यह आपको अच्छा लगता है और इसे पीने से कोई समस्या महसूस नहीं होती है तो सीमित मात्रा में इसे आप रोजाना पी सकते हैं। ध्यान रखें, अगर नींबू पानी लेने के बाद लगातार सीने में जलन, पेट दर्द, मितली, खट्टी डकार या दांतों में सेंसिटिविटी हो रही है तो इसे पीने से बचें।
Image Credit: Freepik
FAQ
नींबू का पानी कब नहीं पीना चाहिए?
नींबू पानी में साइट्रिक एसिड काफी मात्रा में होता है, इसलिए एसिडिटी, पेट में छाले या सीने में जलन होने पर इसे नहीं पीना चाहिए।1 दिन में कितने नींबू का पानी पीना चाहिए?
एक हेल्दी व्यक्ति को दिन में 1 से 2 नींबू का रस ही पानी में मिलाकर पीना चाहिए। इससे ज्यादा मात्रा में नींबू पानी पीने से एसिडिटी, पेट खराब होना और दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 30, 2026 15:23 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh