Sat Nov 28, 2026 | 01:19 PM IST

Medically Reviewed by Dr Lavanya Kiran , Gynaecologogist & Fertility Exper

30 के बाद महिलाओं को साल में एक बार जरूर कराने चाहिए ये 8 हेल्थ टेस्ट, कई बीमारियों का चल सकता है पता

बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं को होने वाली हार्मोनल असंतुलन और पोषक तत्वों की कमी जैसी समस्याओं के लिए 30 के बाद नियमित हेल्थ चेकअप जरूरी हैं। इसके लिए कई तरह के टेस्ट को कराया जा सकता है, लेकिन टेस्ट का शेड्यूल व्यक्तिगत स्थिति पर निर्भर करता है।
30 के बाद महिलाओं को साल में एक बार जरूर कराने चाहिए ये 8 हेल्थ टेस्ट, कई बीमारियों का चल सकता है पताImages Credit- Magnific

बढ़ती उम्र के साथ अक्सर महिलाओं को शरीर में हार्मोन्स के असंतुलित होने और पोषक तत्वों की कमी होने जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं, जिसके कारण उनको थकान, कमजोरी, काम पर फोकस करने में परेशानी होने और स्ट्रेस जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। ऐसे में इन समस्याओं का समय से पता लगाने और समय रहते इनसे बचाव के लिए नियमित रूप से हेल्थ चेकअप कराना या टेस्ट कराने की सलाह दी जाती है, लेकिन ऐसी स्थिति में कौन से टेस्ट कराना जरूरी होता है? ऐसे में आइए इस बारे में Dr. Lavanya Kiran, Director & Lead Consultant – Obstetrics, Gynecology, Robotics, Regenerative Medicine, Cosmetic Gynaecology & Fertility, KIMS Hospitals, Electronic City, Bengaluru से जानें।

30 उम्र के बाद महिलाओं को कौन से हेल्थ टेस्ट कराने चाहिए?

Dr. Lavanya Kiran के अनुसार, 30 साल की उम्र के बाद, आगे होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति अलर्ट रहने के लिए नियमित हेल्थ चेकअप बहुत जरूरी हो जाते हैं। हार्मोनल समस्याएं, कुपोषण और हेल्दी लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां धीरे-धीरे महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। स्क्रीनिंग टेस्ट इन समस्याओं को गंभीर बीमारियों में बदलने से रोकने में मदद कर सकते हैं।

महिलाओं को कुछ ऐसे हेल्थ टेस्ट जरूर करवाने चाहिए, जैसे-

1. कम्प्लीट ब्लड काउंट (CBC)

CBC टेस्ट से एनीमिया और आयरन की कमी जैसी खून से जुड़ी समस्याओं का पता चलता है। जिन महिलाओं को पीरियड्स के दौरान बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होती है, उनमें ऐसी समस्याएं आम हैं।

2. थायराइड टेस्ट

इससे थायराइड हार्मोन के स्तर की जांच होती है। थायराइड ग्रंथि की समस्याओं के कारण पीरियड्स में गड़बड़ी हो सकती है और यहां तक कि इनफर्टिलिटी की समस्या भी हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: क्या ब्लड टेस्ट से पता चल सकता है ब्रेस्ट कैंसर? डॉक्टर से जानें कौन-सी जांच है जरूरी

routine health tests for women after 30 ageImages Credit- Magnific

3. ब्लड शुगर टेस्ट

ब्लड शुगर का टेस्ट डायबिटीज और प्री-डायबिटीज का पता लगाने में मदद करता है। इसमें फास्टिंग ग्लूकोज या HbA1c टेस्ट शामिल हो सकते हैं।

4. लिपिड प्रोफाइल टेस्ट

लिपिड प्रोफाइल टेस्ट में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर की जांच की जाती है, जिससे दिल की बीमारियों (cardiovascular diseases) का खतरे का पता चलता है।

5. पैप स्मीयर और ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टेस्ट

यह सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए किया जाता है। सरकार की सलाह के अनुसार, उम्र और मेडिकल स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही इन टेस्ट को करवाने का गैप (interval) तय किया जाना चाहिए।

6. विटामिन D और B12 टेस्ट

अगर शरीर में किसी तरह की कमी के लक्षण दिखें, तो व्यक्ति को विटामिन डी और विटामिन बी12 टेस्ट करवाए जाते हैं।

इसे भी पढ़ें: हाई ब्लड प्रेशर के ये 5 संकेत, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे नजरअंदाज?

7. ब्लड प्रेशर की जांच

नियमित जांच से हाई ब्लड प्रेशर का पता लगाने में मदद मिलती है, जिसके अक्सर कोई साफ लक्षण नहीं दिखाई देते हैं।

8. मैमोग्राम टेस्ट (Mammogram)

अगर परिवार में ब्रेस्ट कैंसर की हिस्ट्री रही है, तो यह टेस्ट जरूरी है। व्यक्ति को इसे नियमित रूप से कराना चाहिए।

इसके अलावा, महिलाओं को ब्रेस्ट से जुड़ी समस्याओं, पीरियड्स की गड़बड़ियों और प्रजनन स्वास्थ्य (reproductive health) से जुड़ी अन्य चिंताओं के बारे में अपनी गायनेकोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। यह जरूरी नहीं है कि हर टेस्ट साल में एक बार करवाया ही जाए। टेस्ट का शेड्यूल हर महिला की व्यक्तिगत स्थिति को ध्यान में रखकर तय किया जाना चाहिए।

क्या कहती है स्टडी?

साल 2014 में Advance for Administrators of the Laboratory में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, 30 वर्ष की उम्र के बाद महिलाओं के लिए नियमित और रिस्क के अनुसार स्वास्थ्य जांच का बीमारियों को शुरुआती चरण में पहचानना जरूरी है, लेकिन हर जांच सभी महिलाओं के लिए जरूरी नहीं होती है। आमतौर पर सर्वाइकल कैंसर के लिए हर 5 साल में Pap और HPV को-टेस्ट (या हर 3 साल में केवल Pap टेस्ट) तथा कम से कम एक बार एचआईवी जांच की सलाह दी जाती है, जबकि कोलेस्ट्रॉल, टाइप 2 डायबिटीज, हेपेटाइटिस सी और BRCA जेनेटिक जांच जैसे टेस्ट व्यक्ति के ब्लड प्रेशर, फैमिली हिस्ट्री या अन्य रिस्क फैक्टर्स के आधार पर कराए जाते हैं और अगर 30 के बाद प्रेग्नेंसी हो तो शुरुआती जांचों के साथ जेस्टेशनल डायबिटीज व एनीमिया की जांच भी जरूरी होती है।

इसके उलट, बिना लक्षण या बिना रिस्क के थायराइड, क्रोनिक किडनी रोग या ओवेरियन कैंसर की नियमित जांच की सिफारिश नहीं की जाती है और कोलोरेक्टल कैंसर की नियमित जांच आमतौर पर 50 वर्ष की उम्र से शुरू होती है, इसलिए किसी भी टेस्ट के बारे में हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लेकर ही कराना चाहिए।

निष्कर्ष

30 वर्ष की उम्र के बाद महिलाओं के लिए नियमित हेल्थ चेकअप हार्मोनल असंतुलन, पोषक तत्वों की कमी और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों को समय रहते पहचानने में मदद करता है। थकान, कमजोरी या पीरियड्स की गड़बड़ी जैसे लक्षणों में CBC, थायराइड, विटामिन D और B12 जैसे टेस्ट फायदेमंद होते हैं, जबकि ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल और ब्लड प्रेशर की जांच से डायबिटीज व दिल की बीमारी के खतरे का पता लगाया जा सकता है।

सर्वाइकल कैंसर के लिए पैप स्मीयर व HPV टेस्ट और फैमिली जेनेटिक्स होने पर मैमोग्राम टेस्ट जरूरी है। हर जांच सालाना हो यह जरूरी नहीं, व्यक्ति की स्थिति के अनुसार डॉक्टर की सलाह से ही शेड्यूल तय करना चाहिए।

Images Credit- Magnific

FAQ

  • 30 साल की महिला को क्या खाना चाहिए?

    अच्छे स्वास्थ्य के लिए 30 के बाद महिलाओं को कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन, फाइबर और विटामिन डी से युक्त दालें, पनीर, दूध, अंडे, ड्राई फ्रूट्स और सीड्स को डाइट में शामिल करना चाहिए।
  • 30 के बाद महिलाओं को कौन सी स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं?

    30 के बाद कई महिलाओं को हार्मोन्स के असंतुलित होने, मेटाबॉलिज्म के स्लो होने, थायराइड के असंतुलन, शरीर में पोषक तत्वों की कमी, स्ट्रेस बढ़ने और हड्डियों के कमजोर होने की समस्याएं हो सकती है।

Read Next

Fibroid: फाइब्रॉएड में बार-बार पेशाब क्यों आता है, जानें इसका ब्लैडर पर क्या असर पड़ता है?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 28, 2026 12:12 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Nov 28, 2026 12:12 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr Lavanya Kiran