सिर में ज्यादा पसीना आने के क्या कारण हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें
-1795695286254.webp)
आपने देखा होगा कि कुछ लोगों के सिर के आस-पास के हिस्से में लगातार पसीना बना रहता है। इस हिस्से में शरीर में ज्यादा नमी बनी रहती है। यह समस्या यूंही ही नहीं होती बल्कि, इसके पीछे कुछ मेडिकल कारण हो सकते हैं। Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru कहते हैं कि सिर पर पसीना आना आमतौर पर गर्मी, शारीरिक गतिविधि या शरीर का तापमान बढ़ने पर होने वाली एक सामान्य प्रतिक्रिया है। दरअसल, सिर की त्वचा (स्कैल्प) और माथे पर पसीने की ग्रंथियां (स्वेट ग्लैंड्स) होती हैं, जो पसीना निकालकर शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करती हैं। हालांकि, कुछ लोगों को बिना किसी एक्सरसाइज या गर्मी के संपर्क में आए भी सिर और चेहरे पर बहुत ज्यादा पसीना आता है। आइए, जानते हैं इसके मेडिकल कंडीशन के बारे में।
सिर में ज्यादा पसीना आने के क्या कारण हो सकते हैं?
डॉ. अरविंद कहते हैं कि यह स्थिति 'क्रैनियोफेशियल हाइपरहाइड्रोसिस' (craniofacial hyperhidrosis) से जुड़ी हो सकती है। इसमें पसीने की ग्रंथियां शरीर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए जरूरी मात्रा से कहीं ज्यादा पसीना बनाती हैं। इस समस्या से जूझ रहे लोगों को महसूस हो सकता है कि ठंडे माहौल में बैठे होने पर भी उनका माथा, सिर की त्वचा, चेहरा और गर्दन असामान्य रूप से गीले हो गए हैं। हालांकि यह हमेशा किसी गंभीर मेडिकल समस्या का संकेत नहीं होता, लेकिन लगातार या बिना किसी स्पष्ट कारण के होने वाले अत्यधिक पसीने को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: ज्यादा पसीना निकलने से सिर्फ सोडियम नहीं, बल्कि इन जरूरी मिनरल्स की भी होती है कमी
प्राइमरी हाइपरहाइड्रोसिस के कारण
सिर पर बहुत ज्यादा पसीना आने के कई कारण हो सकते हैं जिसमें से पहला कारण है प्राइमरी हाइपरहाइड्रोसिस। प्राइमरी हाइपरहाइड्रोसिस तब होता है जब पसीने की ग्रंथियां बिना किसी स्पष्ट मेडिकल कारण के जरूरत से ज्यादा सक्रिय हो जाती हैं। यह समस्या परिवारों में भी चल सकती है और शरीर के कुछ खास हिस्सों, जैसे चेहरे, सिर की त्वचा, हाथों और पैरों को प्रभावित कर सकती है।
-1795696035059.webp)
सेकेंडरी हाइपरहाइड्रोसिस के कारण
सेकेंडरी हाइपरहाइड्रोसिस यानी किसी अन्य मेडिकल स्थिति के कारण होने वाला पसीना भी सिर में ज्यादा पसीना आने की वजह बन सकता है। यह थायरायड के बहुत ज्यादा एक्टिव होने, डायबिटीज, हार्मोनल बदलाव, इंफेक्शन या ब्लड शुगर का अचानक कम हो जाना जैसी स्थितियों की वजह से हो सकता है। चिंता, मानसिक तनाव, कुछ खास दवाइयां और मसालेदार भोजन या कैफीन का सेवन भी पसीना आने का कारण बन सकते हैं।
साल 2023 में प्रकाशित, Dermatology and Therapy Journal के अनुसार हाइपरहाइड्रोसिस (HH) एक दीर्घकालिक विकार है, जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र (CNS) और ऑटोनोमस नर्वस सिस्टम (autonomous nervous system) के नियमन में गड़बड़ी के कारण होता है।
इसे भी पढ़ें: सोते समय बहुत ज्यादा पसीना क्यों आता है? डॉक्टर से जानें कारण
क्या है डॉक्टर की सलाह?
इसका इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि पसीना आने का मूल कारण क्या है। डॉक्टर व्यक्ति के मेडिकल इतिहास, ली जा रही दवाओं और लक्षणों की समीक्षा कर सकते हैं जैसे
- थायराइड फंक्शन टेस्ट
- ब्लड शुगर या अन्य संभावित कारणों की जांच।
अगर समस्या 'प्राइमरी हाइपरहाइड्रोसिस' है, तो इसके इलाज में डॉक्टर द्वारा बताए गए एंटीपर्सपिरेंट यानी पसीना रोकने वाले उत्पाद, पसीना कम करने वाली दवाइयां या कुछ खास मामलों में 'बोटुलिनम टॉक्सिन' (botulinum toxin) के इंजेक्शन जैसे उपाय शामिल हो सकते हैं।
लाइफस्टाइल में किन बातों का रखें ध्यान?
डॉ. अरविंद कहते हैं कि लाइफस्टाइल में कुछ बातों का ख्याल रखना सिर में ज्यादा पसीना आने से बचा सकता है जैसे-
- हवादार कपड़े पहनें खासकर जिसमें आप आराम महसूस करें।
- कमरे का तापमान बैलेंस रखकर भी आप इस समस्या से बच सकते हैं।
- पसीना बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों से बचकर और शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखकर भी इन लक्षणों को नियंत्रित कर सकते हैं।
निष्कर्ष:
अगर अचानक बहुत ज्यादा पसीना आने लगे, बिना किसी स्पष्ट कारण के ऐसा हो, या इसके साथ अन्य लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेना बहुत जरूरी है। अगर अचानक पसीना आने के साथ सीने में दर्द, सांस फूलना या बेहोशी जैसी समस्या हो, तो तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए। सिर पर बहुत ज्यादा पसीना आने की समस्या को सही ढंग से संभालने के लिए, इसके कारण का पता लगाना पहला कदम है। अगर आपको इतना पसीना आ रहा है कि तकिए या चादरें भी गीली हो जाती हैं तो आपको डॉक्टर को तुंरत दिखाना चाहिए।
FAQ
बिना गर्मी के पसीना आने के क्या कारण हैं?
अगर आपको बहुत ज्यादा स्ट्रेस है और हार्मोन्स से जुड़ी गड़बड़ियां चल रही हैं तो आपको बिना गर्मी भी पसीना आ सकता है।क्या पसीना आना हार्ट अटैक के लक्षण हैं?
पसीना आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जिसमें हार्ट अटैक भी है, लेकिन अकेले सिर्फ यही हार्ट अटैक का लक्षण नहीं है। हार्ट अटैक में पसीना आने के साथ शरीर में घबराहट और सीने में दर्द की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 17:58 IST
Published By : Pallavi Kumari
Reviewed By : Dr. Aravinda S N