घर में परिवार के सदस्यों के साथ चीजें शेयर करना आम बात है लेकिन क्या आपको पता है कि कुछ पर्सनल आइटम दूसरों के साथ शेयर करने से इंफेक्शन फैलने का खतरा बढ़ सकता है? KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, रोजाना इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजों को पर्सनल रखना बेहतर है। अगर किसी व्यक्ति को इंफेक्शन है और उसकी पर्सनल चीज दूसरे व्यक्ति इस्तेमाल करता है, तो इंफेक्शन के फैलने का जोखिम हो सकता है। खासकर टूथब्रश और रेजर जैसी चीजों को शेयर करना हाईजीन के लिहाज से सही नहीं माना जाता है।
हालांकि, हर इंफेक्शन केवल किसी वस्तु को शेयर करने से नहीं फैलता और किसी पर्सनल आइटम को शेयर करने का मतलब यह नहीं है कि इंफेक्शन जरूर हो जाएगा। जोखिम इस बात पर निर्भर करता है कि वस्तु किस तरह इस्तेमाल हुई, उसमें किस तरह का शरीर का संपर्क हुआ और संबंधित व्यक्ति को कोई इंफेक्शन है या नहीं। डॉ. एस.एम. फयाज से जानिए उन 5 पर्सनल आइटम के बारे में जिन्हें अपनी स्वच्छता और इंफेक्शन से बचाव के लिए दूसरों के साथ शेयर करने से बचना चाहिए।
कौन-सी चीजें शेयर नहीं करनी चाहिए?
डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, तौलिया, टूथब्रश, रेजर, पानी की बोतल और कंघा जैसी व्यक्तिगत चीजें हर व्यक्ति की अलग होनी चाहिए। इन चीजों के सीधे संपर्क में स्किन, बाल, मुंह या शरीर के दूसरे हिस्से आते हैं, इसलिए इन्हें शेयर करने से इंफेक्शन फैलने का जोखिम हो सकता है।
1. तौलिया किसी के साथ शेयर न करें
डॉ. एस.एम. फयाज बताते हैं कि तौलिया शरीर के सीधे संपर्क में आती है और इस्तेमाल के बाद इसमें नमी बनी रह सकती है। अगर किसी व्यक्ति को स्किन डिजीज या स्किन से जुड़ा इंफेक्शन है, तो एक ही तौलिया इस्तेमाल करने से इंफेक्शन फैलने की संभावना बढ़ सकती है। खासकर चेहरा पोंछने वाला तौलिया, नहाने का तौलिया और पैरों के लिए इस्तेमाल होने वाला तौलिया अलग रखना बेहतर है। तौलिया नियमित रूप से धोकर अच्छी तरह धूप में सुखाना भी जरूरी है। गीले तौलिये को लंबे समय तक बंद या नम जगह पर रखने से उसमें बैक्टीरिया के पनपने की संभावना बढ़ सकती है।
साल 2020 में Asian Journal of Home Science में प्रकाशित स्टडी के अनुसार-
- तौलिये की साफ-सफाई (हाइजीन) न रखने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।
- तौलिये जल्दी गीले होने और नमी के कारण बैक्टीरिया, फंगस और वायरस का घर बन जाते हैं, जिससे इंफेक्शन फैलने का खतरा रहता है।
- सर्वे के नतीजे बताते हैं कि ज्यादातर लोग तौलिया इस्तेमाल करते समय सही स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करते।
- इसलिए, सेहतमंद रहने और बीमारियों से बचने के लिए यह जरूरी है कि हम अपने तौलिये को हमेशा साफ और सूखा रखें और समय पर बदलें।
2. टूथब्रश शेयर न करें
टूथब्रश ऐसी चीज है जिसका इस्तेमाल सीधे मुंह के अंदर होता है, ब्रश करने के दौरान मसूड़ों से हल्का खून भी निकल सकता है। इसलिए दूसरे व्यक्ति का टूथब्रश इस्तेमाल करने से मुंह में मौजूद सूक्ष्मजीवों यानी माइक्रो ऑर्गेनिज्म के संपर्क में आने का जोखिम हो सकता है। घर में किसी सदस्य का टूथब्रश गलती से इस्तेमाल हो जाए तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय नया टूथब्रश लेना बेहतर है। बच्चों को भी कम उम्र से समझाना चाहिए कि अपना टूथब्रश किसी के साथ शेयर नहीं करना है।
इसे भी पढ़ें: क्या आप भी शेयर करते हैं ईयरफोन? डॉक्टर से जानें इसके नुकसान
American Dental Association में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- दांतों की सेहत और स्वच्छता के लिए टूथब्रश की सही देखभाल बहुत जरूरी है।
- ब्रश को कभी किसी के साथ शेयर न करें, इस्तेमाल के बाद इसे साफ पानी से धोएं और हमेशा हवा में सूखने के लिए सीधा रखें।
- ब्रश के खराब या मुड़े हुए होने पर इसे हर 3 से 4 महीने में जरूर बदल दें।
- हालांकि ब्रश में बैक्टीरिया पनपना आम बात है, लेकिन इंफेक्शन से बचने के लिए इसे साफ रखना और समय पर बदलना बेहद जरूरी है। माइक्रोवेव या डिशवॉशर में ब्रश साफ करने से बचें।
3. रेजर और शेविंग ब्लेड शेयर न करें
रेजर और शेविंग ब्लेड स्किन को काट या खरोंच सकते हैं, कभी-कभी इस्तेमाल के दौरान बहुत मामूली कट लग जाता है, जिसका पता भी नहीं चलता। ऐसे में रेजर शेयर करने से एक व्यक्ति के ब्लड के संपर्क में दूसरे व्यक्ति के आने का जोखिम हो सकता है। इसलिए शेविंग रेजर, ब्लेड को हमेशा अलग रखना चाहिए। किसी दूसरे व्यक्ति का इस्तेमाल किया हुआ ब्लेड या रेजर लेना सही नहीं होता है।
What personal items should not be shared
4. पानी की बोतल शेयर न करें
एक ही बोतल से कई लोगों का पानी पीना भी अच्छी आदत नहीं मानी जाती है। बोतल के मुंह पर लार का संपर्क होता है और इसे बार-बार शेयर करने से मुंह और गले से जुड़े इंफेक्शन के फैलने का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए घर, ऑफिस, स्कूल या जिम में अपनी पानी की बोतल अलग रखें। बोतल को रोजाना अच्छी तरह धोना भी जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: एलर्जी और इंफेक्शन में क्या अंतर है? जानिए डॉक्टर से
5. कंघा
कंघा या हेयरब्रश सीधे बालों और स्कैल्प के संपर्क में आते हैं, अगर किसी व्यक्ति के सिर में जूं, फंगल इंफेक्शन या स्किन से जुड़ी कोई समस्या है, तो कंघा शेयर करने से उसके फैलने का खतरा हो सकता है। खासकर बच्चों के बीच कंघा शेयर करने की आदत को रोकना चाहिए। परिवार में हर व्यक्ति की अपनी कंघी या हेयरब्रश होना बेहतर है। इसे समय-समय पर साफ करना भी जरूरी है।
डॉक्टर की सलाह
डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, हर इंफेक्शन केवल चीजें शेयर करने से नहीं फैलता और किसी वस्तु को शेयर करने से इंफेक्शन होना निश्चित भी नहीं है लेकिन कुछ पर्सनल आइटम स्किन, बाल या मुंह के सीधे संपर्क में आते हैं। इसलिए इन्हें अलग रखना इंफेक्शन से बचाव के लिए एक आसान और पर्सनल हाइजीन आदत हो सकती है। खासकर अगर परिवार में किसी व्यक्ति को स्किन, बाल, मुंह या आंखों से जुड़ा इंफेक्शन है, तो व्यक्तिगत इस्तेमाल की चीजें अलग रखना और भी जरूरी हो जाता है।
निष्कर्ष
तौलिया, टूथब्रश, रेजर, पानी की बोतल और कंघा जैसी चीजें भले ही रोजमर्रा के इस्तेमाल की हों, लेकिन इन्हें व्यक्तिगत यानी पर्सनल रखना बेहतर है। डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, इन चीजों को शेयर करने की आदत से बचना और इन्हें नियमित रूप से साफ रखना इंफेक्शन के जोखिम को कम करने वाली अच्छी सफाई की आदतों में शामिल है। खासकर टूथब्रश और रेजर जैसी चीजें हमेशा पर्सनल इस्तेमाल के लिए ही रखनी चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या बच्चों को अपनी पर्सनल चीजें अलग रखनी चाहिए?
हां, बच्चों को शुरुआत से अपनी चीजें अलग रखने और दूसरों की पर्सनल वस्तुएं का इस्तेमाल न करने की आदत सिखानी चाहिए।क्या लिपस्टिक शेयर कर सकते हैं?
लिपस्टिक और लिप से जुड़े प्रोडक्ट्स कभी भी दूसरों के साथ शेयर नहीं करने चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 29, 2026 09:42 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz
