National Milk Day: दूध को लेकर फैले 5 बड़े झूठ, क्या आप भी इनमें विश्वास करते हैं?

दूध को संपूर्ण आहार माना जाता है, क्योंकि इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, फॉस्फोरस और विटामिन बी12 जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। बचपन से ही हमें रोजाना दूध पीने की सलाह दी जाती है। माना जाता है कि दूध पीने से हड्डियां मजबूत होती हैं और शरीर को पर्याप्त पोषण मिलता है। हालांकि, दूध को लेकर कई ऐसी बातें भी प्रचलित हैं, जिनकी सच्चाई जानना जरूरी है। भारत में हर साल 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस (National Milk Day) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दूध के पोषण संबंधी महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है। इसी कड़ी में आज हम जानेंगे दूध के सेवन से जुड़े कुछ ऐसे मिथक जिन्हें लोग अक्सर सच मानते हैं। बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Kamalesh A, Senior Consultant Physician At Yashoda Hospitals, Hyderabad से बात की।
मिथक 1: मजबूत हड्डियों के लिए हर किसी को दूध पीना जरूरी है
milk-myths-debunked-in-hindi
दूध में कैल्शियम, प्रोटीन, फॉस्फोरस और अक्सर विटामिन डी भी होता है। ये सभी पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। हालांकि, हड्डियों की मजबूती केवल दूध पर निर्भर नहीं करती। इसके लिए नियमित रूप से वेट बेयरिंग एक्सरसाइज (वजन उठाने वाले व्यायाम करना), पर्याप्त विटामिन D लेना और संतुलित आहार खाना भी जरूरी है। जो लोग दूध नहीं पीते, वे रागी, तिल, हरी पत्तेदार सब्जियों, बीन्स और कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थों के जरिए अपनी कैल्शियम की जरूरत पूरी कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट भी लिए जा सकते हैं। National Institutes Of Health के मुताबिक, 19 से 50 साल के वयस्कों को रोजाना 1000 एमजी कैल्शियम की जरूरत होती है।
मिथक 2: लैक्टोज इनटॉलरेंस होने पर दूध से बनी सभी चीजें छोड़ देनी चाहिए
ऐसा जरूरी नहीं है। लैक्टोज इनटॉलरेंस एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर दूध में मौजूद प्राकृतिक शर्करा (लैक्टोज) को ठीक से पचा नहीं पाता है। लैक्टोज इनटॉलरेंस से परेशान कई लोग थोड़ी मात्रा में दूध, दही, योगर्ट खा सकते हैं। इसके अलावा, लैक्टोज फ्री दूध और लैक्टेज एंजाइम की मदद से भी दूध को पचाना आसान हो सकता है। ध्यान रखने वाली बात यह है कि शरीर में कैल्शियम और विटामिन D की कमी न हो और दूध से पेट संबंधी परेशानी भी न हो। National Institute Of Diabetes And Digestive And Kidney Diseases के अनुसार, लैक्टोज इनटॉलरेंस वाले कई लोग थोड़ी मात्रा में दूध पी सकते हैं। सभी डेयरी उत्पाद छोड़ने से कैल्शियम और विटामिन डी की कमी हो सकती है।
मिथक 3: कच्चा दूध ज्यादा हेल्दी होता है और लैक्टोज इनटॉलरेंस को ठीक कर सकता है
यह बात सही नहीं है। कच्चे और पाश्चुरीकृत (Pasteurized) दूध, दोनों में लैक्टोज होता है। इसलिए कच्चा दूध पीने से लैक्टोज इनटॉलरेंस की समस्या ठीक नहीं होती। इसके अलावा, कच्चे दूध में नुकसान पहुंचाने वाले हानिकारक बैक्टीरिया जैसे साल्मोनेला, ई. कोलाई और लिस्टेरिया हो सकते हैं, जो बीमार कर सकते हैं। वहीं, दूध को पाश्चुरीकृत करने से उसमें मौजूद कैल्शियम की मात्रा पर कोई खास असर नहीं पड़ता है।
यह भी पढ़ें- दूध की शुद्धता पर है शक? घर बैठे ऐसे करें असली-नकली की पहचान
मिथक 4: दूध पीने से हड्डियां कमजोर होती हैं
कोई मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है यह साबित कर सके कि दूध पीने से हड्डियां कमजोर होती हैं। परेशानी तब हो सकती है, जब कोई व्यक्ति दूध और डेयरी उत्पाद खाना बंद कर दे और साथ ही साथ उसकी जगह कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर दूसरे खाद्य पदार्थ भी न खाए। इसके अलावा, कुछ लोगों को यह भी लगता है कि दूध पीने से ऑस्टियोपोरोसिस हो सकता है, जबकि इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
यह भी पढ़ें- National Milk Day: डायबिटीज में रोज दूध पीना सही है? एक्सपर्ट से जानें
मिथक 5: ज्यादा दूध पीने से शरीर को अधिक लाभ होगा
ऐसा नहीं है। दूध को संतुलित और अलग-अलग तरह के खाद्य पदार्थों वाले आहार का हिस्सा बनाकर उचित मात्रा में पीना चाहिए। ज्यादा दूध पीने से हमेशा ज्यादा फायदे नहीं मिलते। जिन लोगों को दूध से एलर्जी है, लगातार पेट संबंधी परेशानी होती है, किडनी की बीमारी है या कोई दूसरी स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दूध पीना चाहिए।
दूध सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन यह पोषण पाने का एकमात्र जरिया नहीं है और न ही हर किसी के लिए इसे पीना जरूरी है। अपनी सेहत, खानपान की आदतों और पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार दूध का सेवन करें।
निष्कर्ष:
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर इस लेख के माध्यम से हमने समझा कि मजबूत हड्डियों के लिए हर किसी को दूध पीना जरूरी नहीं है। हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए विटामिन D और संतुलित आहार लेना भी जरूरी है। कुछ लोग यह मानते हैं कि लैक्टोज इनटॉलरेंस होने पर दूध से बनी चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए जो कि गलत है। कच्चे दूध को अधिक हेल्दी मानना भी गलत है क्योंकि इससे बैक्टीरिया पेट में जा सकते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि दूध पीने से हड्डियां कमजोर होती हैं, जबकि यह सच नहीं है। साथ ही, दूध को संतुलित मात्रा में पीना चाहिए, ऐसा नहीं है कि ज्यादा दूध पिएंगे, तो डबल फायदे मिलेंगे। ऐसे सभी मिथकों पर विश्वास न करें और अपने डॉक्टर से सलाह लें।
image credit: magnific
FAQ
क्या दूध पीने से वजन बढ़ता है?
सीधे तौर पर दूध पीने से वजन नहीं बढ़ता, लेकिन अगर आप जरूरत से ज्यादा दूध पीते हैं, तो दिनभर में टोटल कैलोरी की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे वजन बढ़ सकता है। वहीं, चीनी वाला फुल फैट मिल्क पीने से भी वजन बढ़ सकता है।क्या रात में दूध पीना पाचन के लिए हानिकारक है?
नहीं, रात में दूध पीना सभी के लिए नुकसानदायक नहीं होता है। दूध में प्रोटीन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व होते हैं। हालांकि, जिन लोगों को लैक्टोज इनटॉलरेंस की समस्या है, उन्हें रात में दूध पीने से गैस, पेट फूलने या दस्त की परेशानी हो सकती है।क्या कच्चा दूध पीना वास्तव में ज्यादा पौष्टिक है?
नहीं। कच्चे और पाश्चुरीकृत दूध में प्रोटीन, कैल्शियम और दूसरे पोषक तत्व लगभग समान मात्रा में होते हैं। कच्चे दूध में हानिकारक बैक्टीरिया हो सकते हैं जो फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 24, 2026 13:38 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Kamalesh A