Thu Nov 26, 2026 | 04:58 PM IST

Medically Reviewed by Dr Mandeep Singh Malhotra , Surgical & Molecular Oncologist | Founder & Chief Mentor – Art of Healing Cancer

दिल्ली में लंग कैंसर से हर तीसरे दिन एक मौत, देशभर में फेफड़ों के कैंसर के आंकड़े क्यों बढ़ा रहे हैं चिंता?

दिल्ली में लंग कैंसर से जुड़े आंकड़ों ने मौजूदा प्रदूषण और खराब AQI को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फेफड़ों के कैंसर के मामले सिर्फ दिल्ली में ही नहीं बढ़े हुए हैं, बल्कि भारत में भी लंग कैंसर तीसरे स्थान पर है।
दिल्ली में लंग कैंसर से हर तीसरे दिन एक मौत, देशभर में फेफड़ों के कैंसर के आंकड़े क्यों बढ़ा रहे हैं चिंता?दिल्ली में लंग कैंसर से हर तीसरे दिन एक मौत, देशभर में फेफड़ों के कैंसर के आंकड़े क्यों बढ़ा रहे हैं चिंता?

दिल्ली में बदलते मौसम और प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में लगातार खराब AQI और PM2.5 के बढ़ते स्तर के बीच फेफड़ों के कैंसर के बढ़ते आंकड़े चिंता का कारण बन गया है। हाल ही में सामने आए RTI आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2020 से जुलाई 2026 के बीच दिल्ली के तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों में लंग कैंसर के 6,581 मामले दर्ज किए गए। वहीं, चार अस्पतालों में इस बीमारी से 913 मौतें दर्ज हुईं। इसका मतलब है कि औसतन हर तीसरे दिन एक मरीज की मौत हो रही है। इस बारे में हमने Dr. Mandeep Singh Malhotra, Oncologist, Art of Healing Cancer, Delhi से बात की।

क्या कहते हैं दिल्ली के आंकड़े?

RTI रिपोर्ट के अनुसार, AIIMS, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (DSCI) और राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ने जनवरी 2020 से जुलाई 2026 तक के आंकड़े उपलब्ध कराए हैं। इन तीन अस्पतालों में लंग कैंसर के कुल 6,581 मामले दर्ज किए गए हैं।

अस्पताल 

समय 

कुल मामले

दर्ज मौतें

AIIMS

जनवरी 2020 – मार्च 2026

4,860

158

दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट

जनवरी 2020 – जुलाई 2026

1,613

354

RML अस्पताल

जनवरी 2020 – 2026

108

8

सफदरजंग अस्पताल

जनवरी 2020 – 2026

जानकारी उपलब्ध नहीं

393

इन आंकड़ों में दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में कुल 351 महिलाएं शामिल थी और दो बच्चों में भी लंग कैंसर की पुष्टि हुई थी। वहीं राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 47 महिलाओं में लंग कैंसर के मामले पाए गए थे। हालांकि, दिल्ली में इसे लंग कैंसर के कुल मामलों का पूरा ब्योरा नहीं माना जा सकता। कई मरीज NCR और दूसरे राज्यों से भी इन अस्पतालों में इलाज कराने आते हैं। इसके अलावा, इसमें इन अस्पतालों ने नॉन-स्मोकर्स के मरीजों का अलग आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराया।

Data of Lung Cancer in DelhiData of Lung Cancer in Delhi

बिना स्मोकिंग के लंग कैंसर के बढ़ते मामले

Dr. Mandeep Singh Malhotra कहते हैं, “फेफड़ों के कैंसर में सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अब यह बीमारी धूम्रपान तक सीमित नहीं रह गई है। ऐसे लोग और खासतौर पर बच्चे भी लंग कैंसर की चपेट में आ रहे हैं, जिन्होंने कभी स्मोक नहीं किया। दिल्ली में जिस तरह से AQI लगातार बढ़ रहा है, उसे देखते हुए लगता है कि जो लोग स्मोक नहीं कर रहे, वे भी रोजाना 10-12 सिगरेट के धुएं जितना स्मोक अपने अंदर ले रहे हैं।”

क्या वायु प्रदूषण से बढ़ सकता है लंग कैंसर का खतरा?

BMJ Oncology के मुताबिक, वायु प्रदूषण के कारण कैंसर होने के रिस्क के लगातार वैज्ञानिक प्रमाण मिल रहे हैं। वायु प्रदूषण के कारण फेफड़ों के कैंसर होने का कारण पार्टिकुलेट मैटर 2.5 (PM 2.5) का सीधा कनेक्शन देखा गया है।

Dr. Mandeep Singh Malhotra कहते हैं, "वायु प्रदूषण में मौजूद हानिकारक तत्व जैसे PM 2.5 सांस के जरिए फेफड़ों की छोटी-छोटी कोशिकाओं में जाकर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ा देते हैं। इससे शरीर के टिश्यू में सूजन हो सकती है। अगर लंबे समय तक खराब AQI में रहा जाए, तो डीएनए को नुकसान पहुंच सकता है।

PM2.5 से फेफड़ों का कैंसर कैसे हो सकता है?

EMBO Molecular Medicine के अनुसार, इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने 2013 में पार्टिकुलेट मैटर (PM) को ग्रुप 1 कार्सिनोजेन घोषित किया था। इसका मतलब है कि PM कैंसर पैदा करने वाला प्रमुख कारक है। इसमें नाइट्रेट, सल्फेट, अमोनियम, कार्बन, हैवी मेटल्स और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) शामिल होते हैं। PM 2.5 में सीसा, आर्सेनिक, कैडमियम और जिंक जैसे हैवी मेटल्स को सोखने की क्षमता बहुत ज्यादा होती है, जो लंबे समय तक फेफड़ों के टिश्यू में रह सकते हैं और कोशिकाओं को सीधा नुकसान पहुंचते हैं।

Causes of Lung Cancer Data Rising In IndiaCauses of Lung Cancer Data Rising In India

यह भी पढ़ें- AQI 100 से 500 तक पहुंचने पर शरीर में क्या बदलाव होता है? डॉक्टरों से समझें जहरीली हवा का असर

घर के अंदर का धुआं लंग कैंसर का कारण

Dr. Mandeep Singh Malhotra कहते हैं, “लंग कैंसर के मामलों में महिलाओं में भी यह बीमारी तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने कभी सिगरेट या तंबाकू नहीं लिया, उन्हें भी यह बीमारी हो रही है। इसका कारण जहरीली गैस के अलावा, पैसिव स्मोकिंग और घर के अंदर का धुआं भी शामिल है। गांव को कई घरों में आज भी लकड़ी या कोयले के चूल्हों पर खाना बनाया जाता है। लगातार चूल्हे का धुआं सीधे फेफड़ों में जाता है, जो कैंसर का कारण बन सकता है। कुछ नॉन-स्मोकर्स में एडेनोकार्सिनोमा नाम का लंग कैंसर अधिक पाया जाता है। इस प्रकार के कैंसर में EGFR और ALK जैसे जीन में बदलाव मिल सकते हैं। इनकी पहचान के लिए मॉलिक्यूलर टेस्टिंग जरूरी होती है, क्योंकि कुछ मरीजों में इसके आधार पर टारगेटेड थेरेपी का विकल्प चुना जा सकता है।”

भारत में लंग कैंसर के मामले

ऐसा नहीं है कि दिल्ली में ही फेफड़ों के कैंसर के मामले ज्यादा मिल रहे हैं। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) के GLOBOCAN 2024 अनुमानों के मुताबिक, भारत में साल 2024 के दौरान लंग कैंसर के 1,12,659 नए मामले सामने आए। यह देश में दर्ज सभी नए कैंसर मामलों का लगभग 7.2 प्रतिशत है।

इसी साल लंग कैंसर से 98,687 लोगों की मौत होने का अनुमान है। इसका मतलब है कि भारत में कैंसर से होने वाली कुल मौतों में इसका हिस्सा काफी बड़ा है। नए मामलों की संख्या के लिहाज से यह देश का तीसरा सबसे आम कैंसर है, जबकि कैंसर से होने वाली मौतों के मामले में यह पहले स्थान पर है।

पुरुषों में लंग कैंसर की स्थिति और भी चिंताजनक है। GLOBOCAN के अनुसार, 2024 में पुरुषों में इसके 79,048 नए मामले दर्ज होने का अनुमान है। यह पुरुषों में दूसरा सबसे आम कैंसर है। वहीं, महिलाओं में भी लंग कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं, हालांकि महिलाओं में नए मामलों के लिहाज से यह टॉप पांच कैंसर में शामिल नहीं है। इन आंकड़ों से साफ है कि लंग कैंसर भारत के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है।

Data of Lung Cancer in IndiaData of Lung Cancer in India

यह भी पढ़ें- क्या लंग कैंसर का इलाज संभव है? जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प और बचने की संभावनाएं

लंग कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या हैं?

Dr. Mandeep Singh Malhotra कहते हैं कि लंग कैंसर की शुरुआती स्टेज पर कई बार लक्षण दिखाई नहीं देते। कई बार लोग लक्षणों को सामान्य खांसी, टीबी या प्रदूषण का असर समझ लेते हैं। इसलिए अगर ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। हालांकि, कई बार लक्षण सांस से जुड़ी बीमारियों के हो सकते हैं, लेकिन अगर खांसी लंबे समय तक बनी रहे, खून आए या सांस की परेशानी बढ़ रही हो, तो डॉक्टर से समय पर चेक कराएं।

  • लंबे समय तक खांसी रहना या पुरानी खांसी का बढ़ना
  • खांसी के साथ खून आना
  • सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना
  • सीने में दर्द
  • आवाज में बदलाव या लगातार भारीपन
  • बिना कोशिश के वजन कम होना
  • बार-बार छाती में संक्रमण होना
  • लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना

क्या हर व्यक्ति को लंग कैंसर की स्क्रीनिंग करानी चाहिए?

Dr. Mandeep Singh Malhotra का मानना है कि बिना लक्षण वाले हर व्यक्ति के लिए CT स्कैन कराना जरूरी नहीं है। लो-डोज CT (LDCT) से स्क्रीनिंग कुछ ऐसे लोगों में फायदेमंद साबित हो सकती है, जिन्हें स्मोकिंग के कारण लंग कैंसर का रिस्क ज्यादा हो सकता है। हालांकि, भारत में अभी कोई नेशनल लेवल पर लंग कैंसर स्क्रीनिंग प्रोग्राम नहीं है, लेकिन अगर किसी को लक्षण दिखाई दे रहे हो, डॉक्टर को जरूर दिखाना चाहिए। डॉक्टर मरीज की मेडिकल कंडीशन और लक्षणों के आधार पर CT स्कैन, ब्रोंकोस्कोपी, बायोप्सी और मॉलिक्यूलर टेस्ट की सलाह दे सकते हैं।

निष्कर्ष

दिल्ली में सामने आए लंग कैंसर के आंकड़े बताते हैं कि इस बीमारी से बचाव के लिए प्रदूषण के साथ-साथ स्मोकिंग, घर में मौजूद प्रदूषण और पैसिव स्मोकिंग का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। घर से बाहर निकलते समय अच्छे मास्क का इस्तेमाल करें और घर में प्यूरीफायर का इस्तेमाल किया जा सकता है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को खासतौर पर प्रदूषण से बचाना चाहिए। अगर लगातार खांसी, खून आना या बिना वजह वजन घट रहा हो, तो इसकी जांच समय रहते जरूर करानी चाहिए।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • क्या बायोप्सी कराने से फेफड़ों का कैंसर शरीर में तेजी से फैलने लगता है?

    बायोप्सी के लिए सुई या ब्रोंकोस्कोपी से टिश्यू का छोटा सैंपल लेने से कैंसर नहीं फैलता। इसके उलट, बिना बायोप्सी के कैंसर के सही प्रकार और जीन म्यूटेशन का पता नहीं चल सकता। 
  • क्या पुरानी टीबी के निशान, अस्थमा या सीओपीडी के मरीजों को लंग कैंसर का खतरा ज्यादा होता है?

    इन बीमारियों से पीड़ित लोगों को सामान्य लोगों के मुकाबले ज्यादा रिस्क होता है। इसलिए ऐसे मरीजों को हर साल डॉक्टर से नियमित जांच करानी चाहिए।
  • क्या रोजाना भाप लेने या प्राणायाम करने से फेफड़ों में जमा प्रदूषण के कण साफ हो जाते हैं?

    भाप लेने से सिर्फ नाक और गले का बलगम साफ होता है। वहीं, प्राणायाम फेफड़ों की क्षमता और मांसपेशियों को मजबूत करता है, लेकिन प्रदूषण से बचने के लिए N95 मास्क पहनना चाहिए। 

Read Next

गोरे होने की चाहत पड़ी महंगी, फेयरनेस क्रीम लगाने से केरल की 17 साल की लड़की की हुई किडनी खराब

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 26, 2026 16:56 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Mandeep Singh Malhotra