कई बार लोगों को कान में दर्द होने या इनसे जुड़ी समस्या होने पर उनको कान में तेल डालने की सलाह दी जाती है। इसको कई लोग घरेलू उपायों के तौर पर मानते हैं, लेकिन क्या वाकई में कान में तेल डालना सही है? ऐसे में आइए इस बारे में Dr. Rohit Udaya Prasad, Lead and Senior Consultant, ENT and Cochlear Implants, at KIMS Hospitals, Electronic City, Bengaluru से जानें।
कान दर्द होने पर कान में तेल डालना सही है?
डॉ. रोहित के अनुसार, कान दर्द होने की समस्या से राहत पाने के लिए घर पर कान में तेल डालना एक बहुत ही आम तरीका है, खासकर भारत में, जहां लोग नारियल तेल, सरसों का तेल या तिल का तेल इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है और स्थिति को और बिगाड़ सकता है।
कान दर्द के कई कारण हो सकते हैं - जैसे कान में इंफेक्शन, कान में बहुत ज्यादा मैल (earwax) जमा होना, कान की नली में चोट लगना या कान के पर्दे (eardrum) में छेद होना। अगर कान के पर्दे में छेद है, तो तेल डालने से दर्द और भी ज्यादा बढ़ सकता है।
साल 2025 में Trials Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, जैतून का तेल (ऑलिव ऑयल) सिर्फ कान का मैल नरम करने के लिए होता है, वह भी तब जब डॉक्टर या ऑडियोलॉजिस्ट इसकी सलाह दें। अगर कान में इंफेक्शन हो, पर्दे में छेद हो या कोई अन्य समस्या हो तो तेल डालना बहुत नुकसानदायक हो सकता है।
इसके अलावा, घर में खाना बनाने वाले साधारण तेल का इस्तेमाल करने के बजाय हमेशा मेडिकल-ग्रेड ऑलिव ऑयल ही इस्तेमाल करना चाहिए और अगर कान में दर्द या कोई गंभीर परेशानी हो तो बिना डॉक्टर की सलाह के उसमें कुछ भी नहीं डालना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: कान में बार-बार खुजली होने के क्या कारण हैं? डॉक्टर से जानें राहत के उपाय
is it safe to put oil in your ear when you have ear pain 1
कान में दर्द होने पर कुछ बातों का रखें ध्यान
डॉ. रोहित का कहना है, कान में दर्द होने की स्थिति में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि कानों से जुड़ी समस्याओं से समय रहते बचा जा सके।
1. कान में कभी भी तेल न डालें
अगर कान से कोई लिक्विड या खून निकल रहा हो, इंफेक्शन हो या कान के पर्दे में छेद होने का शक हो, तो इन स्थितियों में कान में कभी भी तेल न डालें।
2. गर्म तेल का इस्तेमाल न करें
कान में दर्द होने पर गर्म तेल का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इससे कान की नली की नाजुक त्वचा को चोट पहुंच सकती है।
3. कान के इंफेक्शन में
कान में इंफेक्शन होने पर उसमें कभी भी तेल नहीं डालना चाहिए, क्योंकि तेल कोई एंटीसेप्टिक या दवा नहीं है, जो बैक्टीरिया या फंगस को खत्म कर सके। तेल डालने से कान के अंदर नमी और गंदगी फंस सकती है, जिससे इंफेक्शन और अधिक बढ़ सकता है, साथ ही सही मेडिकल इलाज मिलने में भी देरी हो सकती है, जो कान के लिए खतरनाक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: फ्लाइट में या पहाड़ों पर कान क्यों बंद हो जाते हैं? डॉक्टर से जानें
4. कान को कॉटन स्वैब से साफ न करें
कान की नली को कॉटन स्वैब (रुई की तीली) से साफ करने की कोशिश न करें। ऐसा करने से कान का मैल और अंदर धंस सकता है और व्यक्ति को चोट लग सकती है।
5. दर्द का असली कारण पता करें
कान में दर्द होने पर इसके असल कारण का पता करें। हो सकता है कि कान दर्द का कारण दांत या गले का कोई इंफेक्शन हो या कोई और समस्या हो।
ENT डॉक्टर को कब दिखाएं?
डॉ. रोहित आगे कहते हैं, अगर आपके कान में लगातार दर्द रहता है या इसके साथ बुखार, सुनने में परेशानी या चक्कर आने जैसी समस्याएं भी हैं, तो आपको ENT एक्सपर्ट यानी कान-नाक-गले के डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
सबसे बेहतर यही है कि आप घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल न करें, बल्कि ENT डॉक्टर के पास जाएं और अपने कान दर्द का सही कारण पता करें।
निष्कर्ष
कान दर्द होने पर कान में तेल डालना या कॉटन स्वैब का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है। यह घरेलू नुस्खा स्थिति को सुधारने के बजाय इंफेक्शन, पर्दे में छेद या सूजन जैसी समस्याओं को और गंभीर बना सकता है। तेल बैक्टीरिया या फंगस को खत्म नहीं करता है, बल्कि नमी और गंदगी फंसा देता है।
कान दर्द के कई कारण हो सकते हैं, इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के तेल या गर्म चीजों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। अगर दर्द लगातार रहे, साथ में बुखार या सुनने में परेशानी हो, तो तुरंत ईएनटी डॉक्टर से मिलकर सही कारण का पता लगाएं और सही इलाज करवाएं।
All Images Credit- Freepik
FAQ
कान में दर्द होने के क्या कारण है?
कान में इंफेक्शन, बाहरी इंफेक्शन, कान के पर्दे में चोट लगने, छेद होने, इयरवैक्स जमा होने, सर्दी-जुकाम, साइनस और दांतों या जबड़ों से जुड़ी समस्या होने पर व्यक्ति को कान में दर्द होने की समस्या हो सकती है।कान में इंफेक्शन होने के लक्षण क्या हैं?
कान में इंफेक्शन होने की समस्या होने पर व्यक्ति को कान में दर्द, कान में डिस्चार्ज, कान में खुजली, सूजन, रेडनेस, कान में दबाव महसूस होने और सुनने में परेशानी होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 18, 2026 11:06 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Rohit Udaya Prasad
