Wed Nov 25, 2026 | 05:19 PM IST

Medically Reviewed by Dr Vineeta Singh Tandon , Sr. Consultant – Internal Medicine

क्या सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहना नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें कारण

सर्दियों में कई लोगों के हाथ-पैर बहुत ज्यादा ठंडे होते हैं और कई बार तो गर्म मौसम में भी ठंडे रहते हैं। क्या हाथ-पैर ठंडे होना नॉर्मल है? इस बारे में डॉ. विनीता सिंह टंडन से विस्तार से बताया, जिसे आप इस लेख में पढ़ सकते हैं। 
क्या सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहना नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें कारणक्या सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहना नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें कारण

सर्दियों में कई लोगों के हाथ-पैर इतने ठंडे हो जाते हैं कि गर्म कपड़े पहनने या दस्ताने पहनने के बाद भी राहत नहीं मिलती। ऐसे लोगों के हाथों की उंगलियां और पैरों के तलवे जल्दी ठंडे पड़ जाते हैं। कुछ लोगों को यह परेशानी सिर्फ ठंड के मौसम में होती है। वहीं कुछ लोगों के हाथ-पैर गर्म मौसम में भी ठंडे रहते हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहना सामान्य है या यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है? इस बारे में हमने Dr. Vineeta Singh Tandon, Senior Consultant, Internal Medicine, ISIC Multispeciality Hospital, Delhi से बात की। उन्होंने बताया कि सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे होने हमेशा बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन कुछ लक्षणों को इग्नोर करना सही नहीं है।

क्या सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे होना नॉर्मल है?

Mayo Clinic के मुताबिक, हाथ ठंडे होना चिंता का कारण नहीं होता। ठंडे हाथ होने का मतलब है कि शरीर तापमान को रेगुलर करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कुछ मामलों में यह बीमारियों का संकेत हो सकता है। इसमें एनीमिया, डायबिटीज, ल्यूपस और ब्लड वेसल्स से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

Dr. Vineeta Singh Tandon भी इससे इत्तेफाक रखती है कि अगर कुछ समय के लिए हाथ-पैर ठंडे होते हैं, तो यह नॉर्मल है, लेकिन लंबे समय तक ऐसा रहता है, तो इसके कई कारण हो सकते हैं।

सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहने के 5 कारण

Dr. Vineeta Singh Tandon कहती हैं, “ठंड के मौसम में जरूरी अंग जैसे हार्ट, दिमाग और फेफड़ों का तापमान बनाए रखने के लिए हाथों और पैरों की ओर जाने वाले खून के बहाव को कम कर देता है। इसके लिए ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं। इस प्रोसेस को वैसोकंस्ट्रिक्शन (Vasoconstriction) कहा जाता है। इस वजह से हाथ-पैर ठंडे महसूस होना नॉर्मल है, लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है या इसके साथ दर्द, सुन्नपन और स्किन का रंग में बदलाव दिखाई दे, तो इसके कई कारण हो सकते हैं।

1. ठंड में ब्लड वेसल्स का सिकुड़ना

जब बाहर का तापमान कम होता है, तो शरीर गर्मी बचाने के लिए हाथों और पैरों की छोटी ब्लड वेसल्स को सिकोड़ देता है। इससे इन हिस्सों तक खून का बहाव कम हो जाता है और हाथ-पैर ठंडे महसूस होने लगते हैं। इस कंडीशन में गर्म कपड़े पहनने और गर्म जगह पर रहने से राहत मिल सकती है।

2. शरीर में खून की कमी

अगर किसी को खून की कमी या एनीमिया की शिकायत होती है, तो उसके शरीर में पर्याप्त मात्रा में रेड ब्लड वेसल्स या हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता। दरअसल, हीमोग्लोबिन खून के जरिए ऑक्सीजन को शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाता है। इसकी कमी होने पर व्यक्ति को थकान, कमजोरी, चक्कर और ठंड ज्यादा लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ लोगों को हाथ-पैर भी ठंडे महसूस हो सकते हैं और सर्दियों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिल सकती है।

Is it Normal to Have Cold Hands and Feet in WinterIs it Normal to Have Cold Hands and Feet in Winter

यह भी पढ़ें- पूरे शरीर में झनझनाहट क्यों होती है? डॉक्टर से जानें इसके कारण और कब हो सकती है चिंता की बात

3. थायराइड हार्मोन की कमी

थायराइड शरीर के मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करने में मदद करता है। जब यह पर्याप्त मात्रा में हार्मोन नहीं बनता, तो इस कंडीशन को हाइपोथायरॉइडिज्म (Hypothyroidism) कहा जाता है। इस स्थिति में शरीर की एनर्जी बनाने और गर्मी पैदा करने का प्रोसेस धीमा हो सकता है। ऐसे में लोगों के हाथ-पैर ठंडे हो सकते हैं। हाथ-पैर ठंडे होने के के साथ वजन बढ़ना, कब्ज, थकान और स्किन बहुत ज्यादा ड्राई दिखाई दे, तो थायराइड का टेस्ट कराना चाहिए।

4. डायबिटीज

लंबे समय तक ब्लड शुगर कंट्रोल न रहने पर नसों और ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंच सकता है। इस कंडीशन को पेरिफेरल न्यूरोपैथी कहा जाता है, जिसमें हाथ-पैरों में झनझनाहट, सुन्नपन, जलन या तापमान महसूस करने में परेशानी हो सकती है। कई बार ऐसे में लोगों को हाथ-पैर ठंडे महसूस हो सकते हैं।

5. रेनॉड्स डिजीज

कुछ लोगों में ठंड या स्ट्रेस के कारण हाथों और पैरों की ब्लड वेसल्स जरूरत से ज्यादा सिकुड़ जाती हैं। इसे रेनॉड्स फेनोमेनन कहते हैं। इसमें उंगलियों का रंग सफेद, नीला और फिर ब्लड फ्लो लौटने के बाद लाल हो सकता है। इसके साथ दर्द, सुन्नपन और झनझनाहट भी महसूस हो सकते हैं। इसके लक्षण कुछ मिनटों से लेकर कई घंटों तक रह सकते हैं।

हाथ-पैर ठंडे रहने पर किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें?

Dr. Vineeta Singh Tandon कहती हैं कि अगर सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहते हैं, तो यह सामान्य हो सकता है, लेकिन कुछ लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है।

  • गर्म जगह पर रहने और हाथ-पैर ढकने के बाद भी लगातार ठंडापन रहना
  • उंगलियों का रंग सफेद, नीला या बैंगनी पड़ना
  • हाथों और पैरों में बार-बार सुन्नपन या झनझनाहट होना
  • उंगलियों में दर्द, जलन या सूजन महसूस होना
  • चलते समय पैरों में दर्द होना, जो आराम करने पर कम हो जाए
  • बिना किसी स्पष्ट कारण के थकान, कमजोरी और चक्कर आना
  • पैरों या उंगलियों पर घाव होना, जो लंबे समय तक ठीक न हो

हाथ-पैर ठंडे रहने पर कौन-से टेस्ट कराए जा सकते हैं?

Dr. Vineeta Singh Tandon कहती हैं कि अगर किसी मरीज को यह परेशानी लगातार रहती है, तो उसके लक्षणों को चेक किया जाता है और फिर मरीज के लक्षणों के आधार पर ये टेस्ट कराए जा सकते हैं, ताकि बीमारी का पता चल सके।

  • CBC टेस्ट के जरिए मरीज के शरीर में हीमोग्लोबिन और रेड ब्लड सेल्स की स्थिति को जाना जाता है।
  • थायराइड टेस्ट में चेक किया जाता है कि मरीज को थायराइड की समस्या तो नहीं है।
  • ब्लड शुगर की कंडीशन जानने के लिए डायबिटीज का टेस्ट कराने की सलाह दी जा सकती है।
  • पैरों में खून का फ्लो देखने के लिए एंकल ब्रेकियल इंडेक्स (ABI) या डॉप्लर अल्ट्रासाउंड कराया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- बार-बार पैर सुन्न क्यों पड़ते हैं? डॉक्टर से जानें

सर्दियों में हाथ-पैर गर्म रखने के तरीके

Dr. Vineeta Singh Tandon कहती है कि सर्दियों में हाथ-पैर गर्म करने के ये तरीके अपनाए जा सकते हैं। 

  • ठंड में हाथों और पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें। बहुत टाइट मोजे या जूते पहनने से बचना चाहिए।
  • रोजाना टहलना, हल्की स्ट्रेचिंग और पैरों को हिलाते-डुलाते रहने से ब्लड फ्लो बेहतर बना रहता है।
  • बहुत ठंडी जगह से अचानक गर्म जगह में जाने से कुछ लोगों में रेनॉड्स के लक्षण बढ़ सकते हैं। इसलिए एकदम से ठंडे से गर्म में न जाएं।
  • सर्दियों में खाने में आयरन, विटामिन B12 और अन्य जरूरी न्यूट्रिएंट्स लें।
  • सिगरेट में मौजूद निकोटीन से ब्लड वेसल्स सिकुड़ सकते हैं और इससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है। इसलिए सिगरेट या तंबाकू छोड़ देना चाहिए।
  • अगर थायराइड या डायबिटीज है, तो डॉक्टर से रेगुलर चेक कराएं और नियमित दवा लेते रहें।

निष्कर्ष

सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहना शरीर की नॉर्मल है, लेकिन लगातार ऐसी स्थिति बने रहने का कारण बीमारियां होने का संकेत हो सकता है। अगर गर्म कपड़े पहनने के बावजूद हाथ-पैर ठंडे रहते हैं और इसके साथ दर्द, सुन्नपन और उंगलियों के रंग में बदलाव होता है, तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • क्या विटामिन B12 की कमी से भी सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे और सुन्न महसूस होते हैं?

    विटामिन B12 की कमी होने पर हाथ-पैरों की नसें कमजोर पड़ सकती हैं, जिससे पैर बर्फ जैसे ठंडे लगने के साथ-साथ उनमें झुनझुनी या सुई चुभने जैसा एहसास होता है।
  • बहुत ज्यादा ठंडे हाथ-पैरों को सीधे हीटर, आग या तेज गर्म पानी में सेंकना क्यों खतरनाक है?

    जब जमे हुए ठंडे हाथ-पैरों को अचानक तेज गर्मी के संपर्क में लाया जाता है, तो सिकुड़ी हुई ब्लड वेसल्स तेजी से फैलती हैं और उनमें से तरल रिसने लगता है। इससे उंगलियों में बिवाई या चिलबैल्स हो सकते हैं। 

Read Next

बार-बार जम्हाई आना हो सकता है इन 5 समस्याओं का संकेत

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 25, 2026 16:48 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Vineeta Singh Tandon