आज के समय में भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल और अपने खान-पान पर ध्यान न देने के कारण बहुत से लोग कई पोषक तत्वों की कमी से परेशान रहते हैं, जिनमें जिंक भी एक है। जिंक की कमी के कारण व्यक्ति की स्किन और बालों पर असर पड़ सकता है। इसके कारण व्यक्ति को इनसे जुड़ी कई समस्याएं होती हैं। आइए इस बारे में Dr. Shireen Furtado, Sr. Consultant - Medical & Cosmetic Dermatology, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
जिंक बालों और स्किन के लिए कैसे फायदेमंद है?
Dr. Shireen Furtado के अनुसार, जिंक एक जरूरी मिनरल है, जो स्वस्थ त्वचा, बालों और नाखूनों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। यह सेल्स के विकास और रिपेयर करने, घाव भरने, इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने और हेयर फॉलिकल्स (बालों की जड़ों) के सामान्य कामकाज में मदद करता है। जब शरीर को पर्याप्त मात्रा में जिंक नहीं मिलता या शरीर इसे ठीक से सोख नहीं पाता, तो बालों और त्वचा में कई बदलाव नजर आ सकते हैं।
जिंक की कमी का बालों पर असर
Dr. Shireen के अनुसार, जिंक की कमी के आम लक्षणों में से एक है बालों का ज्यादा झड़ना या बालों का पतला होना। जिंक सेल्स की नेचुरल ग्रोथ और उनको रिपेयर करने में मदद करता है, जिसमें बालों की ग्रोथ साइकिल (हेयर ग्रोथ साइकिल) से जुड़े सेल्स भी शामिल हैं। जब शरीर में जिंक की मात्रा कम होती है, तो यह प्रक्रिया बाधित हो सकती है, जिससे बाल बहुत ज्यादा झड़ सकते हैं।
हालांकि, बालों का झड़ना आयरन की कमी, थायराइड की समस्या, हार्मोनल बदलाव, स्ट्रेस और अन्य पोषक तत्वों की कमी के कारण भी हो सकता है। इसलिए, सिर्फ बालों के झड़ने से यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि शरीर में जिंक की कमी है।
इसे भी पढ़ें: ब्रेन हेल्थ के लिए सुपरफूड क्यों कहलाता है जिंक? न्यूट्रिशनिस्ट और स्टडी से समझें कनेक्शन
साल 2025 में Healthcare में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, बालों के विकास और उनकी जड़ों (फॉलिकल्स) को स्वस्थ रखने के लिए जिंक एक जरूरी पोषक तत्व है। एक अध्ययन के मुताबिक, बाल झड़ने की समस्या से पीड़ित लोगों में जिंक का स्तर स्वस्थ लोगों की तुलना में थोड़ा कम देखा गया।
how zinc deficiency negatively impacts skin and hair 1
जिंक की कमी का त्वचा पर असर
Dr. Shireen का कहना है, जिंक त्वचा को नया बनाने, टिश्यू को रिपेयर करने और त्वचा की सुरक्षात्मक परत (स्किन बैरियर) को बनाए रखने में मदद करता है। इसकी कमी से त्वचा रूखी, खुरदरी या पपड़ीदार हो सकती है और त्वचा पर लालिमा या सूजन आ सकती है। गंभीर मामलों में, खासकर मुंह, हाथों, पैरों और शरीर के अन्य खुले हिस्सों के आस-पास रैशेज या घाव (skin lesions) हो सकते हैं।
जिंक की कमी से घाव भरने में भी देरी हो सकती है यानी कटने या त्वचा पर लगी अन्य चोटों को ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है। कुछ लोगों को स्किन इंफेक्शन होने का खतरा भी बढ़ सकता है, क्योंकि शरीर के इम्यून सिस्टम (रोग प्रतिरोधक क्षमता) के सही ढंग से काम करने के लिए जिंक जरूरी है।
साल 2023 में Frontiers In Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, जिंक त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए एक बेहद जरूरी पोषक तत्व है। मस्से, मुंहासे, एक्जिमा, सोरायसिस और बालों के झड़ने जैसी कई त्वचा से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोगों में जिंक का स्तर कम पाया गया है, जो यह बताता है कि त्वचा रोगों के इलाज में जिंक की बड़ी भूमिका हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: स्किन इंफेक्शन होने पर डॉक्टर जिंक क्यों देते हैं? समझें दोनों का कनेक्शन
जिंक की कमी का किन्हें खतरा रहता है?
Dr. Shireen का कहना है, जो लोग बहुत सीमित डाइट लेते हैं, जिन्हें पर्याप्त पोषण नहीं मिलता है या जिन्हें पाचन संबंधी कोई समस्या है (जिससे शरीर पोषक तत्वों को ठीक से सोख नहीं पाता), उनमें जिंक की कमी होने का खतरा ज्यादा होता है। बुजुर्गों और ऐसे लोगों को, जिन्हें ज्यादा पोषण की जरूरत होती है, अपने खान-पान पर खास ध्यान देने की जरूरत हो सकती है।
जिंक की कमी को दूर करने के लिए क्या खाएं?
Dr. Shireen बताती हैं, जिंक मांस, अंडे, डेयरी प्रोडक्ट्स, दालों, नट्स, बीजों और साबुत अनाज जैसे फूड्स से मिलता है। चूंकि शरीर खुद जिंक नहीं बना सकता और न ही इसे बड़ी मात्रा में जमा करके रख सकता है, इसलिए रोजाना के खाने में इसे शामिल करना जरूरी है।
डॉक्टर से सलाह कब लेनी चाहिए?
Dr. Shireen के अनुसार, अगर बाल लगातार झड़ रहे हैं, त्वचा में कोई ऐसा बदलाव दिख रहा है जिसका कारण समझ नहीं आ रहा या घाव बहुत धीरे-धीरे भर रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इन लक्षणों के कई कारण हो सकते हैं और एक डॉक्टर यह पता लगा सकता है कि क्या इसके लिए जिंक की कमी जिम्मेदार है या कोई अन्य समस्या।
ध्यान रहे, बिना डॉक्टरी सलाह के जिंक सप्लीमेंट की अधिक खुराक नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि इसके ज्यादा सेवन से शरीर में कॉपर के अवशोषण (absorption) में बाधा आ सकती है और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
निष्कर्ष
जिंक हेल्दी स्किन, बालों और नाखूनों के लिए एक बहुत जरूरी मिनरल है। शरीर में जिंक की कमी होने से बाल तेजी से झड़ने और पतले होने लगते हैं, जबकि स्किन ड्राई, पपड़ीदार और बेजान हो जाती है। इसकी कमी से घाव भरने में देरी और स्किन इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है।
सीमित डाइट या पाचन समस्याओं वाले लोगों में इसकी कमी का खतरा ज्यादा होता है। ऐसे में इसकी कमी को दूर करने के लिए रोज की डाइट में मांस, अंडे, दालें, नट्स और बीजों को शामिल करें। हालांकि, लगातार लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें और बिना सलाह के जिंक सप्लीमेंट्स न लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
जिंक की कमी के क्या लक्षण हैं?
शरीर में जिंक की कमी होने पर व्यक्ति को बालों के झड़ने, स्किन से जुड़ी समस्याएं होने, घाव भरने में देरी होने, बार-बार बीमार पड़ने, ज्यादा भूख लगने, बच्चों की ग्रोथ के रुकने, नाखूनों के खराब होने और चिड़चिड़ा होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।जिंक की कमी को दूर करने के लिए क्या खाएं?
जिंक की कमी को दूर करने के लिए ड्राई फ्रूट्स, सीड्स, दालें, फलियों, डेयरी प्रोडक्ट्स, साबुत अनाज और अंडों को डाइट में शामिल किया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 05, 2026 16:06 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Shireen Furtado
