मेनोपॉज महिलाओं के जीवन का एक प्राकृतिक पड़ाव है, जिसमें पीरियड्स हमेशा के लिए बंद हो जाते हैं और गर्भधारण करने की प्राकृतिक क्षमता खत्म हो जाती है। ऐसा उम्र बढ़ने के साथ ओवरीज की गतिविधि कम होने और एस्ट्रोजन एवं प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का स्तर घटने के कारण होता है। मेनोपॉज अचानक नहीं होता, बल्कि शरीर धीरे-धीरे इस बदलाव से गुजरता है। इसी वजह से इसे तीन चरणों में बांटा गया है। पेरिमेनोपॉज, मेनोपॉज और पोस्टमेनोपॉज। आइए इन 3 स्टेज को विस्तार से समझते हैं। बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Vidya Tickoo, Consultant Endocrinologist & Diabetologist At Yashoda Hospitals, Hitech City, Hyderabad से बात की।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक,
मेनोपॉज का मुख्य कारण अंडाशय (ओवरी) की कार्यक्षमता कम होना है। उम्र बढ़ने के साथ ओवरी में मौजूद अंडों की संख्या कम होने लगती है। इससे एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर भी घटने लगता है और धीरे-धीरे पीरियड्स बंद हो जाते हैं। मेनोपॉज की प्रक्रिया अचानक नहीं होती। इसकी शुरुआत आमतौर पर पीरियड्स के अनियमित होने से होती है। इस दौरान हार्मोन में बदलाव के कारण शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
मेनोपॉज की प्रक्रिया: क्या यह अचानक होता है?
| पेरिमेनोपॉज | पीरियड्स अनियमित होने लगते हैं और हार्मोन में उतार-चढ़ाव होता है। |
| मेनोपॉज | लगातार 12 महीने तक पीरियड्स नहीं आते। |
| पोस्टमेनोपॉज | पीरियड्स बंद होने के बाद की स्टेज। |
महिलाओं में मेनोपॉज एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसमें धीरे-धीरे पीरियड्स बंद होने लगते हैं। यह बदलाव अचानक नहीं होता, बल्कि तीन स्टेज में पूरा होता है। इन तीनों स्टेज को पेरिमेनोपॉज, मेनोपॉज और पोस्टमेनोपॉज कहा जाता है।
1. पेरिमेनोपॉज: मेनोपॉज का पहला चरण
menopause-stages-in-hindi
यह मेनोपॉज की शुरुआत से पहले का समय होता है। इस दौरान महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का लेवल घटने-बढ़ने लगता है। आमतौर पर यह चरण 40 की उम्र के आस-पास शुरू हो सकता है और कई साल तक रह सकता है। Mayo Clinic के मुताबिक, कुछ महिलाओं को 1 से 2 साल तक पेरिमेनोपॉज के लक्षण महसूस होते हैं, जबकि कुछ महिलाओं में मेनोपॉज आने से पहले लगभग 10 साल तक यह चरण रह सकता है। आमतौर पर पेरिमेनोपॉज 4 से 8 साल तक रहता है।
लक्षण:
- पीरियड्स का अनियमित होना।
- कभी कम और कभी ज्यादा ब्लीडिंग होना।
- अचानक शरीर में गर्मी महसूस होना (हॉट फ्लैशेज)
- अनिद्रा
- मूड स्विंग्स और चिड़चिड़ापन
- यौन इच्छा में बदलाव
यह भी पढ़ें- मेनोपॉज के दौरान शरीर में होने वाले बदलावों से कैसे निपटें? जानें डॉक्टर से
2. पीरियड्स पूरी तरह बंद होने की स्टेज है मेनोपॉज
जब किसी महिला को लगातार 12 महीने तक पीरियड्स नहीं आते, तो उसे मेनोपॉज कहा जाता है। आमतौर पर मेनोपॉज, 45 से 55 साल की उम्र के बीच होता है।
मेनोपॉज के लक्षण:
- लगातार 12 महीने तक पीरियड्स न आना
- हॉट फ्लैशेज यानी अचानक गर्मी लगना
- रात में बहुत ज्यादा पसीना आना
- नींद और एकाग्रता में परेशानी।
- मूड में बदलाव और बेचैनी।
ध्यान दें कि मेनोपॉज की पुष्टि 12 महीने तक पीरियड्स न आने के आधार पर की जाती है। इस दौरान होने वाले सभी लक्षण हर महिला में एक जैसे नहीं होते।
यह भी पढ़ें- क्या लेट 30s में मेनोपॉज होना नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें क्या है सच
3. पोस्टमेनोपॉज: मेनोपॉज के बाद शरीर में होने वाले बदलाव
पीरियड्स बंद होने के 12 महीने बाद से पोस्टमेनोपॉज का चरण शुरू होता है। इस दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होता है, जिससे हड्डियों और हार्ट की सेहत पर असर पड़ सकता है। Dr. Vidya Tickoo ने बताया कि इस स्टेज में नियमित रूप से हेल्थ चेकअप कराना, डॉक्टर की सलाह के अनुसार कैल्शियम और विटामिन D लेना, वजन उठाने वाली एक्सरसाइज और संतुलित डाइट लेना जरूरी है।
लक्षण:
- योनि में सूखापन बना रहना
- सेक्स के दौरान दर्द होना
- पेशाब रोकने में परेशानी होना
- ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ना
- त्वचा में रूखापन बढ़ना
मेनोपॉज के बाद शरीर में होने वाले बदलाव
हड्डियां कमजोर होने लगती हैं
एस्ट्रोजन हार्मोन हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। मेनोपॉज के बाद इसका लेवल कम होने से बोन डेंसिटी तेजी से घट सकती है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है।
हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ सकता है
एस्ट्रोजन का स्तर कम होने से कोलेस्ट्रॉल और बीपी पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे समय के साथ हार्ट डिजीज का जोखिम बढ़ सकता है।
त्वचा ड्राई होने लगती है
एस्ट्रोजन त्वचा में कोलेजन और नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसकी कमी से त्वचा का लचीलापन कम हो सकता है और झुर्रियां अधिक दिखाई देने लगती हैं।
बाल पतले और कमजोर हो सकते हैं
हार्मोनल बदलाव के कारण कुछ महिलाओं को बाल झड़ने और हेयर थिनिंग की समस्या भी होती है।
वजन बढ़ सकता है
मेनोपॉज के बाद शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो सकता है। इसके कारण पेट और कमर के आसपास फैट जमा होने की संभावना बढ़ जाती है।
मेनोपॉज के दौरान जीवनशैली में क्या बदलाव करें?
- विटामिन D शरीर में कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। इसके लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार धूप लें और जरूरत पड़ने पर विटामिन D सप्लीमेंट का सेवन करें।
- डाइट में दूध, दही, पनीर, रागी, तिल और हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करें।
- रोजाना 30 मिनट वॉकिंग, योग, साइकिलिंग या हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें। इससे वजन कंट्रोल करने, हड्डियों को मजबूत रखने और हार्ट हेल्थ को सुधारने में मदद मिलती है।
- रात में पसीना आने और हॉट फ्लैशेज के कारण नींद प्रभावित हो सकती है। रोजाना एक निश्चित समय पर सोएं और सोने से पहले मोबाइल या टीवी का इस्तेमाल कम करें।
- हार्मोनल बदलाव के कारण चिड़चिड़ापन, बेचैनी और मूड स्विंग्स हो सकते हैं। रोजाना कुछ समय योग, मेडिटेशन और डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
- पीरियड्स के दौरान बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होने पर।
- लगातार 12 महीने तक पीरियड्स बंद रहने के बाद दोबारा ब्लीडिंग होने पर।
- मेनोपॉज के लक्षणों के कारण रोजमर्रा के काम करने में परेशानी होने पर।
निष्कर्ष:
मेनोपॉज की तीनों स्टेज में शरीर में अलग-अलग बदलाव देखने को मिलते हैं। पेरिमेनोपॉज में पीरियड्स अनियमित होने और हार्मोन के स्तर में उतार-चढ़ाव से लक्षण शुरू होते हैं। मेनोपॉज में लगातार 12 महीने तक पीरियड्स बंद हो जाते हैं, जबकि पोस्टमेनोपॉज में एस्ट्रोजन का स्तर कम रहने से हड्डियों, हार्ट, त्वचा और यूरिनरी हेल्थ पर असर पड़ सकता है। इन तीनों चरणों के अंतर और लक्षणों को समझना महिलाओं के लिए जरूरी है, ताकि वे समय रहते अपने शरीर में हो रहे बदलावों को पहचान सकें।
image credit: magnific
FAQ
मेनोपॉज के दौरान अचानक गर्मी क्यों लगती है?
मेनोपॉज के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल कम होने से शरीर का तापमान कंट्रोल करने वाली प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके कारण अचानक चेहरे, गर्दन और छाती में गर्मी महसूस होती है। इसे हॉट फ्लैश कहते हैं।मेनोपॉज के दौरान किन बीमारियों का खतरा बढ़ता है?
मेनोपॉज के बाद महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस और हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, मेटाबॉलिक बदलावों के कारण टाइप 2 डायबिटीज का खतरा भी हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
