Thu Nov 12, 2026 | 12:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Lavanya Kiran , Gynaecologogist & Fertility Exper

प्रेग्नेंसी में छठ व्रत रख सकते हैं या नहीं? डॉक्टर से जानें मां और बच्चे पर क्या पड़ सकता है असर

प्रेग्नेंसी में 36 घंटे तक बिना पानी और भोजन के रहना मां और बच्चे की सेहत को प्रभावित कर सकता है। डॉक्टर से जानें प्रेग्नेंसी में छठ का व्रत रखना कितना सुरक्षित है और किन जोखिमों का ध्यान रखना चाहिए।
प्रेग्नेंसी में छठ व्रत रख सकते हैं या नहीं? डॉक्टर से जानें मां और बच्चे पर क्या पड़ सकता है असरप्रेग्नेंसी में छठ व्रत रख सकते हैं या नहीं? डॉक्टर से जानें मां और बच्चे पर क्या पड़ सकता है असर

छठ पूजा का त्योहार आते ही घरों में इसकी तैयारियां शुरू हो जाती हैं। महिलाएं पूरे श्रद्धाभाव से छठी मैया की पूजा करती हैं और संतान की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए 36 घंटे का निर्जला व्रत (Chhath Puja Nirjala Vrat) रखती हैं लेकिन अगर कोई महिला प्रेग्नेंट है, तो उसके मन में एक सवाल जरूर आता है कि क्या गर्भावस्था में छठ का व्रत रखना चाहिए? क्या छठ पूजा में 36 घंटे तक बिना कुछ खाए-पिए रहने यानी निर्जला व्रत रखने से गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत पर असर पड़ सकता है? KIMS अस्पताल, इलेक्ट्रॉनिक सिटी, बेंगलुरु के प्रसूति, स्त्री रोग विभाग की निदेशक और कंसल्टेंट, डॉ. लावण्या किरण के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं के शरीर को पहले से ज्यादा पोषण, एनर्जी और पानी की जरूरत होती है। ऐसे में लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहना यानी छठ का निर्जला व्रत (Chhath Nirjala Vrat) रखना केवल मां के लिए ही नहीं, बल्कि गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए भी परेशानी का कारण बन सकता है।

प्रेग्नेंसी में छठ का निर्जला व्रत रख सकते हैं या नहीं?

डॉ. लावण्या किरण के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को छठ पर्व 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने से बचना चाहिए। प्रेग्नेंसी में मां के शरीर को अपने साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की जरूरतों को भी पूरा करना होता है। इसके लिए नियमित रूप से भोजन और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। लंबे समय तक कुछ न खाने और पानी न पीने से शरीर में पोषक तत्वों और लिक्विड की कमी हो सकती है।

खासकर प्रेग्नेंसी के शुरुआती तीन महीनों और आखिरी तीन महीनों में इस तरह का व्रत रखना ज्यादा परेशानी पैदा कर सकता है। इस दौरान शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं और बच्चे का विकास भी तेजी से होता है। इसलिए प्रेग्नेंट महिलाओं को अपनी और बच्चे की सेहत को प्राथमिकता देनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: Chhath Puja 2026: क्या आपको भी हैं ये बीमारियां? निर्जला व्रत रखने से पहले डॉक्टर की ये सलाह जरूर पढ़ें

प्रेग्नेंसी में निर्जला व्रत रखने से मां को क्या नुकसान हो सकते हैं?

  • प्रेग्नेंसी में लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहने से महिला को डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसके कारण चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी, थकान और मुंह सूखने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • कुछ महिलाओं को ब्लड प्रेशर कम होने और बेहोशी आने का खतरा भी हो सकता है।
  • इसके अलावा, लंबे समय तक भोजन न करने से ब्लड शुगर का लेवल कम हो सकता है। जिन महिलाओं को पहले से डायबिटीज, एनीमिया या लो ब्लड प्रेशर की समस्या है, उनके लिए यह स्थिति ज्यादा जोखिम भरी हो सकती है।
  • प्रेग्नेंसी में उल्टी और मतली की समस्या होने पर निर्जला व्रत रखने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी का खतरा भी बढ़ सकता है।

साल 2019 में American Society for Nutrition में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान एनर्जी की कमी या उपवास रखना समय से पहले प्रसव (preterm birth) के जोखिम को बढ़ा सकता है। रिसर्च से पता चलता है कि विशेष रूप से दूसरी तिमाही (विशेषकर 22 से 27 सप्ताह के बीच) में रमजान का उपवास रखने से बहुत समय से पहले जन्म (very preterm birth) होने का खतरा 35% तक बढ़ जाता है, जबकि पहली तिमाही में उपवास का कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं देखा गया। चूंकि दूसरी तिमाही में शरीर को अतिरिक्त कैलोरी की जरूरत होती है, इसलिए डॉक्टरों की सलाह है कि प्रेग्नेंट महिलाओं को इस नाजुक दौर में उपवास रखने से बचना चाहिए ताकि बच्चे और मां की सेहत सुरक्षित रह सके।

chhath puja during pregnancychhath puja during pregnancy

क्या छठ व्रत का असर गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी पड़ता है?

  • डॉ. लावण्या किरण बताती हैं कि प्रग्नेंसी में मां की सेहत का सीधा संबंध बच्चे के विकास से होता है। मां के शरीर में पानी और जरूरी पोषक तत्वों की कमी होने पर गर्भ में पल रहे बच्चे को भी परेशानी हो सकती है।
  • डिहाइड्रेशन की स्थिति में मां की तबीयत बिगड़ सकती है और गंभीर मामलों में प्रेग्नेंसी से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
  • इसके अलावा, अगर महिला लंबे समय तक पर्याप्त भोजन नहीं करती है, तो उसे जरूरी एनर्जी और पोषण नहीं मिल पाता।
  • प्रेग्नेंसी में लगातार पोषण की कमी बच्चे के विकास को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, एक बार व्रत रखने से बच्चे को नुकसान होगा ही, ऐसा नहीं है।
  • इसका जोखिम महिला की सेहत, प्रेग्नेंसी की स्टेज और पहले से मौजूद बीमारियों पर निर्भर करता है।

किन प्रेग्नेंट महिलाओं को व्रत रखने से पूरी तरह बचना चाहिए?

डॉ. लावण्या किरण सलाह देती हैं कि जिन महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी है, उन्हें निर्जला व्रत बिल्कुल नहीं रखना चाहिए। इसके अलावा, प्रेग्नेंसी में डायबिटीज, हाई या लो ब्लड प्रेशर, एनीमिया, किडनी से जुड़ी समस्या या बार-बार उल्टी होने वाली महिलाओं को भी लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहने से बचना चाहिए।

अगर किसी महिला को पहले गर्भपात, समय से पहले डिलीवरी या प्रेग्नेंसी से जुड़ी अन्य जटिलताएं रही हैं, तो उन्हें भी खास सावधानी बरतनी चाहिए। व्रत के दौरान चक्कर आना, पेट में दर्द, ब्लीडिंग, बहुत ज्यादा कमजोरी या बच्चे की हलचल कम महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: निर्जला व्रत के बाद आपको भी होती है पेशाब में जलन और UTI? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव टिप्स

निष्कर्ष

छठ पूजा आस्था और विश्वास का पर्व है, लेकिन प्रेग्नेंसी में मां और बच्चे की सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है। 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए सुरक्षित विकल्प नहीं माना जाता। इसलिए प्रेग्नेंसी में व्रत के कठिन नियमों का पालन करने के बजाय पूजा में अपनी सुविधानुसार शामिल होना बेहतर है। महिलाएं बिना निर्जला व्रत रखे भी छठ पूजा कर सकती हैं। किसी भी तरह का उपवास रखने से पहले अपनी गायनेकोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या प्रेग्नेंसी में छठ का प्रसाद खाना सुरक्षित है?

    हां, अच्छी तरह साफ-सफाई से तैयार किया गया प्रसाद प्रेग्नेंट महिलाएं खा सकती हैं। ध्यान रखें कि फल और अन्य फूड्स ताजे हों।
  • क्या प्रेग्नेंसी में छठ घाट पर जाना सुरक्षित है?

    प्रेग्नेंट महिलाएं छठ घाट पर जा सकती हैं, लेकिन ज्यादा भीड़, फिसलन, धुएं और लंबे समय तक खड़े रहने से बचना चाहिए।
  • क्या प्रेग्नेंसी में रातभर जागना ठीक है?

    प्रेग्नेंट महिलाओं को पर्याप्त नींद और आराम की जरूरत होती है। इसलिए पूजा के दौरान रातभर जागने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे थकान और कमजोरी बढ़ सकती है।

Read Next

→ PCOS में दूध-दही बंद करना चाहिए या नहीं? जानें क्या कहते हैं डॉक्टर

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 12, 2026 11:14 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Lavanya Kiran