छठ पूजा में 36 घंटे का निर्जला व्रत रखना सबसे कठिन धार्मिक परंपराओं में से एक माना जाता है। इस दौरान व्रती न तो कुछ खाते हैं और न ही पानी पीते हैं। छठी मैया और सूर्य देव की उपासना के लिए महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी पूरी श्रद्धा के साथ यह व्रत रखते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि लगातार 36 घंटे तक भूखे-प्यासे रहना हर किसी की सेहत के लिए सुरक्षित नहीं है? KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, लंबे समय तक पानी नहीं पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन हो सकता है। इससे ब्लड प्रेशर कम होने, चक्कर आने, कमजोरी और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बिगड़ने का खतरा रहता है। खासकर जिन लोगों को पहले से कोई बीमारी है, उनके लिए यह परेशानी ज्यादा गंभीर हो सकती है।
छठ का 36 घंटे का निर्जला व्रत किन लोगों को नहीं रखना चाहिए?
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, लगातार 36 घंटे तक बिना पानी और भोजन के रहने से शरीर में पानी और एनर्जी की कमी हो सकती है। शरीर में पानी की कमी होने से ब्लड प्रेशर और किडनी के कामकाज पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए निर्जला व्रत रखने से पहले अपनी सेहत का ध्यान रखना जरूरी है।
1. डायबिटीज के मरीजों को नहीं रखना चाहिए निर्जला व्रत
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज सलाह देते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को छठ पूजा के दौरान 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने से बचना चाहिए। लंबे समय तक भोजन नहीं करने से ब्लड शुगर का लेवल कम हो सकता है, जिसे हाइपोग्लाइसीमिया कहते हैं। वहीं, कुछ मरीजों में ब्लड शुगर बढ़ने और डिहाइड्रेशन का खतरा भी हो सकता है।
खासतौर पर इंसुलिन या ब्लड शुगर कम करने वाली दवाएं लेने वाले लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। व्रत के दौरान दवाओं और खाने के समय में बदलाव करने से ब्लड शुगर अनियंत्रित हो सकता है। इसलिए डायबिटीज के मरीज डॉक्टर की सलाह के बिना निर्जला व्रत न रखें।
2. किडनी और दिल के मरीज न रखें निर्जला व्रत
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज बताते हैं कि किडनी का काम शरीर से विषैले पदार्थों और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालना होता है। लंबे समय तक पानी नहीं पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन हो सकता है, जिससे किडनी तक ब्लड का फ्लो कम हो सकता है। पहले से किडनी की बीमारी से परेशान लोगों में इससे किडनी का फंक्शन प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है।
इसी तरह, हार्ट के मरीजों को भी निर्जला व्रत रखने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने से ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन प्रभावित हो सकती है। खासकर हार्ट फेलियर या अन्य गंभीर हार्ट डिजीज से परेशान लोगों के लिए यह जोखिम भरा हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: निर्जला व्रत के बाद शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस कैसे बनाए रखें? जानें व्रत खोलने का सही तरीका
3. हाई और लो ब्लड प्रेशर के मरीज न रखें निर्जला व्रत
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, जिन लोगों को हाई या लो ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें भी 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने से बचना चाहिए या डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही निर्णय लेना चाहिए। वहीं, ब्लड प्रेशर की दवाएं लेने वाले लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है। कुछ दवाएं शरीर में पानी की कमी और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन का जोखिम बढ़ा सकती हैं। इसलिए व्रत के दौरान अपनी मर्जी से दवाएं बंद करना या उनकी खुराक बदलना सही नहीं है।
4. प्रेग्नेंट और स्तनपान कराने वाली महिलाएं न रखें निर्जला व्रत
प्रेग्नेंसी के दौरान महिला के शरीर को पर्याप्त पानी और पोषण की जरूरत होती है। ऐसे में 36 घंटे तक बिना पानी और भोजन के रहने से डिहाइड्रेशन, कमजोरी और चक्कर आने की समस्या हो सकती है। इसका असर मां और गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत पर पड़ सकता है। वहीं, स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी पर्याप्त मात्रा में पानी और पोषक तत्वों की जरूरत होती है। निर्जला व्रत रखने से उनकी सेहत और दूध बनने की प्रोसेस प्रभावित हो सकती है। इसलिए प्रेग्नेंट और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को निर्जला व्रत रखने से बचना चाहिए।
Chhath Puja
निर्जला व्रत के दौरान इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, अगर व्रत के दौरान तेज चक्कर आना, बेहोशी, बहुत ज्यादा कमजोरी, दिल की धड़कन तेज होना, कंफ्यूजन की स्थिति, पेशाब बहुत कम होना या ज्यादा प्यास लगना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इन्हें नजरअंदाज न करें। ये डिहाइड्रेशन या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्या के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में व्रत जारी रखने के बजाय तुरंत मेडिकल हेल्प लें।
इसे भी पढ़ें: व्रत में खड़े होते ही आने लगते हैं चक्कर? इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
साल 2019 में Indian Journal of Medical Biochemistry में प्रकाशित केस रिपोर्ट के अनुसार, गिल्बर्ट सिंड्रोम (Gilbert’s syndrome) एक आनुवंशिक स्थिति है, जो आमतौर पर लंबी अवधि के उपवास, बीमारी या ज्यादा मेहनत के कारण सामने आती है। भारत में, विशेषकर बिहार में छठ पूजा जैसे पारंपरिक और लंबे उपवासों के दौरान, यह स्थिति लोगों में अनकंजुगेटेड हाइपरबिलीरुबिनेमिया (खून में बिलीरुबिनेमिया का बढ़ना) को ट्रिगर कर सकती है। हालांकि इस बीमारी का निदान और पूर्वानुमान बहुत अच्छा है और इसके लिए किसी खास इलाज की जरूरत नहीं होती है।
निष्कर्ष
छठ पूजा आस्था, श्रद्धा का पर्व है। हालांकि, 36 घंटे का निर्जला व्रत हर व्यक्ति की सेहत के लिए सुरक्षित नहीं होता। डायबिटीज, किडनी, हार्ट और ब्लड प्रेशर के मरीजों के साथ प्रेग्नेंट महिलाओं, स्तनपान कराने वाली महिलाओं और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। डॉक्टर एस. एम. फयाज के अनुसार, किसी भी बीमारी से परेशान व्यक्ति को निर्जला व्रत रखने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। धार्मिक आस्था के साथ अपनी सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। जरूरत पड़ने पर व्रत के नियमों में बदलाव करना या निर्जला व्रत न रखना ही समझदारी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या छठ पूजा में पुरुष भी 36 घंटे का निर्जला व्रत रख सकते हैं?
हां, पुरुष भी छठ पूजा का निर्जला व्रत रख सकते हैं। हालांकि, व्रत रखने से पहले उन्हें अपनी शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए।क्या निर्जला व्रत रखने से यूरिक एसिड बढ़ सकता है?
पानी की कमी से किडनी के जरिए यूरिक एसिड बाहर निकलने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे कुछ लोगों में यूरिक एसिड का लेवल बढ़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 11, 2026 16:04 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz
