ठंड में प्यास नहीं लगती तो क्या करना चाहिए? डॉक्टर से जानें डिहाइड्रेशन से बचने के उपाय

सर्दियों में अक्सर लोगों को कम प्यास लगती है, जिसके कारण वे कम पानी पीते हैं। ऐसे में सर्दियों में कई लोगों को शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस समस्या से बचने के लिए अक्सर लोगों को हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करने की सलाह दी जाती है। ऐसे में आइए Dr. Pooja Pillai, Consultant - Internal Medicine, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
सर्दियों में डिहाइड्रेशन के कारण
डॉ. पूजा के अनुसार, आमतौर पर डिहाइड्रेशन को गर्मियों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन सर्दियों में भी लोगों को डिहाइड्रेशन हो सकता है, खासकर तब जब वे सर्दी-जुकाम या फ्लू से पीड़ित हों। जब शरीर किसी इंफेक्शन से लड़ता है, तो बुखार, पसीना आना, नाक बहना और बलगम (म्यूकस) का ज्यादा बनना जैसी समस्याएं शरीर से पानी कम होने का कारण बन सकती हैं।
बुखार आने पर शरीर का तापमान बढ़ जाता है, जिससे ज्यादा पसीना आता है और शरीर से पानी कम हो जाता है। कुछ मामलों में, फ्लू की वजह से उल्टी और दस्त भी हो सकते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा और बढ़ जाता है। बार-बार खांसी आना, नाक बंद होना और मुंह से सांस लेने के कारण गले और मुंह में सूखापन भी हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: ठंड में प्यास कम लगने पर भी हो सकता है डिहाइड्रेशन, इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
Images Credit- Magnific
पानी कम पीना हो सकता है कारण
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, सर्दियों में डिहाइड्रेशन का एक और अहम कारण है पानी कम पीना। सर्दियों में अक्सर लोगों को प्यास कम लगती है, इसलिए वे शरीर की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त पानी नहीं पी पाते हैं। बीमार होने पर थकान, गले में खराश और भूख न लगने जैसे लक्षणों के कारण भी लोग पानी या अन्य लिक्विड कम लेते हैं।
डिहाइड्रेशन के कारण लोगों को सिरदर्द, चक्कर आना, थकान, मुंह सूखना और गहरे रंग का पेशाब आना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे बलगम भी गाढ़ा हो सकता है, जिससे नाक बंद होने की परेशानी और बढ़ जाती है।
इसे भी पढ़ें: क्या भरपूर पानी पीने के बाद भी आपका शरीर डिहाइड्रेट रह सकता है? जानें ऐसा क्यों और कब होता है?
सर्दियों में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, सर्दियों में डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है।
- सर्दियों में प्यास न लगने पर भी नियमित रूप से पानी पीते रहना चाहिए। इससे सर्दियों के मौसम में पानी की कमी और इसके कारण होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है।
- गुनगुना पानी, सूप, शोरबा और अन्य लिक्विड डाइट शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद कर सकते हैं।
- जिन्हें बुखार या फ्लू के लक्षण हैं, उन्हें अपने शरीर में पानी के स्तर (हाइड्रेशन लेवल) पर खास ध्यान देना चाहिए।
- कई बार फिजिकल एक्टिविटी के कारण पानी की कमी होती है। इस दौरान शरीर में पानी की कमी को पूरा करने की कोशिश करनी चाहिए।
- संतरा और खीरे जैसे पानी युक्त फूड्स को डाइट में शामिल करें।
ध्यान रहे, बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है, क्योंकि उनमें डिहाइड्रेशन होने का खतरा ज्यादा हो सकता है। इसके अलावा, ध्यान रहे अगर किसी व्यक्ति को किडनी या स्वास्थ्य से जुड़ी कोई परेशानी है, तो अपनी मर्जी के अनुसार पानी की मात्रा न बढ़ाएं। इससे पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
क्या रहती है स्टडी?
साल 2025 में Nutrients में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, ठंड में प्यास कम लगने, शुष्क हवा में सांस लेने, ठंड के कारण पेशाब अधिक आने या भारी कपड़ों से पसीना निकलने के कारण सर्दियों में डिहाइड्रेशन हो सकता है, जिससे बचने के लिए प्यास लगने से पहले ही हर 15–20 मिनट में थोड़ा-थोड़ा (150–250 मिली) लिक्विड पिएं, ठंडे पानी के बजाय गुनगुनी या गर्म चीजें चुनें, जरूरत के हिसाब से कपड़ों की परतें हटाने-पहनने की सुविधा रखें, काम से पहले-दौरान-बाद में लिक्विड लेते रहें, खाना न छोड़ें क्योंकि इससे लगभग 30% पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स मिलते हैं, बार-बार टॉयलेट जाने से बचने के लिए पानी कम न करें और हल्के पीले रंग के पेशाब से अपने हाइड्रेशन पर नजर रखें।
निष्कर्ष
सर्दियों में सर्दी-जुकाम या फ्लू के दौरान बुखार, पसीना, बलगम, उल्टी-दस्त, मुंह से सांस लेने और प्यास कम लगने से डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। इसके कारण व्यक्ति को सिरदर्द, चक्कर, थकान, मुंह सूखना, गहरा पेशाब और गाढ़ा बलगम जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इस समस्या से बचाव के लिए प्यास न होने पर भी नियमित रूप से गुनगुना पानी, सूप या लिक्विड डाइट लें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
ध्यान रहे, शरीर में पानी की कमी के कारण कोई भी परेशानी महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें, ताकि गंभीर स्थिति से समय रहते बचा जा सके।
FAQ
डिहाइड्रेशन के क्या लक्षण हैं?
शरीर में पानी की कमी होने पर व्यक्ति को तेज प्यास लगने, जीभ सूखने, पेशाब का रंग गहरा पीला होने, थकान, कमजोरी, सिरदर्द, चक्कर आने और दिल की धड़कन के तेज होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।पानी की कमी के क्या कारण हैं?
पर्याप्त पानी न पीने, उल्टी, दस्त, अधिक पसीना आने, बुखार, पेशाब अधिक आने, अधिक कैफीन का सेवन करने और अधिक अल्कोहल का सेवन करने के कारण लोगों को शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 29, 2026 22:14 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Pooja Pillai